अब अपने प्रधानमंत्री आवास की जियो-टैगिंग खुद करेंगे हितग्राही, मोबाइल ऐप से आसान होगी किस्त की प्रक्रिया
✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ आà...
More Stories
मंगलवार की जगह अब बुधवार को लगेगा कलेक्टर जनदर्शन, 25 नवंबर को आम जनता से रूबरू होंगी कलेक्टर
✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ समय-सीमा की बैठक के बाद सुनी जाएंगी आम नागरिकों की समस्याएं, शिकायतों और मांगों पर होगा निराकरण सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर 2026। जिले के आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। इस सप्ताह मंगलवार को आयोजित होने वाला कलेक्टर जनदर्शन अब बुधवार, 25 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू परिवर्तित कार्यक्रम के अनुसार समय-सीमा की बैठक के पश्चात आम नागरिकों से सीधे मुलाकात करेंगी। जनदर्शन के दौरान नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं विभिन्न मांगों से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। कलेक्टर संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं के निराकरण के निर्देश देंगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनदर्शन के बदले हुए दिन को ध्यान में रखते हुए बुधवार, 25 नवंबर को कलेक्ट्रेट पहुंचें और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाएं।
धान खरीदी की कलेक्टर ने की समीक्षा,राइस मिलर्स और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
महेश्वर जायसवाल ब्लाक रिपोर्टर हमर प्रदेश सीजी न्यूज बलौदाबाजार 23 नवम्बर 2026/ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सोमवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि एवं मंडी बोर्ड के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राइस मिलर्स, कोचियों एवं बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा पुराने धान को अवैध रूप से खपाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिले में अब तक 2,775 किसानों से कुल 8,479 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। कलेक्टर ने बड़े किसानों के भी अधिक से अधिक टोकन जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने धान को उपार्जन केंद्रों में खपाने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए राइस मिलर्स और कोचियों की भी जांच कराने को कहा। साथ ही राइस मिलों में बिजली मीटर की खपत एवं उपलब्ध धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मंडियों में भी धान की खरीदी पर विशेष निगरानी रखने तथा खरीदे गए धान का जल्द उठाव सुनिश्चित करने को कहा। मंडियों में धान बेचने वाले किसानों से भी नियमानुसार रकबा समर्पण कराने के निर्देश दिए। वहीं, पोहा मिलों में धान बेचने वाले किसानों से सौदा पत्रक प्राप्त कर बिक्री संबंधी जानकारी जुटाने को कहा। कलेक्टर ने मंडियों से अवैध रूप से धान खपाने की किसी भी कोशिश की तत्काल सूचना देने तथा उपार्जन केंद्रों में खरीदे गए धान की उचित स्टेकिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि धान का सुरक्षित भंडारण हो सके और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो।उन्होंने अब तक जिन उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रारंभ नहीं हुई है, वहां इस सप्ताह तक खरीदी शुरू कराने के निर्देश दिए।
बीरगांव नगर निगम चुनाव के मद्देनजर पुलिस सख्त:
जिला रिपोर्टर अमित कुमार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रायपुर बीरगांव नगर निगम चुनाव के मद्देनजर पुलिस सख्त: उत्तर जोन के 39 गुंडा और 17 निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर दी समझाइश रायपुर, 22 नवंबर 2026। आगामी बीरगांव नगर निगम चुनाव के मद्देनजर दिनांक 22.11.2026 को पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में उत्तर जोन के एडीसीपी आदित्य पांडे, एसीपी पूर्णिमा लामा और एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में उत्तर जोन अंतर्गत थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्रों के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाना बुलाकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, कानून का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त न होने संबंधी समझाइश दी गई।इस दौरान संबंधित थाना क्षेत्रों के कुल 39 गुंडा बदमाश एवं 17 निगरानी बदमाशों को समझाइश दी गई, जिनका थाना वार विवरण निम्नानुसार है -थाना उरला 06 गुंडा बदमाश एवं 04 निगरानी बदमाश।- थाना खमतराई -12 गुंडा बदमाश एवं 05 निगरानी बदमाश।- थाना गुढ़ियारी - 08 गुंडा बदमाश एवं 02 निगरानी बदमाश।- थाना खम्हारडीह - 07 गुंडा बदमाश एवं 05 निगरानी बदमाश।- थाना पंडरी - 06 गुंडा बदमाश एवं 01 निगरानी बदमाश।उक्त कार्रवाई का उद्देश्य आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विश्व मानवाधिकार परिषद छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न, भारत गौरव रत्न अवार्ड समारोह–2026 की तैयारियों पर हुई चर्चा
✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार भिलाई। विश्व मानवाधिकार परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश कार्यालय, भिलाई में दिनांक 22 नवंबर 2026, रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में विश्व मानवाधिकार परिषद की राष्ट्रीय लीगल सेल अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रभारी सुश्री एडवोकेट पायल पोपटानी जी ने अपना बहुमूल्य समय निकालकर प्रदेश के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात की। बैठक के दौरान आगामी भारत गौरव रत्न अवार्ड समारोह–2026, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के आयोजन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। समारोह की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, जिम्मेदारियों तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने सुझाव और विचार साझा किए। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने संगठन की एकता, मजबूती तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं सकारात्मक सहयोग देखने को मिला। विश्व मानवाधिकार परिषद का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि मानवाधिकारों की रक्षा, समाज में न्याय, समानता और मानवता के मूल्यों को स्थापित करना तथा जरूरतमंदों के अधिकारों के लिए आवाज उठाना भी है। बैठक में श्री कुलवंत सिंह जी, सुश्री सरोज सिंह नागवंशी जी, श्री संतोष पांडे जी, श्री नवल किशोर अत्रोलिया जी, श्रीमती के. अरुणा जी, श्रीमती शकुन क्षत्रिय जी, श्रीमती राधा जी, श्री करण तिवारी जी, श्रीमती खिलेश्वरी देवांगन जी सहित अन्य सम्माननीय पदाधिकारियों, सदस्यों एवं नवागत सदस्यों की उपस्थिति रही। बैठक के सफल आयोजन एवं सहयोग के लिए सभी पदाधिकारियों, सदस्यों तथा नए सदस्यों का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। संगठन ने आगे भी मानव सेवा, मानवाधिकार संरक्षण एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। विश्व मानवाधिकार परिषद
श्रद्धा एकता रक्त संगठन एवं SBS हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न
✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार भिलाई :- 22-11-2026 मानव सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाते हुए श्रद्धा एकता रक्त संगठन के तत्वावधान में SBS हॉस्पिटल के सहयोग से वार्ड क्रमांक 30 एवं 31, कैंप-1, आदर्श नगर, भिलाई में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिकों एवं मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ लिया। शिविर में बीपी, शुगर, शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण, दंत परीक्षण एवं रक्तदान जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। उपस्थित मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को डॉक्टरों के समक्ष रखा तथा चिकित्सकों से जांच, परामर्श एवं उचित मार्गदर्शन प्राप्त किया। SBS हॉस्पिटल की चिकित्सा टीम द्वारा प्रदान की गई सेवाओं, सहयोग एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार की उपस्थित लोगों ने सराहना की। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह समय-समय पर उनके क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकें। रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का श्रद्धा एकता रक्त संगठन की ओर से रणवीर सिंह एवं धर्मेंद्र कुमार द्वारा सम्मान किया गया। रक्तदाताओं को प्रोत्साहन एवं सम्मान स्वरूप हेलमेट तथा कॉलेज बैग उपहार में भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं विद्यार्थियों के हितों को भी प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में न्यू महादेव कैटरर्स एंड डेकोरेशन के सुनील सोनी का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा, जिनकी सहभागिता से आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। आयोजन के दौरान समाज के लोगों को संदेश दिया गया कि भिलाई-दुर्ग के प्रत्येक वार्ड में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सभी को आगे बढ़कर यथासंभव योगदान देना चाहिए। समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं, बच्चों को शिक्षा और लोगों को सहयोग एवं जागरूकता मिले। आयोजन का संदेश “समाज सेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारा कर्तव्य है। शिक्षा से भविष्य संवरता है और स्वास्थ्य से जीवन। आइए, भिलाई-दुर्ग के प्रत्येक वार्ड में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मानव सेवा की अलख जगाएं।” श्रद्धा एकता रक्त संगठन द्वारा सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों, सहयोगियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग एवं समर्थन से यह सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मानव सेवा ही माधव सेवा — रक्तदान महादान, शिक्षा और स्वास्थ्य सबका अधिकार। ❤️🩸
मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गांड़ा समाज के मगरलोड ब्लॉक स्तरीय चुनाव संपन्न, संतोष मरकाम बने नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष
✍️ब्लॉक रिपोर्टर वरुण देव नेताम, नगरी,जिला - धमतरी *हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़* *नगरी/धमतरी* मूल छत्तीसगढ़िया सर्व गांड़ा समाज, जिला धमतरी के तत्वावधान में आज मगरलोड ब्लॉक में ब्लॉक स्तरीय संगठनात्मक चुनाव शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव कार्यक्रम जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारीगण एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी की उपस्थिति में आयोजित किया गया। इस चुनाव में समाज के संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सामान्य प्रभाग, महिला प्रकोष्ठ एवं युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों का निर्वाचन किया गया। इसमें सामान्य प्रभाग के ब्लॉक अध्यक्ष पद पर संतोष मरकाम निर्वाचित हुए। वहीं सचिव पद पर युवराज देवदास एवं कोषाध्यक्ष पद पर रामखेलावन नेताम को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी क्रम में महिला प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद पर पिंगला गंधर्व, सचिव पद पर गायत्री बाई एवं कोषाध्यक्ष पद पर उमा बाई नेताम निर्वाचित हुईं। वहीं युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद पर रुपेश कुमार बघेल, सचिव पद पर पुष्पेन्द्र गंधर्व एवं कोषाध्यक्ष पद पर किशन देवदास को चुना गया। चुनाव संपन्न होने के पश्चात उपस्थित सामाजिकजनों ने एवं पदाधिकारियों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही समाज के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने, सामाजिक एकता को मजबूत बनाने, समाज के उत्थान एवं विकास के लिए मिलकर कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर समाज के जिला पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित टीम से समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने की अपेक्षा व्यक्त की
सेवा सेतु से गंगोत्री को मात्र एक दिन में मिला आय प्रमाण पत्र
देवान सिंह जिला रिपोर्टर गौरेला पेंड्रा मरवाही शिक्षा के लिए आवश्यक दस्तावेज मिलने से हितग्राही को मिली राहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 22 नवंबर 2026/ राज्य शासन की सेवा सेतु पहल के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक शासकीय सेवाओं का त्वरित लाभ मिल रहा है। इसी कड़ी में जिले के गौरेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्ती निवासी श्री संग्राम सिंह की पुत्री गंगोत्री को स्कॉलरशिप फॉर्म भरने के लिए आवश्यक आय प्रमाण पत्र मात्र एक दिन में प्राप्त हुआ। गंगोत्री की शिक्षा के लिए आय प्रमाण पत्र की तत्काल आवश्यकता होने पर उनके पिता श्री संग्राम सिंह ने ग्राम पंचायत बस्ती ब्लॉक पेंड्रा रोड स्थित स्थानीय सेवा सेतु केंद्र धनश्याम कंप्यूटर्स एंड चॉइस सेंटर में संपर्क किया। केंद्र के संचालक श्री धनश्याम सोनी ने तत्परता से आवश्यक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर मात्र एक दिन में आय प्रमाण पत्र तैयार कर हितग्राही को उपलब्ध कराया। समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से गंगोत्री को शैक्षणिक कार्य के लिए आवश्यक दस्तावेज प्राप्त हो सका। हितग्राही श्री संग्राम सिंह ने त्वरित सेवा के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को स्थानीय स्तर पर शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से प्राप्त हो रहा है।
प्रकाश पर्व की शोभायात्रा में बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ जिला जशपुर ब्लाक रिपोर्ट योगेश शर्मा पत्थलगाव पत्थलगांव। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शहर में निकाली गई भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आई। शोभायात्रा की पूर्व सूचना पुलिस प्रशासन को दिए जाने के बावजूद प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रण और डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था देखने को नहीं मिली। शोभायात्रा के दौरान वाहनों की लगातार आवाजाही से श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकी। इस अव्यवस्था को लेकर सिख समाज के लोगों में नाराजगी देखी गई। सिख समाज के सदस्य मनजीत सिंह भाटिया ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि प्रकाश पर्व की शोभायात्रा की जानकारी पुलिस प्रशासन को पहले से दी गई थी, इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। वाहनों की आवाजाही के कारण नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतें हुईं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों में पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार कर प्रभावी व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अब सवाल यह है कि पूर्व सूचना के बावजूद यातायात व्यवस्था क्यों नहीं संभाली गई? धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन कब गंभीर होगा?
