बेमेतरा में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर खेत में पलटी स्कूल बस, कई बच्चे घायल
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सोमवार सुबह उस ...
More Stories
बेमेतरा में बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, दो बच्चों को आई मामूली चोट; अस्पताल में इलाज जारी
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार बेमेतरा। जिले में सोमवार सुबह बच्चों से भरी एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई। हादसा सिंघपुर-झाल मार्ग पर सुबह करीब 7:15 से 7:30 बजे के बीच हुआ। बस में ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल के बच्चे सवार थे। हादसे के बाद बच्चों को तत्काल बेमेतरा के आयुष्मान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई है। करीब दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। 15 से 17 बच्चे होने की जानकारी परिजनों के अनुसार बस में सिंघपुर, चमारी और खंडसरा क्षेत्र के करीब 15 से 17 बच्चे स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान बस सिंघपुर और झाल के बीच अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, थाना प्रभारी के अनुसार बस में करीब 10 बच्चे सवार थे। पुलिस ने एहतियात के तौर पर सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया है। खराब सड़क को लेकर परिजनों में नाराजगी हादसे के बाद बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। उनका आरोप है कि क्षेत्र की सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद वाहन तेज गति से चलाए जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। परिजन राजू वर्मा ने कहा कि जब सड़क की हालत खराब है तो बस को सावधानीपूर्वक और धीमी गति से चलाया जाना चाहिए। उन्होंने हादसे के लिए चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया। पुलिस जांच में जुटी बेमेतरा थाना प्रभारी सोनल ग्वाला ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे पब्लिक स्कूल की बस झाल और आसपास के बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान बस सड़क से उतरकर पलट गई। बस में अलग-अलग कक्षाओं के बच्चे मौजूद थे। पुलिस के अनुसार एहतियात के तौर पर बच्चों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब दो बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। बस किस वजह से अनियंत्रित होकर पलटी, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने घटना के कारणों और बस चालक की भूमिका को लेकर जांच शुरू कर दी है।
बड़ी खबर: मंत्री केदार कश्यप की कार को टक्कर मारकर फॉलो वाहन से भिड़ी स्कॉर्पियो, 4 जवान घायल
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार जगदलपुर-कोंडागांव। जगदलपुर-कोंडागांव सीमा पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो ने मंत्री केदार कश्यप की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो मंत्री के फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिस जवान घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में फॉलो वाहन और स्कॉर्पियो को काफी नुकसान पहुंचा है। बाल-बाल बचे मंत्री प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मंत्री केदार कश्यप इस हादसे में बाल-बाल बच गए। उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है। बताया जा रहा है कि मंत्री का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और फिर फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे की जांच में जुटी पुलिस दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ सहित दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि घायल चारों पुलिस जवानों का कोंडागांव जिला अस्पताल में इलाज जारी है। समय पर राहत और उपचार मिलने से बड़ी जनहानि टल गई।
बस्ते भींग गए, सांसें थम गईं: तखतपुर में घोंघा नदी का काल बना ‘शॉर्टकट’
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ बस्ते भींग गए, सांसें थम गईं: तखतपुर में घोंघा नदी का काल बना ‘शॉर्टकट’ बिलासपुर/तखतपुर स्कूल की घंटी बजी, बच्चे हंसते-खिलखिलाते किताबों से भरा बस्ता संभालकर घर के लिए निकले। किसे पता था कि घर तक की दूरी कम करने के लिए चुना गया 'शॉर्टकट' जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम समडील में उफनती घोंघा नदी ने तीन मासूमों की जान ले ली। * हादसे के शिकार मासूम: * अनमोल जायसवाल (उम्र 7 वर्ष) * शिक्षा जायसवाल (उम्र 8 वर्ष) * स्तुति जायसवाल (उम्र 9 वर्ष) * घटनास्थल: घोंघा नदी, ग्राम समडील (तखतपुर) * सर्च ऑपरेशन: पुलिस, ग्रामीण और SDRF टीम उफनती धार में समा गईं उम्मीदें स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों बच्चे रोज की तरह एक साथ घर लौट रहे थे। लंबा रास्ता छोड़ने की जल्दबाजी में उन्होंने नदी के बीच से गुजरने वाला छोटा रास्ता चुना। पार करते ही नदी का बहाव अचानक तेज हो गया और चंद सेकंड में तीनों बच्चे धार में बह गए। रातभर चला रेस्क्यू, सुबह मिले शव हादसे की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया, जिसके बाद SDRF की टीम भी बुलाई गई। * शाम ढलते-ढलते एक बच्चे का शव बरामद किया गया। * तेज बहाव और अंधेरे के बीच रातभर रेस्क्यू चला। * अगली सुबह बाकी दोनों मासूमों के शव पानी से बाहर निकाले गए। गांव में पसरा मातम जिन घरों में कुछ घंटे पहले बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सिर्फ चीत्कारें सुनाई दे रही हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और एक बार फिर यह कड़ा सबक दे गया कि बरसात के दिनों में नदी-नालों को पार करने का जोखिम कितना जानलेवा साबित हो सकता है।
