नवंबर को होगा मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, 11 दिसंबर तक लिए जाएंगे दावा-आपत्ति
✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ नवà...
More Stories
असत्य पर सत्य की विजय: बिलासपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड और कोनी में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में भव्य रावण दहन संपन्न
✍️रिपोर्टर आनन्द गुप्ता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ मुंगेली जिला बिलासपुर में बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की शाश्वत जीत का महापर्व 'विजयादशमी' अगाध आस्था, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए सबसे पहले साइंस कॉलेज ग्राउंड, बिलासपुर और इसके पश्चात कोनी में आयोजित भव्य रावण दहन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। राम-लक्ष्मण-सीता और हनुमान की भव्य झाँकी बनी मुख्य आकर्षण साइंस कॉलेज ग्राउंड और कोनी दोनों ही प्रमुख आयोजनों में मंच पर सजी भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और पवनपुत हनुमान की भव्य झाँकी उपस्थित जनसमूह के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस मनमोहक और अलौकिक झाँकी के दर्शन करने के लिए दूर-दूर से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुँचे थे। पूरा प्रांगण भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया। धर्म, मर्यादा और संस्कृति का संदेश विशाल जनसैलाब को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि विजयादशमी का पावन पर्व हमारी पौराणिक मान्यताओं और सनातन इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है, जब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने लंकापति रावण का वध कर त्रैलोक्य को आतंक मुक्त किया था और धर्म की स्थापना की थी। यह पर्व हमें अहंकार, अन्याय और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, मर्यादा एवं सदाचार के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भारतीय संस्कृति की महान परंपराओं को रेखांकित करते हुए कहा कि विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजन यह संदेश देता है कि शक्ति का उपयोग हमेशा धर्म की रक्षा, सज्जनों के कल्याण और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए होना चाहिए। इसके साथ ही शमी पूजन हमारे जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आता है। समाज और राष्ट्र निर्माण के संकल्प श्री साहू ने उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में सदाचार और उच्च मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता दें, बुजुर्गों का आशीर्वाद व संतों का सानिध्य प्राप्त करें, आपसी प्रेम व सद्भाव से समाज को सशक्त करें तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। आतिशबाजी और गगनभेदी नारों के बीच रावण दहन साइंस कॉलेज ग्राउंड और कोनी—दोनों ही स्थानों पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में शानदार आतिशबाजी के बीच रावण के पुतलों का दहन किया गया। आकाश में बिखरती रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच पूरा परिसर 'सियावर रामचंद्र की जय', 'पवनसुत हनुमान की जय' और 'भारत माता की जय' के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने समस्त देशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में आरोग्य, सुख, शांति और ऐश्वर्य की कामना की।
*राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सीईओ एम. भार्गव ने ली बैठक*
✍️*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज* *रिपोर्टर - गौतम रंगारी* *ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)* *इस वर्ष ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर 2 नवंबर को होगा एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव* दंतेवाड़ा, 21 अक्टूबर 2026। आगामी राज्योत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज संयुक्त जिला कार्यालय (कलेक्टरेट) के डंकनी सभाकक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. भार्गव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्योत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस वर्ष जिले में 02 नवंबर 2026 को एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर किया जाएगा। इस थीम के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। राज्योत्सव के दौरान जिले में संचालित विकास कार्यों, उपलब्धियों और विभिन्न विभागों की योजनाओं को प्रदर्शित करने के साथ ही स्थानीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री भार्गव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्था, मंच सज्जा, विभागीय प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, आमंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने तथा आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से आयोजन को जनभागीदारीपूर्ण बनाने तथा महिलाओं और युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। साथ ही कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने और जिले की सांस्कृतिक पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने पर भी बल दिया।बैठक के दौरान अपर कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे।