कलेक्टर की चेतावनी बेअसर, शिकायत के 8 दिन बाद भी हिंछापुर धान खरीदी मामले में कार्रवाई नहीं
ब्लॉक रिपोर्टर - वरुण देव नेताम, नगरी - धमतरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ 15 नवंबर को 42 क्विंटल धान का टोकन कटा, खरीदी के बाद भुगतान भी जारी पंचनामे में खेत पर खड़ी मिली फसल, 22 नवंबर तक भी नहीं हुई कटाई *नगरी।* धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करने की कलेक्टर की सख्त चेतावनी के बावजूद हिंछापुर में कथित फर्जी धान खरीदी का मामला आठ दिन बाद भी कार्रवाई के इंतजार में है। हैरानी की बात यह है कि जिस खसरा नंबर की 42 क्विंटल धान खरीदी दर्शाई गई, उसी खेत में 19, 20 और 21 नवंबर को हुए अलग-अलग पंचनामों में फसल खड़ी पाई गई। 22 नवंबर तक भी खेत में फसल मौजूद है। दूसरी ओर इसी खसरे के नाम पर धान खरीदी के साथ भुगतान की प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई है। इससे खरीदी प्रक्रिया और विभागीय सत्यापन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में आवेदक प्रेम नारायण सिन्हा ने अधिकारियों को दस्तावेजों के साथ शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक एग्रीस्टैक में तरुण पिता मोहन सिन्हा निवासी सांकरा के नाम पर हिंछापुर स्थित खसरा नंबर 124, रकबा 0.4800 हेक्टेयर दर्ज है। इसी खसरे के आधार पर 15 नवंबर को टोकन क्रमांक टीके 59001901262700627 के माध्यम से 42 क्विंटल धान बिक्री दर्ज की गई। इसके अगले दिन 16 नवंबर को भुगतान की फाइल भी तैयार कर दी गई। आवेदक का कहना है कि 15 नवंबर को धान खरीदी के शुभारंभ के दिन सुबह करीब 9 बजे ही उन्होंने उपार्जन केंद्र सांकरा में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी जानकारी दे दी थी। प्रभारी प्रबंधक को लिखित शिकायत देकर बताया गया था कि खसरा नंबर 124 में धान की फसल अभी खेत में खड़ी है, इसके बावजूद उक्त खसरे का टोकन जारी हुआ है और धान उपार्जन केंद्र पहुंच गया है। शिकायत में भौतिक सत्यापन के बाद ही खरीदी करने की मांग की गई थी। प्रभारी प्रबंधक ने शिकायत की पावती भी दी थी। इसके बावजूद उसी दिन धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी कर दी गई। प्रेम नारायण सिन्हा ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बाद 18 नवंबर को खेत में खड़ी फसल काटने के लिए हार्वेस्टर लाया गया था। हालांकि उनके विरोध के बाद पंचनामा होने तक फसल की कटाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि फसल की कटाई हो जाती तो खेत में खड़ी फसल को लेकर महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित हो सकते थे। तीन दिन लगातार पंचनामे में मिली खड़ी फसल मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 19, 20 और 21 नवंबर को अलग-अलग स्तर पर मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया। 19 नवंबर को पटवारी, कोटवार, ग्राम पंचायत हिंछापुर के सरपंच और आवेदक की मौजूदगी में पंचनामा हुआ। इसमें खेत में फसल खड़ी पाई गई। 20 नवंबर को तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक और कृषि अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान भी फसल खड़ी होने की बात सामने आई। वहीं 21 नवंबर को एसडीओपी के निर्देश पर विभागीय एवं उपार्जन केंद्र के कर्मचारी तथा आवेदक की उपस्थिति में फिर पंचनामा किया गया। इसमें भी खेत में धान की फसल खड़ी मिली। लगातार तीन दिनों के पंचनामों के बावजूद अब तक टोकन निरस्त करने, भुगतान रोकने अथवा संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। यही वजह है कि शिकायतकर्ता विभागीय जांच की गति और कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उठ रहा सवाल, सत्यापन के बिना कैसे हुई खरीदी इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब 15 नवंबर को ही प्रभारी प्रबंधक को लिखित शिकायत मिल गई थी, तब खरीदी से पहले भौतिक सत्यापन क्यों नहीं कराया गया? संदेह की स्थिति में खरीदी रोककर संबंधित नोडल अधिकारी और राजस्व अधिकारियों को सूचना देने की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी। इसके बावजूद खरीदी और भुगतान की प्रक्रिया आगे कैसे बढ़ी, इसकी जांच की मांग की जा रही है। आवेदक का यह भी कहना है कि प्रभारी प्रबंधक के पास भौतिक सत्यापन की पहल करने का अधिकार नहीं होने की बात सही नहीं है। शिकायत मिलने पर उन्हें नोडल अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारियों को तत्काल सूचना देकर समिति के कर्मचारियों