जब गड्ढों में फंसी संगठन महामंत्री की गाड़ी: NH-43 की बदहाली पर पवन साय का फूटा गुस्सा, मंत्रियों और अफसरों को लगाई फटकार
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ जब गड्ढों में फंसी संगठन महामंत्री की गाड़ी: NH-43 की बदहाली पर पवन साय का फूटा गुस्सा, मंत्रियों और अफसरों को लगाई फटकार अंबिकापुर: नेशनल हाईवे 43 (NH-43) की जर्जर हालत का खामियाजा जब आम जनता के बाद खुद सत्ताधारी दल के कद्दावर नेता को भुगतना पड़ा, तो शासन-प्रशासन में हड़कंप मच गया। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय का इनोवा वाहन सीतापुर में गहरे गड्ढे में फंस गया, जिसे बाहर निकालने में करीब दो घंटे की भारी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना के बाद पवन साय ने प्रभारी मंत्री, पर्यटन मंत्री और NH के आला अधिकारियों को फोन पर जमकर खरी-खोटी सुनाई। * 2 घंटे तक फंसी रही गाड़ी: सूरजपुर और कोरिया में बैठक निपटाकर जशपुर से अंबिकापुर लौटते समय बुधवार रात करीब 7 बजे सीतापुर में पवन साय की गाड़ी गड्ढे में फंस गई। मैकेनिक बुलाने के बाद गाड़ी निकाली जा सकी, जिसके चलते उन्हें सीतापुर रेस्ट हाउस में रुकना पड़ा। * मंत्रियों की लगाई क्लास: अंबिकापुर पहुंचते ही संगठन महामंत्री ने प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी को फोन कर सख्त लहजे में पूछा कि क्या वे कभी क्षेत्र के दौरे पर निकलते भी हैं। वहीं सुबह मिलने पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया को भी फटकार लगाते हुए कहा कि अगर सब नेता ठेकेदार हैं, तो श्रमदान क्यों नहीं करते? * सड़क की खस्ताहाली: एनएच-43 पर खरसिया नाका से लेकर दरिमा मोड़, पीजी कॉलेज से सिलफिली और भारत माता चौक तक सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। * फटकार के बाद जागी व्यवस्था: महामंत्री के कड़े रुख के बाद नेशनल हाईवे के अधिकारी तुरंत हरकत में आए और गुरुवार सुबह से ही दरिमा मोड़, भारत माता चौक और सीतापुर के गड्ढों में बोल्डर-गिट्टी डालकर मरम्मत का काम आनन-फानन में शुरू कराया गया।
दर्दनाक हादसा: 3 साल के मासूम को स्कूल बस ने रौंदा, मौके पर मौत; चालक-कंडक्टर फरार
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। खंडसरा चौकी क्षेत्र में एक स्कूल बस की चपेट में आने से 3 साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर वाहन छोड़कर फरार हो गए। बस की चपेट में आया मासूम जानकारी के अनुसार, DAV स्कूल जांता की बस बंसापुर-सेमरिया गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान 3 वर्षीय मासूम बस की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चालक-कंडक्टर की तलाश में जुटी पुलिस हादसे की सूचना मिलते ही खंडसरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद बस छोड़कर फरार हुए चालक और कंडक्टर की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। ✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर में दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत, बचाने की कोशिश में बेटे ने भी गंवाई जान
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। घर की छत पर कपड़े सुखाने के दौरान करंट की चपेट में आने से 54 वर्षीय महिला और उसके 28 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। मां को बचाने की कोशिश में बेटा भी बिजली की चपेट में आ गया। मृतकों की पहचान कल्याणी यादव (54 वर्ष) और उनके बेटे मधुसूदन यादव (28 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। कपड़े सुखाने के दौरान हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, कल्याणी यादव अपने परिवार के साथ टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर इलाके में किराए के मकान में रहती थीं। परिवार मकान की छत के ऊपर बने कमरे में रह रहा था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कल्याणी यादव घर की छत पर कपड़े सुखाने गई थीं। बताया जा रहा है कि कपड़े सुखाने के लिए छत पर लोहे का तार बांधा गया था। इसी दौरान किसी कारणवश लोहे के तार में करंट प्रवाहित हो गया और कल्याणी यादव उसकी चपेट में आ गईं। मां को बचाने दौड़ा बेटा, खुद भी आया करंट की चपेट में मां को करंट लगा देखकर उनका बेटा मधुसूदन यादव उन्हें बचाने के लिए तुरंत दौड़ा। उसने मां को करंट से अलग करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह भी बिजली की चपेट में आ गया। हादसे में मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कराने का प्रयास किया और दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। लोहे के तार में करंट कैसे आया और बिजली की सप्लाई में किस तरह की तकनीकी समस्या थी, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था मधुसूदन बताया जा रहा है कि मृतक मधुसूदन यादव प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिवार में उसकी दो बहनें भी हैं। एक बहन घर में रहकर पढ़ाई कर रही है, जबकि दूसरी बहन बाहर रहकर नर्सिंग की तैयारी कर रही है। एक ही परिवार में कुछ ही मिनटों के अंतराल में मां और बेटे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर के बाद रिश्तेदार और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में पसरा मातम इस दर्दनाक घटना के बाद छत्तीसगढ़ नगर इलाके में भी शोक का माहौल है। पड़ोसियों के मुताबिक, हादसा अचानक हुआ और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मां को बचाने की कोशिश में बेटे की भी जान चले जाने से इलाके के लोग बेहद दुखी हैं। डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। हादसे के वास्तविक कारणों और अन्य तकनीकी पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच एवं संबंधित रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हो सकेगी।
