✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक एवं उचित निपटान की दिशा में रायपुर रेल मंडल नई पहल करने जा रहा है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों द्वारा इस्तेमाल की गई खाली प्लास्टिक बोतलों के मौके पर ही निपटान के लिए छह प्लास्टिक बॉटल क्रशर मशीनें लगाई जाएंगी।
रेलवे की इस पहल का उद्देश्य स्टेशन परिसर में बढ़ रहे प्लास्टिक कचरे को कम करना और खाली बोतलों को व्यवस्थित तरीके से रिसाइक्लिंग के लिए भेजना है। योजना की शुरुआत रायपुर रेलवे स्टेशन से की जा रही है।
रोजाना निकलती हैं दो हजार से अधिक प्लास्टिक बोतलें
रेलवे अधिकारियों के अनुसार रायपुर रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 70 हजार यात्री विभिन्न दिशाओं में यात्रा करते हैं। यात्रियों की इतनी बड़ी संख्या के कारण स्टेशन परिसर में हर दिन दो हजार से अधिक खाली प्लास्टिक बोतलें कचरे के रूप में निकलती हैं।
इन बोतलों को बॉटल क्रशर मशीनों के माध्यम से मौके पर ही दबाकर उनका आकार छोटा किया जा सकेगा। इससे कचरे के संग्रहण और परिवहन में सुविधा होगी तथा प्लास्टिक को रिसाइक्लिंग प्रक्रिया में भेजना भी आसान होगा।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल
रेलवे का मानना है कि स्टेशन जैसे अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन बेहद जरूरी है। बॉटल क्रशर मशीनों की स्थापना से यात्रियों को भी प्लास्टिक बोतलों के उचित निपटान के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर इस सुविधा की शुरुआत के बाद आवश्यकता और उपयोगिता के आधार पर अन्य स्टेशनों पर भी ऐसी व्यवस्था किए जाने की संभावना है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!