✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
101 स्वास्थ्य संस्थाओं के राष्ट्रीय प्रमाणीकरण के साथ महासमुंद ने रचा नया कीर्तिमान
छत्तीसगढ़ का पहला जिला बना महासमुंद, जहां 100 से अधिक स्वास्थ्य संस्थाओं को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणीकरण
महासमुंद, 22 सितंबर 2026। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) कार्यक्रम के तहत महासमुंद जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले की 101 स्वास्थ्य संस्थाओं का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणीकरण हो चुका है। इसके साथ ही महासमुंद छत्तीसगढ़ का ऐसा पहला जिला बन गया है, जहां 100 से अधिक स्वास्थ्य संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर का गुणवत्ता प्रमाणीकरण प्राप्त हुआ है।
जिले में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत प्रमाणित 101 स्वास्थ्य संस्थाओं में 1 जिला अस्पताल, 1 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 9 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 90 उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। यह उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
आठ मानकों पर होती है स्वास्थ्य संस्थाओं की कड़ी जांच
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित व्यापक गुणवत्ता प्रणाली है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थाओं का सेवा प्रावधान, रोगियों के अधिकार, इनपुट, सहायक सेवाएं, क्लिनिकल सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली और परिणाम जैसे आठ प्रमुख विषयों पर विस्तृत मूल्यांकन किया जाता है।
प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में सबसे पहले संबंधित स्वास्थ्य संस्था द्वारा निर्धारित प्रपत्र में स्व-मूल्यांकन कर कमियों को दूर किया जाता है। इसके बाद जिला स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। निर्धारित मानकों में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने के बाद संस्था राज्य स्तरीय मूल्यांकन के लिए आगे बढ़ती है। राज्य स्तर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक दस्तावेजों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर आवेदन किया जाता है और अंत में राष्ट्रीय टीम द्वारा संस्था का विस्तृत मूल्यांकन किया जाता है।
प्रमाणीकरण के बाद बागबाहरा अस्पताल में बढ़ा लोगों का भरोसा
महासमुंद जिले में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणीकरण का सकारात्मक असर स्वास्थ्य संस्थाओं की सेवाओं में भी दिखाई दे रहा है। इसका प्रमुख उदाहरण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा है। प्रमाणीकरण के बाद अस्पताल को प्रथम संदर्भ इकाई का दर्जा प्राप्त हुआ। यहां स्त्री रोग विशेषज्ञ के माध्यम से नियमित रूप से सिजेरियन प्रसव की सुविधा उपलब्ध हो रही है। गर्भवती माताओं के लिए नियमित सोनोग्राफी की सुविधा भी मिल रही है।
इन सुविधाओं के विस्तार से अस्पताल के प्रति आम जनता का विश्वास बढ़ा है। अस्पताल में औसत बाह्य रोगी संख्या में वृद्धि हुई है, जबकि औसत मासिक प्रसव की संख्या भी बढ़कर 80 से 100 प्रतिमाह तक पहुंच गई है। इसके साथ ही नसबंदी जैसी सेवाओं का भी विस्तार हुआ है।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को दी बधाई
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणीकरण जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्ता सुधार और स्वास्थ्य विभाग की टीम की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस उपलब्धि में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू धृतलहरे, जिला सलाहकार एवं जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक श्री संदीप चंद्राकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम के सतत प्रयासों से जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं में गुणवत्ता सुधार के साथ राष्ट्रीय प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!