कूलर से जीआई पाइप में फैला करंट, मां-बेटे की मौत
रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की मौत हो गई। हादसे में 54 वर्षीय कल्याणी यादव और उनके 23 वर्षीय बेटे मधुसूदन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब कल्याणी यादव बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थीं। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं। मां को करंट से चिपका देखकर उनका बेटा मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कूलर से करंट जीआई पाइप में फैल गया था, जिसके संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कल्याणी यादव मूल रूप से धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार गांव में कृषि कार्य करता है। उनकी बेटी रायपुर के छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। कल्याणी यादव अपने बेटे मधुसूदन के साथ बेटी से मिलने रायपुर आई थीं। बेटी से मिलने आए मां-बेटे के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार
चमोली टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के 4 मजदूरों की मौत, CM साय ने परिजनों को 5-5 लाख की सहायता की घोषणा
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार रायपुर। उत्तराखंड के चमोली जिले में 13 अगस्त को हुए दर्दनाक टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में कुल 10 श्रमिकों की जान गई, जबकि कोंडागांव जिले के दो श्रमिक घायल हुए हैं। हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं हादसे में घायल कोंडागांव जिले के दो श्रमिकों को इलाज के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं। कोंडागांव के चार श्रमिकों की गई जान जानकारी के मुताबिक मृतकों में ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक शामिल हैं। सभी दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कैसे हुआ था हादसा? चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर-पीपलकोटी टनल में निर्माण कार्य चल रहा था। 13 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे भारी भूस्खलन और पहाड़ी से पानी के रिसाव के कारण टनल के अंदर 22 श्रमिक फंस गए। सूचना मिलते ही राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद लगातार चले अभियान में मलबे के अंदर से एक-एक कर शव बरामद किए गए। 117 घंटे चला रेस्क्यू अभियान एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने करीब 117 घंटे तक लगातार बचाव अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई चुनौतियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने काम जारी रखा। टनल के अंदर फंसी मशीनों को भी बाहर निकाला गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान कुल 10 श्रमिकों के शव बरामद किए गए। हादसे में छत्तीसगढ़ के चार श्रमिकों की मौत ने प्रदेश में शोक की लहर पैदा कर दी है।
बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत में लापरवाही? शेल्फ गिरने से यात्री के सिर में गंभीर चोट, खून से लथपथ हुआ सफर
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार बिलासपुर। बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में ट्रेन की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह ट्रेन के C-1 कोच के शौचालय में लगा शेल्फ अचानक एक यात्री के सिर पर गिर गया, जिससे यात्री के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, यात्री बिलासपुर से नागपुर की यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान वह शौचालय गए थे, तभी अचानक शेल्फ उनके सिर पर आ गिरा। चोट लगने के बाद सिर से खून बहने लगा। यात्री किसी तरह शौचालय से बाहर निकले और साथी यात्रियों ने तत्काल घटना की जानकारी टीटीई को दी। घटना की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान भी मौके पर पहुंचा। ट्रेन में संयोग से दो चिकित्सक भी यात्रा कर रहे थे। उन्होंने आरपीएफ के सहयोग से घायल यात्री को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और चोट पर मरहम-पट्टी की। बताया गया कि ट्रेन में नियमित रूप से चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध नहीं होती, लेकिन इस घटना के समय दो चिकित्सकों का मौजूद होना घायल यात्री के लिए राहत की बात रही। घटना के बाद ट्रेन की सुविधाओं और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। यात्री की ओर से इस मामले की शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी की गई है। अब देखना होगा कि रेलवे इस घटना की जांच कर शौचालय में लगे शेल्फ के अचानक गिरने के कारणों का पता लगाता है या नहीं और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
CG News : कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, पुलिस की तत्परता से 14 लोगों की बची जान
