✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिलेभर में शपथ, जनजागरूकता और विशेष कार्यक्रमों का होगा आयोजन
महासमुंद। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महासमुंद जिले में 27 नवंबर को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने तथा अंतर्राष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित कर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को अभियान के तहत आवश्यक तैयारियां और गतिविधियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान में शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, मैदानी कार्यकर्ताओं एवं सामुदायिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
ग्रामसभाओं में दिलाई जाएगी बाल विवाह रोकने की शपथ
27 नवंबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित होगी। इसमें ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं करने, न होने देने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई जाएगी। वहीं, दोपहर 3 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर ऑनलाइन प्रसारण भी किया जाएगा।
बाल विवाह रोकने वाले बच्चों और समाजसेवियों को मिलेगा सम्मान
अभियान के तहत उन बच्चों को राज्य स्तरीय सम्मान के लिए नामांकित किया जाएगा, जिन्होंने स्वयं अपना बाल विवाह रुकवाने की पहल की हो या दूसरे बच्चों का बाल विवाह रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो। इसके अलावा बाल विवाह रोकथाम के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों के नाम भी उनकी उपलब्धियों और संक्षिप्त परिचय के साथ सम्मान के लिए भेजे जाएंगे।
जिले में आयोजित कार्यक्रमों की तस्वीरें, वीडियो और मीडिया कवरेज अभियान के बीवीएमबी पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। साथ ही संबंधित गतिविधियों का रंगीन प्रतिवेदन 30 नवंबर 2026 तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
बाल विवाह मुक्त महासमुंद बनाने कलेक्टर ने की अपील
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से 27 नवंबर को आयोजित विशेष ग्रामसभाओं एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में बाधा डालने के साथ उनके अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। इसकी रोकथाम केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!