गरियाबंद से रायपुर और देवभोग रूट पर बस किराया बढ़ा, आम जनता पर पड़ेगा असर नई सूची जारी - जानिए अब कहां तक कितना लगेगा पैसा
✍️हमरप्रदेश सीजी न्यूज जागेश्वर पटेल जिला रिपोर्टर गरियाबंद गरियाबंद जिले से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। गरियाबंद से रायपुर और देवभोग रूट पर चलने वाली बसों के किराए में बढ़ोतरी कर दी गई है। गरियाबंद बस संचालकों द्वारा जारी की गई नई किराया सूची सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर से देवभोग के बीच कुल दूरी 225 किलोमीटर है और इस रूट पर साधारण बस सेवा की नई दरें लागू की गई हैं। यह सूची 8 अक्टूबर 2026 को जारी की गई है। गरियाबंद से मुख्य स्थानों का नया किराया - गरियाबंद से राजिम - 45 किलोमीटर - 80 रुपये - गरियाबंद से मैनपुर - 47 किलोमीटर - 84 रुपये - गरियाबंद से रायपुर - 90 किलोमीटर - 159 रुपये - गरियाबंद से देवभोग - 135 किलोमीटर - 238 रुपये - रायपुर से देवभोग - 225 किलोमीटर - 395 रुपये पूरा किराया चार्ट 1. गरियाबंद से रायपुर रूट पर मालगांव (6 KM - 11 Rs), बारूका (11 KM - 19 Rs), पौड़ (21 KM - 37 Rs), पाण्डुका (24 KM - 42 Rs), सरसाबांधा / छताबंधा (33 KM - 58 Rs), *राजिम (45 KM - 80 Rs)*, मणिकचौरी (54 KM - 96 Rs), अभनपुर (62 KM - 110 Rs), माना (75 KM - 133 Rs) होते हुए रायपुर। 2. गरियाबंद से देवभोग रूट पर जोबा (16 KM - 30 Rs), नवागढ़ (25 KM - 45 Rs), धवलपुर (38 KM - 68 Rs), *मैनपुर (47 KM - 84 Rs)*, राजापड़ाव (61 KM - 108 Rs), तौरेंगा (69 KM - 122 Rs), डुमरपड़ाव (78 KM - 138 Rs), इंदागांव (84 KM - 149 Rs), घुटकानीडीह (101 KM - 178 Rs), गोहरापदर (112 KM - 198 Rs), चिचिया (119 KM - 210 Rs), कड़लीमुड़ा (127 KM - 224 Rs) होते हुए देवभोग। यात्रियों के लिए जरूरी सूचना - नई किराया सूची में रायपुर से देवभोग के बीच चलने वाली साधारण बस सेवा की दरों का उल्लेख है। उपलब्ध दस्तावेज में 8 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होने की तारीख दर्ज है। इसलिए 21 अक्टूबर से किराया बढ़ने की पुष्टि संबंधित बस संचालकों से करना जरूरी है। सभी यात्रियों से अपील है कि बस में सफर करने से पहले परिचालक से अपने गंतव्य का किराया सुनिश्चित कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। किराया बढ़ाने की यह सूची गरियाबंद बस संचालकों द्वारा दी गई है। गरियाबंद आरटीओ विभाग से इसकी जानकारी लेने के लिए संपर्क किया गया मगर उनसे संपर्क नहीं हो पाया। हालांकि यह किराया प्रदेश स्तर पर किराया बढ़ाने के बाद की सूची है।
महासमुंद: पुलिस लाइन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन, एसपी प्रभात कुमार सहित अधिकारी-जवान रहे मौजूद।
महासमुंद: पुलिस लाइन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन, एसपी प्रभात कुमार सहित अधिकारी-जवान रहे मौजूद। हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ ब्लॉक रिपोर्टर सरायपाली देवाराम चौहान जिला महासमुंद 21/10/2026 महासमुंद पुलिस शस्त्र पूजनमहासमुंद। विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन महासमुंद में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक सहित जिला पुलिस बल के अधिकारियों एवं जवानों ने जिला शस्त्रागार में रखे अग्नेयास्त्रों और अन्य शस्त्रों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बेमचा निवासी पंडित पंकज तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। विजयादशमी पर विधि-विधान से हुई शस्त्रों की पूजा-अर्चना, महासमुंद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का लिया संकल्प।विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा भारतीय संस्कृति, शौर्य और पराक्रम का प्रतीक मानी जाती है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए महासमुंद पुलिस द्वारा प्रतिवर्ष इस पावन पर्व पर शस्त्र पूजन किया जाता है। यह आयोजन पुलिस बल के लिए कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश देता है। पुलिस बल के लिए शस्त्र केवल सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का साधन नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के दायित्व का प्रतीक भी हैं। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने विजयादशमी की परंपरा का पालन करते हुए जनसेवा, कर्तव्यपालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप, निरीक्षक महेश साहू, विनोद कश्यप, दिनेश यादव एवं आकाश मसीह, उप निरीक्षक राजीव नाहर, कंपनी कमांडर साहू, प्रशिक्षु सूबेदार ईश्वर साहू, सहायक उप निरीक्षक बालमुकुंद साहू तथा शस्त्रागार प्रभारी कदम सिंह नाग सहित जिला पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
वीर जवानों के शहादत ने छत्तीसगढ़ में लौटाई शांति-मंत्री श्री केदार कश्यप
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़ स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट वीर जवानों के शहादत ने छत्तीसगढ़ में लौटाई शांति-मंत्री श्री केदार कश्यप शहीद स्मृति दिवस पर वन मंत्री केदार कश्यप शहीद जवानों को किया नमन अमर शहीद वाटिका में अर्पित की श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों से भेंट कर जाना हालचाल जगदलपुर, 21 अक्टूबर पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने जगदलपुर स्थित अमर शहीद वाटिका में वीर शहीद पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की। वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का बलिदान राष्ट्र सदैव याद रखेगा। उनका अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इन वीर सपूतों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के लिए अपने प्रियजन को खोने का दुःख अपूरणीय होता है। इसके बावजूद शहीद जवानों के परिजनों का धैर्य, साहस और राष्ट्र के प्रति सम्मान हम सभी को प्रेरणा देता है। इन परिवारों का त्याग भी राष्ट्र के प्रति समर्पण की एक मिसाल है। शहीदों की स्मृतियों को संजोना और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशीलता एवं सम्मान बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पुलिस के जवान विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। समाज में शांति स्थापित करने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून का शासन बनाए रखने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य पथ पर चलते हुए देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करना है। इन वीर जवानों की शहादत हमें सदैव साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी। राष्ट्र अपने इन वीर सपूतों के बलिदान और उनके परिवारों के त्याग का सदैव ऋणी रहेगा।कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर नगर पालिक निगम के महापौर श्री संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान, यूनेस्को की संभावित विश्व धरोहर सूची में शामिल
✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान, यूनेस्को की संभावित विश्व धरोहर सूची में शामिल छत्तीसगढ़ की प्राचीन संस्कृति, बौद्ध विहारों और अद्भुत स्थापत्य कला को दुनिया के सामने लाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि महासमुंद, 21 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में महानदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक नगरी सिरपुर ने वैश्विक पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। सिरपुर को यूनेस्को की विश्व धरोहर की संभावित सूची में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राचीन स्थापत्य कला और पुरातात्विक महत्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। दक्षिण कोसल की प्राचीन राजधानी रहा है सिरपुर प्राचीन काल में श्रीपुर के नाम से प्रसिद्ध सिरपुर, पांडुवंशी शासकों के शासनकाल में दक्षिण कोसल की राजधानी रहा। सातवीं शताब्दी में यह क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र था। चीनी यात्री ह्वेनसांग ने भी सिरपुर की यात्रा की थी। यहां बौद्ध धर्म के साथ शैव, वैष्णव और जैन परंपराओं से जुड़े अनेक पुरातात्विक अवशेष मिले हैं। लक्ष्मण मंदिर और बौद्ध विहार हैं प्रमुख आकर्षण सिरपुर का प्रसिद्ध लक्ष्मण मंदिर ईंटों से निर्मित प्राचीन भारतीय मंदिर स्थापत्य का उत्कृष्ट उदाहरण है। लगभग सातवीं शताब्दी में निर्मित इस मंदिर का निर्माण महाशिवगुप्त बालार्जुन की माता रानी वासटा ने अपने दिवंगत पति हर्षगुप्त की स्मृति में करवाया था। इसके अलावा आनंदप्रभु कुटी विहार, स्वास्तिक विहार, तीवर देव महाविहार, गंधेश्वर मंदिर और सुरंग टीला जैसे ऐतिहासिक स्थल सिरपुर की विशिष्ट