*167.96 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, महापौर संजय पांडे ने रखी आधारशिला*
शहर के विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से आज पंडित सुंदरलाल शर्मा वार्ड क्रमांक 32 में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर संजय पांडे ने किया।
बोधघाट चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने विकास कार्यों की आधारशिला रखी। भूमिपूजन से वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ अधोसंरचना मजबूत होने की उम्मीद है।
*कुल 167.96 लाख के कार्यों का ब्रेकअप इस प्रकार है -*
- मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत पार्क निर्माण के लिए - *19.63 लाख*
- 15वें वित्त आयोग से अटल आवास के पीछे आरसीसी नाली निर्माण - *25.36 लाख*
- पत्ता गोदाम से राव वेल्डिंग दुकान तक आरसीसी नाली निर्माण - *10.32 लाख*
- बस्तर विकास प्राधिकरण मद वर्ष 2025-26 से डोम शेड निर्माण भाग-1 और भाग-2 के लिए - *25-25 लाख (कुल 50 लाख)*
- निराश्रित निधि से सिविल लाइन वार्ड में वरिष्ठ नागरिकों के लिए "सियान कुटीर" निर्माण हेतु - *12.65 लाख*
- रमाया वार्ड में आर्ट गैलरी मद से जगदलपुर में कला केंद्र की स्थापना के लिए - *50 लाख*
*'विकास सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं, हर वार्ड में दिखना चाहिए' - महापौर संजय पांडे*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों को बेहतर वातावरण, मनोरंजन, सामाजिक गतिविधियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना भी नगर विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नालियों का निर्माण जरूरी है। बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि वार्ड के लोग यदि एक समिति बनाकर पार्क और ओपन जिम के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य करेंगे तो पार्क में अतिरिक्त राशि खर्च कर और भव्य बनाया जाएगा। नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। सियान कुटीर जैसी पहल को उन्होंने सामाजिक सरोकार से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।
जगदलपुर को आने वाले समय में ऐसा शहर बनाने का लक्ष्य है जहां बेहतर सड़क-नाली व्यवस्था के साथ स्वच्छ वातावरण, मनोरंजन, कला-संस्कृति और नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार हो।
*पार्षद योगेंद्र पांडे ने जताया आभार*
वार्ड पार्षद एवं महापौर परिषद के सदस्य योगेंद्र पांडे ने कहा कि वार्ड में विकास कार्यों के लिए महापौर संजय पांडे का वार्डवासी धन्यवाद करते हैं। उनके बनने के बाद लगभग दो करोड़ के विकास कार्य वार्ड में किए गए हैं तथा लगातार नए कार्यों की स्वीकृति प्रदान की जा रही है। उन्होंने सांसद महेश कश्यप एवं विधायक किरण सिंह जी का भी धन्यवाद किया।
*ये रहे उपस्थित*
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, नर्सिंग राव, अविनाश श्रीवास्तव, दिगम्बर राव, संतोष बाजपेयी, पारुल बोथरा, खगेन्द्र ठाकुर, राजेश श्रीवास्तव, नीलम यादव, कौशिक शुक्ला, राजा यादव एवं रोशन झा सहित वार्डवासी डीके परासर, गौतम आचार्य, केके द्विवेदी, अजय पाल, रामनरेश पांडेय, मनीष मूलचंदानी, कल्पना शर्मा अन्य गणमान्यजन सहभागी रहे।
स्टेट रिपोर्टर मनोज भट्ट
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!