के साथ मौके पर सत्यापन कराना चाहिए था। जांच पूरी होने तक संबंधित खरीदी रोकने की आवश्यकता थी। बयानों में उलझी जांच, कार्रवाई का इंतजार प्रेमनारायण सिन्हा के अनुसार शिकायत के बाद राजस्व, खाद्य और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों की मौजूदगी में तीन बार पंचनामा तैयार किया जा चुका है। इसके बावजूद आठ दिन बीतने के बाद भी जांच पूरी नहीं होने और ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से संदेह की स्थिति बन रही है। उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया मामले में खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता दिखाई दे रही है। ऐसे में केवल संबंधित लोगों के बयान लेने तक जांच सीमित रखने के बजाय दस्तावेजों, टोकन, भुगतान रिकॉर्ड, पंचनामों और जियोटैग तस्वीरों का मिलान किया जाना चाहिए।छत्तीसगढ़ सहकारी सोसाइटी अधिनियम, 1960 की धारा 55(1) के तहत बनाए गए पैक्स सेवा नियम, 2018 के नियम 16.4 और 16.5 का हवाला देते हुए कहा कि ठोस कार्रवाई किया जाना चाहिए। कार्रवाई का आवेदन कलेक्टर, एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारी सिहावा को सौंपकर कथित फर्जी खरीदी की जांच कर भुगतान पर रोक लगाने, टोकन निरस्त करने और दोषी पाए जाने वाले किसान, प्रभारी प्रबंधक सहित खरीदी प्रक्रिया में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर सभी दस्तावेजों के साथ कृषि मंत्री से शिकायत की जाएगी।
जनजातीय गौरव दिवस पर दंतेवाड़ा में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत का भव्य संगम*
*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज* *रिपोर्टर - गौतम रंगारी* *ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)* *जनजातीय महानायकों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को किया नमन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुई आदिवासी संस्कृति* *प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को मिली नई दिशा–वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप* *मंत्री ने मेला-मड़ई की भव्यता के लिए रूपरेखा तैयार करने, जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने और गौरव वाटिका विकसित करने के दिए निर्देश* दंतेवाड़ा, 21 नवंबर 2026। जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महानायकों के अतुलनीय योगदान को समर्पित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में किया गया। समारोह में आदिवासी संस्कृति, लोककला, परंपराओं और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास की अनुपम झलक देखने को मिली। जनजातीय महानायकों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को नमन करते हुए उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस अवसर पर वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को देश और दुनिया के सामने लाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातीय समुदाय के महानायकों की वीरता, संघर्ष और बलिदान की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस की परिकल्पना की। आज यह आयोजन केवल किसी एक समाज का उत्सव नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को स्मरण करने का अवसर बन गया है। प्रभारी मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि हमारे इतिहास में अनेक ऐसे जनजातीय महापुरुष और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुए हैं, जिन्होंने देश, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, लेकिन उन्हें इतिहास में वह स्थान नहीं मिल पाया जिसके वे वास्तविक रूप से अधिकारी थे। उन्होंने वर्ष 1919 की जलियांवाला बाग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश का अधिकांश नागरिक इस घटना से परिचित है, लेकिन 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए जनजातीय आंदोलन और लगभग 1,500 लोगों के बलिदान की जानकारी अपेक्षाकृत कम लोगों को है। ऐसे ऐतिहासिक प्रसंगों को सामने लाना और जनजातीय वीरों के योगदान को सम्मान देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने फिल्म आरआरआर का उदाहरण देते हुए कोमाराम भीम और अल्लूरी सीताराम राजू जैसे महानायकों के संघर्ष एवं बलिदान का उल्लेख किया। साथ ही भोपाल रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखे जाने का उल्लेख करते हुए उनके साहस, स्वाभिमान और त्याग को ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। प्रभारी