Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

101 कन्याओं का पूजन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश

hetram@hamarpradeshcg
hetram@hamarpradeshcg
5 Min Read 0 Comments
Chhattishgarh local news
Chhattishgarh local news

✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

 

101 कन्याओं का पूजन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश

 

कन्या पूजन से कन्या संरक्षण तक की पहल, किशोरियों को HPV वैक्सीन और कैंसर से बचाव के प्रति किया जागरूक

 

महासमुंद, 15 अक्टूबर 2026। नवरात्रि के पावन अवसर पर महासमुंद के अंबेडकर भवन में 101 कन्याओं का पूजन कर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बालिका संरक्षण का संदेश दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘कन्या पूजन से कन्या संरक्षण तक’ कार्यक्रम में बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। इस दौरान किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगवाने की अपील की गई।

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, वरिष्ठ प्रतिनिधि जयंती भाई पटेल, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू तथा कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित अन्य अतिथियों ने 101 कन्याओं का पूजन किया। अतिथियों ने बालिकाओं को चुनरी भेंट की और उन्हें पकवान परोसकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

 

किशोरियों को दी गई कैंसर से बचाव की जानकारी

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर 101 बालिकाओं का पूजन कर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य को साकार करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा आज बेहद महत्वपूर्ण है। सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर चुनौती है, इसलिए बालिकाओं को इसके बचाव, लक्षणों और टीकाकरण के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दी जा रही जानकारी का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कहा कि बाल संरक्षण आयोग बच्चों और बेटियों की सुरक्षा एवं विकास के लिए संकल्पित है।

 

HPV वैक्सीन लगवाने की अपील, नशे से दूर रहने की सलाह

 

कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उपायों की जानकारी दी और एचपीवी वैक्सीन के महत्व को समझाते हुए टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही बच्चेदानी के कैंसर, स्तन कैंसर और मुख कैंसर से संबंधित जानकारी भी दी गई।

 

बालिकाओं को शराब, ड्रग्स, तंबाकू जैसे नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा पिज्जा, बर्गर सहित फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से बचने की सलाह दी गई। जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

 

किशोरियों को सुरक्षा किट और डायरी भेंट

 

कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। उपस्थित अतिथियों एवं लोगों ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राजकीय गीत का गायन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल चिकित्सकों का सम्मान किया गया। वहीं, कक्षा 9वीं से 12वीं तक की किशोरी बालिकाओं को सुरक्षा किट और डायरी भेंट की गई।

 

बालिकाओं के स्वास्थ्य परीक्षण को ध्यान में रखते हुए बालको कैंसर हॉस्पिटल एवं अन्य अस्पतालों के सहयोग से कैंसर हेल्थ चेकअप शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य जांच और कैंसर संबंधी जागरूकता को बढ़ावा दिया गया।

 

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और चिकित्सकों की रही सहभागिता

 

कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य कुमारी भास्कर, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग के सचिव बृजेन्द्र सिंह, डॉ. यामिनी शुक्ला, डॉ. गार्गी पांडेय, डॉ. आकांक्षा साहू, डॉ. इशिका जायसवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, मीडियाकर्मी और महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी टिक्वेन्द्र जाटवर उपस्थित रहे। इसके अलावा परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर तथा बड़ी संख्या में स्कूली किशोरी बालिकाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

 

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटियों का सम्मान केवल पूजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों की रक्षा भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बालिकाओं को जागरूक और सशक्त बनाकर ही सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।

hetram@hamarpradeshcg
Written by

hetram@hamarpradeshcg

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos