✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
360 नए धान खरीदी केंद्रों में होंगी पुख्ता व्यवस्थाएं, किसानों को मिलेगी सुविधा
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश, बारदानों की उपलब्धता और कस्टम मिलिंग में तेजी पर जोर
रायपुर, 27 सितंबर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय उप-समिति ने धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए खरीदी शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। इन केंद्रों में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक संसाधन, बुनियादी सुविधाएं और अन्य व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
3.64 लाख गठान नए जूट बारदाने की व्यवस्था
धान खरीदी के लिए बारदानों की उपलब्धता को लेकर भी व्यापक तैयारी की जा रही है। विपणन संघ द्वारा 3.64 लाख गठान नए जूट बारदानों की व्यवस्था की जा रही है। इनमें से 1.14 लाख गठान बारदाने प्राप्त हो चुके हैं। शेष बारदानों की उपलब्धता भी निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि खरीदी प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कस्टम मिलिंग में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की कस्टम मिलिंग की भी समीक्षा की गई। इसके तहत 89 लाख टन चावल जमा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अब तक 37.50 लाख टन चावल जमा कराया जा चुका है। शेष 51.50 लाख टन चावल की मिलिंग एवं जमा प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शेष चावल 31 मार्च 2027 तक जमा कराया जाना है।
मंत्रिमंडलीय उप-समिति ने धान खरीदी से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने, नए खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा बारदानों की उपलब्धता एवं कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया में तेजी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!