✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
76×76 फीट की विशाल भारत मंडला रंगोली ने मोहा लोगों का मन, कलेक्टर ने वालंटियर्स को किया सम्मानित
महासमुंद, 07 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय विशाल भारत मंडला रंगोली प्रदर्शनी का भव्य समापन हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अधिकारियों, वालंटियर्स एवं छात्र-छात्राओं को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 76×76 फीट की विशाल ‘भारत मंडला’ रंगोली तैयार की गई थी। इसका थीम ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रखा गया। वहीं जिले के सभी विकासखंडों में भी 17×17 फीट की रंगोलियां तैयार कर आम नागरिकों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित की गईं।
प्रदर्शनी को सफल बनाने में विभिन्न महाविद्यालयों की 35 टीमों के प्रभारियों और 160 से अधिक छात्र-छात्राओं ने विशेष योगदान दिया। कार्यक्रम स्थल पर सेवा ज्योति प्रज्ज्वलन का भी समापन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी समां बांधा। शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जबकि शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के विभिन्न शासकीय-अशासकीय महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!