मंत्री श्री कश्यप ने जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र के मेला-मड़ई आयोजनों की भव्यता और बेहतर आयोजन के लिए एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाए। इसके लिए उन्होंने कलेक्टर को आवश्यक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और महानायकों के योगदान को करीब से जान सके। साथ ही जिले में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक पहल एवं कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधायक श्री चैतराम अटामी ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोककला, भाषा और जीवनशैली हमारी विशिष्ट पहचान हैं। जनजातीय समाज ने सदैव प्रकृति संरक्षण, सामुदायिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। इस गौरवशाली विरासत को संजोकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आजीविका के अवसरों के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महानायकों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अविस्मरणीय है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय पहचान मिलने के साथ ही समाज के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। समारोह में जनजातीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी गई। समारोह में पद्मश्री से सम्मानित डॉ. बुधरी ताती एवं पद्मश्री डॉ. रामचंद्र गोडबोले को श्रीफल और शाल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में छतीसगढ़ राज्य महिला आयोग सदस्य श्रीमती ओजस्वी मांडवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री संतोष गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, मांझी-चालकी, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव,डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथ वाय, जिला पंचायत सीईओ श्री एम. भार्गव, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
चंगाई प्रार्थना सभा को लेकर नगरी में हंगामा, हिंदू संगठनों ने किया विरोध प्रदर्शन
ब्लॉक रिपोर्टर - वरुण देव नेताम, नगरी, जिला - धमतरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ धर्मांतरण और भगवान श्रीराम के अपमान का लगाया आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर नगर बंद की चेतावनी नगरी। धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक मुख्यालय में चंगाई प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। नगर के वार्ड क्रमांक 12 में आयोजित प्रार्थना सभा की सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का खेल संचालित होने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार चंगाई प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। देखते ही देखते मामला गरमा गया और कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने एक पास्टर पर भगवान श्रीराम के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, एसडीओपी सहित प्रशासनिक अमला और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। वहीं हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में कथित धर्मांतरण की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन और नगरी नगर बंद कराया जाएगा। लिखित शिकायत मिलने पर होगी जांच और कार्रवाई इस पूरे मामले में पुलिस सीएसपी मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रार्थना सभा को लेकर विवाद और विरोध प्रदर्शन की सूचना मिली है। संगठन के लोगों को पूरे मामले के संबंध में लिखित शिकायत प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम सुरक्षा में हम सबका सहयोग — महिला कमांडो की मुस्तैदी, सुरक्षित गाँव की गारंटी!
रिपोर्टर- प्रकाश कुमार साहू जिला संवाददाता बलौदाबाजार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज 🛡️ गाँव की सशक्त पहरेदारी: विभिन्न ग्रामों की महिला कमांडो सुबह-शाम गश्त कर असामाजिक तत्वों और शराब पीने वाले व्यक्तियों को खदेड़ने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। 👀 संदिग्ध व अप्रवासी व्यक्तियों पर निगाह: गाँव में यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, अप्रवासी या नया चेहरा दिखे, तो उन पर विशेष निगाह रखें और उनकी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुँचाएँ। 📞 तत्काल सूचना के लिए संपर्क करें: टोल फ्री नंबर: 1800 233 1905 "सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — गाँव की सुरक्षा में सहयोग करें!"