✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग, 30 अक्टूबर। शादी के इच्छुक युवकों को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सुपेला पुलिस ने सोशल मीडिया पर आकर्षक युवतियों की AI से तैयार तस्वीरें दिखाकर शादी का झांसा देने और पैसे वसूलने वाले 24 वर्षीय आरोपी परमानंद यादव को गिरफ्तार किया है।
AI से बनी तस्वीरों के जरिए बिछाया ठगी का जाल
पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तर गंगोत्री भवन, यूनियन बैंक के पास सुपेला में एक हॉल किराए पर लेकर फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित कर रहा था। वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कल्याण मैट्रिमोनी, एलिट मैच और फ्यूचर पार्टनर के नाम से विज्ञापन पोस्ट करता था। इन विज्ञापनों में AI से बनाई गई काल्पनिक युवतियों की आकर्षक तस्वीरें और फर्जी मोबाइल नंबर दिए जाते थे।
शादी के इच्छुक युवक जब संपर्क करते, तो उनसे बायोडाटा लेकर पसंद की लड़की से रिश्ता करवाने का भरोसा दिलाया जाता था। इसके बाद काउंसलर के नाम पर QR कोड और बैंक खातों के माध्यम से 2,000 रुपये या अन्य रकम वसूली जाती थी। पैसे मिलने के बाद पीड़ितों के मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिए जाते थे।
छापेमारी में चार युवतियां मिलीं
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 29 अक्टूबर को सुपेला पुलिस ने मौके पर दबिश दी। वहां आरोपी के साथ चार युवतियां काम करती मिलीं। पूछताछ में युवतियों ने बताया कि उन्हें 7,000 रुपये मासिक वेतन पर मैरिज काउंसलर के रूप में रखा गया था तथा दो दिन की ट्रेनिंग देकर फोन कॉल करवाए जाते थे।
तीन महीने में देशभर के लोगों को किया फोन
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब तीन महीनों से प्रतिदिन 20 से 50 कॉल कर देश के विभिन्न राज्यों में लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहा था। समन्वय पोर्टल पर आरोपी के बैंक खातों के विरुद्ध पहले से शिकायतें भी दर्ज थीं।
2 लाख 83 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 2,83,600 रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें शामिल हैं—
- नकद राशि : 1,64,000 रुपये।
- 22 कीपैड मोबाइल और 4 एंड्रॉयड मोबाइल : 78,000 रुपये।
- एयरटेल और Vi के 16 सिम कार्ड : 1,600 रुपये।
- कंप्यूटर सेट एवं वाई-फाई उपकरण : 40,000 रुपये।
- बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, फेडरल बैंक, SBI और IDBI की चेकबुक, पासबुक, QR कोड, रजिस्टर एवं फ्लेक्स सामग्री।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
इस मामले में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1630/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 319(2) में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान परमानंद यादव (24 वर्ष), निवासी ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा, हाल निवासी नेहरू नगर ईस्ट, दुर्ग के रूप में हुई है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक खेलन साहू, नमिता टेकाम, मिथलेश साहू एवं संतोष निर्मलकर की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की आम नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले मैरिज ब्यूरो के विज्ञापनों पर बिना जांच भरोसा न करें। AI से बनाई गई तस्वीरों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अग्रिम फीस न दें और अपना आधार नंबर, OTP या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
यदि आपके साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करें।
सावधान रहें, सतर्क रहें और साइबर ठगी से स्वयं को सुरक्षित रखें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!