पहचान हैं। उत्खनन में प्राप्त भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं, प्राचीन धातु प्रतिमाएं, सिक्के और स्थापत्य अवशेष यहां की समृद्ध सभ्यता के प्रमाण प्रस्तुत करते हैं। अद्भुत शिल्पकला का केंद्र है तीवर देव महाविहार सिरपुर स्थित तीवर देव महाविहार अपनी विशालता, भव्यता और उत्कृष्ट शिल्पकला के लिए विशेष महत्व रखता है। लगभग 902 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस बौद्ध विहार में अलंकृत प्रवेश द्वार, विभिन्न मूर्तियां और प्राचीन जल निकासी प्रणाली के अवशेष मिले हैं। इसकी कलाकृतियां तत्कालीन दक्षिण कोसल की उन्नत कला और सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाती हैं। संरक्षण और पर्यटन को मिलेगी नई दिशा कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के अनुसार, सिरपुर को यूनेस्को की संभावित विश्व धरोहर सूची में स्थान मिलना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 1 जनवरी 2026 को सिरपुर के पुरातात्विक स्थलों का अवलोकन किया था। उन्होंने इन धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन और सिरपुर को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए प्राथमिकता से प्रयास करने की बात कही थी। सिरपुर का संभावित विश्व धरोहर सूची में शामिल होना छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भविष्य में धरोहर संरक्षण, सांस्कृतिक पर्यटन और क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत के व्यापक प्रचार-प्रसार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
रायपुर --रावणभाटा दशहरा उत्सव को हर साल मिलेंगे 10लाख रूपये, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की घोषणा।
रायपुर --रावणभाटा दशहरा उत्सव को हर साल मिलेंगे 10लाख रूपये, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की घोषणा। हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ देवराम चौहानब्लॉक रिपोर्टर सरायपाली,महासमुंद रायपुर। विजयादशमी का पर्व हमे बुराई अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देता है। यह दिन अपने भीतर की बुराइयों पर विजय प्राप्त कर सत्य,धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का अवसर भी है ल मुख्य मंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक रावणभाठा मैदान में आयोजित विजयादशमी उत्सव में शामिल होकर प्रदेश वासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी। 170 साल पुरानी परम्परा को सहेजने की पहल रायपुर में विजयादशमी पर सीएम साय ने सत्य,धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रावणभाठा दशहरा उत्सव की लगभग 170 वर्ष पुरानी परम्परा को संरक्षित और आगे बढ़ाने के लिए प्रति वर्ष 10लाख रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा की हमारी संस्कृति विरासत और परंपराओं को सहेजना सभी की जिम्मेदार है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़ने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विजय दशमी केवल रावण दहन का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमे अपने जीवन में सत्य, सेवा, सुशासन और जनकल्याण के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।उन्होंने प्रभु श्रीराम के आदर्श को आत्मसात करते हुए समाज और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धैर्य, साहस और न्याय के प्रति अटूट निष्ठा का उदाहरण है। विजय दशमी हमे सिखाती है परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हो है,हमे सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आदर्श को अपने जीवन में अपनाकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम का जीवन सत्य, धर्म, साहस और न्याय के प्रति अटूट निष्ठा का उदाहरण है। विजयादशमी हमे सिखाती है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हो,हमे सत्य और धर्म के मार्ग पर चलते रहना चाहिए़ । मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इन आदर्शों को अपने जीवन में अपना कर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। रावण भाटा मैदान में दशहरा उत्सव की लम्बी परम्परा रायपुर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रति वर्ष यहां आयोजित होने वाला यह उत्सव लोगों को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है। मुख्यमंत्री की ओर से वार्षिक सहायता की घोषणा को इस परम्परा को निरंतर बनाए रखने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
छिपली गांव की रामलीला में आग का तांडव! हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकार समेत 3 झुलसे, दो की हालत गंभीर...
