5 लाख की सुपारी लेकर मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग पर किया था जानलेवा हमला: तारबाहर पुलिस ने फरार शूटर साहिल को दबोचा, डंडा बरामद
बिलासपुर:
मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की 5 लाख रुपये की फिरौती (सुपारी) लेकर हत्या की खौफनाक साजिश रचने वाले गिरोह के फरार मुख्य आरोपी को तारबाहर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिल सोनकर (23 वर्ष, निवासी गौरेला) के रूप में हुई है। पुलिस पूर्व में इस मामले में शामिल एक आरोपी और एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) को पहले ही जेल भेज चुकी है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक हुआ था खूनी हमला
घटना 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे की है। प्रार्थी शिशिर कश्यप के पिता श्याम कश्यप जब रेलवे अस्पताल तारबाहर के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से नुकीली वस्तु और डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले।
सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल ने खोला 5 लाख की सुपारी का राज
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी (शहर) पंकज कुमार पटेल व सीएसपी गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी और एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी की टीम ने जांच शुरू की।
* सुराग और खुलासा: सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल और तकनीकी साक्ष्यों से हमले में प्रयुक्त पल्सर बाइक की पहचान हुई।
* साजिश का पर्दाफाश: पूर्व में पकड़े गए आरोपी नितिन टेकाम और नाबालिग से पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए 5-5 लाख रुपये की सुपारी का लालच दिया था।
* हमले का प्लान: दीपक के इशारे पर साहिल सोनकर और उसके साथी पल्सर बाइक से बिलासपुर पहुंचे और रेकी कर बुजुर्ग पर जानलेवा हमला किया।
घर आते ही पुलिस के शिकंजे में आया फरार आरोपी
लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी साहिल सोनकर के गौरेला स्थित अपने घर आने की पुख्ता सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने बुजुर्ग पर डंडे से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं (296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109, 55) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस खुलासे में निरीक्षक रविशंकर तिवारी, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक महेंद्र सोनकर, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेंदले एवं साइबर टीम की भूमिका सराहनीय रही।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर
बिलासपुर छत्तीसगढ़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!