✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
230 पदों पर भर्ती का बड़ा मौका, 24 सितंबर को महासमुंद में लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला
10वीं, 12वीं से लेकर स्नातक और ITI उत्तीर्ण युवाओं के लिए अवसर, निजी कंपनियां करेंगी सीधी भर्ती
महासमुंद, 22 सितंबर 2026। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र महासमुंद द्वारा 24 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 230 पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेला लाईवलीहुड कॉलेज के द्वितीय तल, पॉलिटेक्निक कॉलेज, ग्राम बरोंडाबाजार में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। रोजगार मेले में शामिल होकर पात्र अभ्यर्थी सीधे भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे।
इन कंपनियों में मिलेगा रोजगार का अवसर
उपसंचालक रोजगार डॉ. शशिकला अतुलकर ने बताया कि रोजगार मेले में स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, रजत इक्विपमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड एवं श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
भर्ती के लिए 10वीं, 12वीं, बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक एवं ITI उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, वेतनमान और कार्यस्थल अलग-अलग निर्धारित हैं।
दस्तावेज लेकर पहुंचे अभ्यर्थी
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक योग्य अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर अपने शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज, रोजगार पंजीयन, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति एवं पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना होगा।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है कि साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप/वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।
युवाओं के लिए सीधा अवसर
जिला रोजगार कार्यालय ने जिले के पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय पर रोजगार मेले में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हों। रिक्त पदों की संख्या, पदवार योग्यता, वेतनमान एवं कार्यस्थल सहित विस्तृत जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र महासमुंद से संपर्क किया जा सकता है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!