अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर
CAG रिपोर्ट ने खोली SECR की पोल! पेयजल व्यवस्था में 16 रेलवे जोन में सबसे नीचे, 93.35 का कमी स्कोर
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्री सबसे पहले क्या तलाशता है? पानी। लेकिन बिलासपुर रेल जोन यानी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) की पेयजल व्यवस्था को लेकर सामने आई CAG रिपोर्ट ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। देश के 16 रेलवे जोन के 512 स्टेशनों के आकलन में पेयजल व्यवस्था के मामले में SECR का प्रदर्शन सबसे खराब पाया गया है।
रिपोर्ट में SECR का कमी स्कोर 93.35 दर्ज किया गया है, जो सभी 16 जोन में सबसे अधिक है। यानी पेयजल व्यवस्था के मामले में SECR 16वें और आखिरी पायदान पर रहा। इसके मुकाबले दक्षिण मध्य रेलवे महज 17.53 के कमी स्कोर के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाला जोन रहा।
यात्री सुविधा का सबसे बुनियादी इंतजाम ही सवालों के घेरे में
रेलवे स्टेशन पर पानी कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि यात्रियों की बुनियादी जरूरत है। गर्मी हो या भीड़भाड़ वाला मौसम, यात्रियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है। ऐसे में CAG के आंकड़ों में SECR का सबसे नीचे रहना व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े करता है।
CAG ने देशभर के 16 रेलवे जोन के 512 स्टेशनों पर पेयजल की उपलब्धता, गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था का आकलन किया। इसमें सामने आई कमियों के बाद अब रेलवे की पानी व्यवस्था को लेकर जवाबदेही और निगरानी बढ़ाने की जरूरत महसूस हो रही है।
न्यूनतम यात्री सुविधाओं में भी 16वें नंबर पर
मामला सिर्फ पानी तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट में न्यूनतम यात्री सुविधाओं के आकलन में भी SECR 16वें स्थान पर रहा। इस श्रेणी में जोन का कमी स्कोर 106.6 दर्ज किया गया है।
हालांकि तस्वीर का दूसरा पहलू भी है। दिव्यांग यात्रियों की सुविधाओं के मामले में SECR ने बेहतर प्रदर्शन किया है और 20.97 के कमी स्कोर के साथ देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। यानी जहां सामान्य यात्री सुविधाओं को लेकर सवाल उठे हैं, वहीं दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं में जोन का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा।
CAG के सवालों के बाद रेलवे का 'एक्शन प्लान'
रिपोर्ट सामने आने के बाद रेलवे ने पेयजल व्यवस्था में सुधार की दिशा में कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे नेटवर्क में करीब 20 हजार स्थानों पर टैंक-टू-टैप जल फिल्ट्रेशन सिस्टम लगाए जाने की योजना है। इसके साथ ही वाटर कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई तथा पानी की गुणवत्ता की लगातार जांच पर जोर दिया जाएगा।
अब निगरानी केवल इस बात तक सीमित नहीं रहेगी कि नल में पानी आ रहा है या नहीं। पानी के स्रोत से लेकर यात्रियों तक पहुंचने वाले आउटलेट तक उसकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट और सुधारात्मक कार्रवाई की बोर्ड स्तर पर निगरानी होगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित स्तर पर जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई है।
अब असली परीक्षा अमल की
CAG की रिपोर्ट ने आंकड़ों के जरिए तस्वीर सामने रख दी है। अब रेलवे के सामने चुनौती है कि कागजों पर बनने वाली योजनाएं स्टेशन के नल और यात्रियों के गिलास तक कितनी पहुंचती हैं।
फिल्ट्रेशन सिस्टम लगाने, टंकियों की सफाई और नियमित पानी जांच के दावों का असर जमीनी स्तर पर कितना दिखाई देता है, यही आने वाले दिनों में SECR की असली परीक्षा होगी। क्योंकि यात्रियों के लिए सवाल सिर्फ पानी मिलने का नहीं, बल्कि साफ, सुरक्षित और भरोसेमंद पानी मिलने का है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
स्टेट हेड रिपोर्टर
बिलासपुर छत्तीसगढ़
20/08/26
Hamar pradesh CG
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!