✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
120.060 किलो गांजा तस्करी मामले में सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक कार्रवाई, अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार; 70.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए गुजरात के आनंद जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सोर्स, परिवहन करने वाले कैरियर और गांजा मंगाने वाले डेस्टिनेशन तक की कड़ियों को जोड़ते हुए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)ii(C) में दर्ज मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जब्त मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण से गांजा मंगाने वाले दो मुख्य आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने गुजरात के जिला आनंद में दबिश देकर वोहरा जावेद भोई (43 वर्ष) और मलिक जाकिर हुसैन उर्फ मंत्री (62 वर्ष), दोनों निवासी बोरसद, जिला आनंद (गुजरात) को गिरफ्तार किया। दोनों को महासमुंद लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कंटेनर से मिला था 120 किलो से अधिक गांजा
मामले की शुरुआत 11 सितंबर 2026 को हुई थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा पुलिस ने एक संदिग्ध कंटेनर वाहन की तलाशी ली थी। इस दौरान कंटेनर के पिछले हिस्से में रखी चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 120.060 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 60 लाख 3 हजार रुपये बताई गई।
इस मामले में कंटेनर चालक वसीम शाह (38 वर्ष), निवासी नडियाद, जिला खेड़ा (गुजरात) और परिचालक अय्यूब खान (56 वर्ष), निवासी बोरसद, जिला आनंद (गुजरात) को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के संबलपुर से गुजरात ले जाना बताया था। पुलिस ने गांजा, कंटेनर वाहन और दो मोबाइल फोन सहित कुल 70 लाख 8 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
ओडिशा से गांजा उपलब्ध कराने वाला मुख्य सोर्स भी गिरफ्तार
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सोर्स की पहचान की। इसके बाद 11 नवंबर 2026 को ओडिशा के देवगढ़ जिले के निवासी राजेश बेहेरा उर्फ राहुल बेहेरा (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की अगली कड़ी यानी गांजा मंगाने वाले मुख्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी रखी। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और मोबाइल डेटा के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गुजरात के आनंद जिले में सक्रिय दोनों आरोपियों तक पुलिस पहुंची और 26 नवंबर 2026 को उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार, 70.08 लाख की संपत्ति जब्त
इस पूरे मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें दो गांजा परिवहनकर्ता, एक गांजा उपलब्ध कराने वाला मुख्य सोर्स और दो गांजा मंगाने वाले मुख्य आरोपी शामिल हैं।
पुलिस द्वारा जब्त संपत्ति में 120.060 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 60 लाख 3 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन की कीमत 5,500 रुपये और एक कंटेनर वाहन की कीमत 10 लाख रुपये शामिल है। इस प्रकार कुल 70 लाख 8 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!