✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
बस्तर संभाग में 28,244 मीट्रिक टन धान का शॉर्टेज, करीब 89.30 करोड़ रुपये की राशि का मामला
जगदलपुर। बस्तर संभाग में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बाद अब धान के हिसाब-किताब को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। धान के भौतिक सत्यापन और उठाव के बाद करीब 28 हजार 244 मीट्रिक टन धान कम पाया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 89 करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
अब इस कमी की भरपाई की जिम्मेदारी संबंधित समिति प्रबंधकों और खरीदी प्रभारियों पर तय की जा रही है। जिला सहकारी बैंक की ओर से संबंधित समितियों को नोटिस जारी कर राशि जमा करने के लिए करीब तीन महीने का समय दिए जाने की बात सामने आई है। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं होने पर FIR और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है।
382 खरीदी केंद्रों में हुई थी धान खरीदी
जानकारी के अनुसार बस्तर संभाग के सात जिलों के 382 धान खरीदी केंद्रों में करीब 13 लाख 74 हजार मीट्रिक टन धान खरीदा गया था। इसमें से मिलर्स द्वारा करीब 13 लाख 46 हजार मीट्रिक टन धान का उठाव किया जा चुका है। उठाव और भौतिक सत्यापन के बाद करीब 28,244 मीट्रिक टन धान का अंतर सामने आया है।
अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ा सवाल इस शॉर्टेज की वजह और इसकी जिम्मेदारी तय करने का है।
कांकेर में सबसे ज्यादा शॉर्टेज
बताए गए आंकड़ों के मुताबिक धान की कमी सबसे अधिक कांकेर जिले में 13,281 मीट्रिक टन दर्ज की गई है। इसके बाद कोंडागांव में 6,642 मीट्रिक टन, बस्तर में 4,687 मीट्रिक टन, बीजापुर में 2,131 मीट्रिक टन और सुकमा में 1,501 मीट्रिक टन धान का शॉर्टेज बताया गया है।
समिति प्रबंधकों ने उठाए सवाल
समिति प्रबंधकों का कहना है कि समय पर धान का उठाव नहीं होने के कारण कई केंद्रों में लंबे समय तक धान का भंडारण करना पड़ा। उनका तर्क है कि यदि संग्रहण केंद्रों और मिलर्स के स्तर पर शॉर्टेज के लिए निर्धारित छूट का प्रावधान है, तो समितियों को भी परिस्थितियों के अनुसार राहत मिलनी चाहिए।
समितियों की ओर से यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि चावल में सुखत का प्रावधान होने के बावजूद धान खरीदी में ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं है।
फिलहाल करीब 89.30 करोड़ रुपये की वसूली और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। अब आने वाले तीन महीनों में यह स्पष्ट होगा कि संबंधित समितियां राशि जमा करती हैं या फिर मामला FIR और आगे की कानूनी कार्रवाई तक पहुंचता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!