✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
जिला रिपोर्टर जगेश्वर पटेल गरियाबंद
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को मिल रही सुविधा
गरियाबंद, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए शासन द्वारा प्रभावी व्यवस्थाएं की गई हैं। इन व्यवस्थाओं का लाभ जिले के किसानों को भी मिल रहा है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत रोहिणा के किसान श्री गोविंद यादव ने बताया कि उन्होंने उपार्जन केंद्र में शासन की धान खरीदी व्यवस्था के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अपना धान विक्रय किया। निर्धारित दर पर उपज का विक्रय होने से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है और उनमें शासन की खरीदी व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ रहा है।
धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए शासन द्वारा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे अपना टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इस डिजिटल पहल से किसानों को समितियों के अनावश्यक चक्कर लगाने और लंबी कतारों में लगने से राहत मिल रही है। साथ ही निर्धारित तिथि के अनुसार उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान विक्रय करना आसान हुआ है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को 13 हजार 839 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है। यह सहायता किसानों की कृषि लागत में राहत प्रदान करने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके अलावा उपार्जन केंद्रों में सुव्यवस्थित खरीदी, डिजिटल पंजीयन, डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!