✍️ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में देर रात एक कपड़ा दुकान में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दुकान के ऊपर बने मकानों में पांच परिवार रह रहे थे। आग फैलने की आशंका के बीच अकलतरा पुलिस की तत्परता से 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 2:30 बजे सिसोदिया कॉम्प्लेक्स स्थित एक कपड़ा दुकान में हुई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख रात्रि गश्त पर निकली पुलिस टीम ने तत्काल स्थिति को भांपा और आसपास के लोगों को सतर्क किया। पुलिस जवानों ने दुकान के ऊपर बने मकानों में रहने वाले पांच परिवारों के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। कुछ ही देर में सभी 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद आग पर काबू पाने के लिए होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट की फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम और पुलिस ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित किए जाने से आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने से भी रोक लिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते न केवल 14 लोगों की जान बची, बल्कि इलाके में बड़ी आगजनी और संभावित जनहानि को भी टाल दिया गया। आग लगने के कारणों और दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
भिलाई की सिस्कोल फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा: भारी जॉब गिरने से मजदूर की मौत
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार भिलाई। हथखोज स्थित सिस्कोल फैक्ट्री में बुधवार शाम जॉब हैंडलिंग के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। यूनिट-3 में काम के दौरान भारी जॉब एक मजदूर के ऊपर गिर गई। हादसे में करीब 40 वर्षीय मजदूर राजेश निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया, वहीं मृतक के परिवार में मातम पसरा है। राजेश धमधा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। उनकी मौत से उनके तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। जॉब हैंडलिंग के दौरान हुआ हादसा छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह के अनुसार, बुधवार शाम सिस्कोल के यूनिट-3 में जॉब हैंडलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान एक जॉब मजदूर राजेश निर्मलकर के ऊपर आ गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मजदूरों का प्रदर्शन घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और साथी मजदूर फैक्ट्री पहुंचे। बड़ी संख्या में मजदूरों ने फैक्ट्री परिसर में प्रदर्शन कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। पूर्व पार्षद तुलसी पटेल ने दावा किया कि फैक्ट्री में लगातार हादसे हो रहे हैं और इसी स्थान पर यह दूसरी बड़ी घटना है। उनका आरोप है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। मुआवजे की मांग मृतक के परिवार ने कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है। मामले को लेकर परिजनों और प्रबंधन के बीच बातचीत चल रही है। मजदूरों ने भी फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। पुलिस ने शुरू की जांच हादसे की सूचना के बाद भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीएसपी प्रशांत सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
केंवची-रतनपुर मार्ग पर हादसा: ब्रेकडाउन ट्रेलर से टकराया ट्रक, लगा लंबा जाम
बिलासपुर। केंवची-रतनपुर मार्ग पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे के बाद लंबा जाम लग गया। निर्माणाधीन एनएच-45 पर खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से पीछे से आ रहा ट्रक टकरा गया। हादसे के बाद मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। बताया जा रहा है कि केंवची से रतनपुर तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोयला लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। अनूपपुर क्षेत्र की आमाडांड खुली खदान से कोयला परिवहन करने वाले वाहनों की संख्या भी इस मार्ग पर अधिक है। स्थानीय स्तर पर कुछ वाहनों के ओवरलोड होने के आरोप भी सामने आ रहे हैं। हादसे के बाद जाम में भारी संख्या में वाहन फंस गए। निर्माणाधीन सड़क पर पहले से ही भारी वाहनों का दबाव होने के कारण दुर्घटना के बाद स्थिति और बिगड़ गई। मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ओवरलोड वाहनों से सड़क निर्माण पर असर निर्माणाधीन सड़क पर क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों की आवाजाही सड़क निर्माण की गुणवत्ता के लिए चुनौती बन रही है। सड़क के आधार में मिट्टी और जीएसबी की परत को मजबूत करने का काम चल रहा है, लेकिन भारी वाहनों के लगातार दबाव से कई हिस्सों में सड़क की सतह प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लगाया गया तो निर्माणाधीन सड़क को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं, सड़क की बार-बार मरम्मत होने से निर्माण कार्य की लागत और समय दोनों बढ़ने की आशंका है। राजस्व नुकसान को लेकर भी सवाल ओवरलोड कोयला परिवहन की शिकायतों के बीच खनिज विभाग और संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। यदि नियमों का उल्लंघन कर निर्धारित क्षमता से अधिक कोयला परिवहन किया जा रहा है, तो इससे सड़क को नुकसान के साथ सरकार को मिलने वाले राजस्व पर भी असर पड़ सकता है। फिलहाल हादसे के बाद लगे जाम से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। निर्माणाधीन एनएच-45 पर भारी वाहनों के दबाव और ओवरलोड परिवहन पर संबंधित विभागों की कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।