✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर दूसरे दिन भी मैराथन बैठक का दौर जारी रहा। करीब 11 घंटे तक चली बैठक में संगठन की मजबूती, जिलों में पार्टी की गतिविधियों और सरकार-संगठन के बीच समन्वय समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भाजपा के शीर्ष संगठन नेताओं ने आधा दर्जन से अधिक प्रभारी मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों की जिलेवार समीक्षा की। इस दौरान कुछ जिलों में संगठन और सत्ता के बीच समन्वय की कमी तथा स्थानीय स्तर पर नाराजगी के मुद्दे भी सामने आए। नेतृत्व ने संबंधित नेताओं से स्थिति की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
17 जिलों के प्रभारी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से चर्चा
दो दिवसीय मैराथन बैठक में 17 जिलों की स्थिति को लेकर संबंधित प्रभारी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ अलग-अलग चर्चा की गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, लक्ष्मी रजवाड़े, लखन लाल देवांगन, दयालदास बघेल, गजेंद्र यादव, टंकराम वर्मा और गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
बैठक में संबंधित जिलों में सरकार और संगठन के बीच तालमेल, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठनात्मक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति को लेकर फीडबैक लिया गया।
सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर
भाजपा नेतृत्व ने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने तथा संगठन के कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रिय करने पर भी जोर दिया। जिलों में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए तैयार रहने को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।
कई जिलों में नाराजगी के मुद्दे भी उठे
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान कुछ जिलों में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी तथा आपसी समन्वय की कमी का मुद्दा भी सामने आया। वरिष्ठ नेताओं ने संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए विवादों और मतभेदों को बातचीत के जरिए दूर करने पर जोर दिया।
जिन जिलों में संगठनात्मक स्तर पर खामियां सामने आईं, वहां अनुशासन का पालन करने और सत्ता-संगठन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
करीब 11 घंटे चली यह बैठक छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में लिए गए फैसलों का असर आने वाले दिनों में जिलों की संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार-संगठन के तालमेल में देखने को मिल सकता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!