✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़। राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। योजना के तहत कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित खरीदी सीमा और वास्तविक बिक्री के बीच के अंतर पर आदान सहायता का लाभ मिल रहा है। इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलने के साथ खेती-किसानी के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत हो रहा है।
इसका उदाहरण सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम रापागुला निवासी छोटे किसान नटवरलाल साहू हैं। बुधवार को वे प्राथमिक सेवा सहकारी समिति कटेली के धान खरीदी केंद्र में अपनी उपज बेचने पहुंचे। उनके पास मात्र एक एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने केंद्र में लगभग 14 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचा।
एक एकड़ में 21 क्विंटल की निर्धारित खरीदी सीमा के अनुसार उनके द्वारा बेचे गए धान के बाद शेष 7 क्विंटल के अंतर पर भी कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
नटवरलाल साहू ने बताया कि कृषक उन्नति योजना छोटे किसानों के लिए काफी राहत देने वाली है। कम मात्रा में धान बेचने के बावजूद निर्धारित सीमा के शेष अंतर पर सहायता मिलने से किसानों को आर्थिक सहारा मिलेगा। उन्होंने इस किसान हितैषी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसानों को मिलेगी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता
राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। इससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा और उनकी आय को मजबूती मिलेगी।
धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं से भी किसान संतुष्ट
नटवरलाल साहू ने प्राथमिक सेवा सहकारी समिति कटेली के धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि केंद्र में किसानों के बैठने के लिए किसान कुटीर बनाया गया है। बारदाने समय पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा धान की तुलाई और बोरियों में भराई के लिए हमालों की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा केंद्र में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल के 'तुहर टोकन' ऐप के माध्यम से घर बैठे ही धान बिक्री का टोकन प्राप्त कर लिया था, जिससे खरीदी केंद्र में धान बेचने की प्रक्रिया आसान हुई।
कटेली केंद्र से 14 गांवों के किसान बेचते हैं धान
प्राथमिक सेवा सहकारी समिति कटेली में लगभग 1,200 किसान पंजीकृत हैं। इस खरीदी केंद्र में आसपास के 14 गांवों के किसान अपनी उपज बेचने पहुंचते हैं। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था, केंद्र में उपलब्ध सुविधाएं और कृषक उन्नति योजना का लाभ छोटे एवं सीमांत किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रहा है।
नटवरलाल साहू जैसे छोटे किसानों की संतुष्टि यह दर्शाती है कि कृषक उन्नति योजना से किसानों को आर्थिक संबल मिलने के साथ सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!