'15 मिनट में लौटा रहा हूं' कहकर बाइक ले उड़ा शातिर: 7 महीने बाद चकरभाठा पुलिस के हत्थे चढ़ा, 2 गाड़ियां बरामद
बिलासपुर। पहचान वालों से भरोसे पर गाड़ी मांगकर फरार होने वाले एक आदतन वाहन चोर को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दानू मसीह (40 वर्ष) पिछले 7 महीने से एक परिचित की बाइक लेकर गायब था। पुलिस ने उसके कब्जे से चुराई गई हीरो एचएफ डीलक्स के अलावा एक अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
भरोसे की आड़ में अमानत में खयानत
घटना ट्रांसपोर्ट नगर परसदा स्थित बबलू गैरेज की है, जहां प्रार्थी कामदास मानिकपुरी काम करता था।
* 31 जनवरी 2026 को आरोपी दानू मसीह ने कामदास से जरूरी काम का बहाना बनाकर महज 15 मिनट के लिए उसकी बाइक (CG 10 BT 0191) मांगी थी।
* इसके बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया और 7 महीने तक नहीं लौटा।
* प्रार्थी की शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) (विश्वासघात/अमानत में खयानत) के तहत मामला दर्ज किया।
बलौदाबाजार में भी दर्ज है चोरी का केस
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन और ग्रामीण एएसपी मधुलिका सिंह व सीएसपी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में चकरभाठा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
* विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी दानू मसीह शातिर वाहन चोर है और बलौदाबाजार जिले के भाटापारा थाने में भी उसके खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी का अपराध दर्ज है।
* पुलिस टीम ने 23 अगस्त 2026 को घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर प्रार्थी की 35 हजार रुपये की बाइक सहित एक अन्य लावारिस मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता
बिलासपुर छत्तीसगढ़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!