छिपली गांव की रामलीला में आग का तांडव! हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकार समेत 3 झुलसे, दो की हालत गंभीर... 🛑 ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू...हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज धमतरी, नगरी ।दशहरे की खुशियों के बीच धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम छिपली में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रामलीला मंचन के दौरान अचानक आग भड़क उठी। इस हादसे में हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकार समेत तीन लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की चपेट में आए तीन कलाकार जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर को दशहरे के अवसर पर ग्राम छिपली में स्थानीय कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा था। इसी दौरान आग से जुड़ा करतब दिखाने के लिए इस्तेमाल की जा रही सामग्री से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कलाकारों की वेशभूषा और नकली बाल इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते तीन कलाकार झुलस गए। दो घायलों को धमतरी किया गया रेफर हादसे में घायल हेमंत ध्रुव और सोम की हालत गंभीर बताए जाने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए धमतरी अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। वहीं, तीसरे घायल तोषण साहू की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। उनके घर पर ही उपचार किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घायलों की वर्तमान स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। धार्मिक आयोजनों में दर्शकों के मनोरंजन के लिए आग से जुड़े करतब दिखाए जाते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर ऐसी घटनाएं गंभीर रूप ले सकती हैं। छिपली की इस घटना ने रामलीला और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। कैमरे पर सामने आई घटना की तस्वीरें इस हादसे की गंभीरता को बयां कर रही हैं।
स्वदेशी मेले में गूंजा बस्तर का लोकरंग, सिद्धार्थ महाजन के गीतों पर रात तक झूमे हजारों दर्शक
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़ 🛑 स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट स्वदेशी मेले में गूंजा बस्तर का लोकरंग, सिद्धार्थ महाजन के गीतों पर रात तक झूमे हजारों दर्शक जगदलपुर: के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित भव्य स्वदेशी मेले के सांस्कृतिक मंच पर बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विख्यात लोक गायक सिद्धार्थ महाजन और उनकी टीम ने बस्तर एवं छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला-संस्कृति का अद्भुत संगम पेश किया, जिसे देखने हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा।महानवमी के पावन अवसर पर माता के भजनों और मां दंतेश्वरी के भक्तिमय गीतों की ऐसी धारा बही कि दर्शक भाव-विभोर होकर झूम उठे। "जय मां दंतेश्वरी" और "जय मां दुर्गा" के जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा। हजारों की भीड़ रात 11:00 बजे तक बिना हिले-डुले लोक संगीत का आनंद लेती रही।कार्यक्रम में पारंपरिक नृत्यों जैसे गेड़ी नृत्य, सुआ नृत्य, राउत नाचा और पंथी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही बस्तर की आस्था के प्रतीक 'आंगा डोली' और आगामी दीपावली को समर्पित 'गौरा-गौरी' की सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन किया गया। भक्ति गीतों के साथ मां दुर्गा और मां काली की भव्य झांकियों ने उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।लोक गायक सिद्धार्थ महाजन ने अपने गीतों के माध्यम से समाज को दो महत्वपूर्ण संदेश दिए - एक ओर उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया, तो दूसरी ओर गीतों के माध्यम से बस्तर में शांति और विकास की बढ़ती राह का संदेश भी जन-जन तक पहुँचाया।कार्यक्रम के सफल समापन पर स्वदेशी मेले के डायरेक्टर एवं आयोजन समिति द्वारा सिद्धार्थ महाजन और उनकी पूरी टीम का सम्मान किया गया। दर्शकों ने करतल ध्वनि से कलाकारों का अभिनंदन कर उनकी प्रतिभा की जमकर तारीफ की।अंत में सिद्धार्थ महाजन ने आयोजन को सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय सांसद, विधायक, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप जी महापौर सहित नगर निगम टीम, और प्रशासनिक अधिकारियों में कमिश्नर, कलेक्टर, एसपी व पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। बस्तर की इस सांस्कृतिक संध्या ने न केवल लोक कला को नया जीवन दिया, बल्कि स्वदेशी और शांति का सुंदर संदेश भी प्रसारित किया।
वाहिनी मुख्यालय में विजयादशमी पर शस्त्र एवं वाहन पूजन संपन्न
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार परंपरागत रीति-रिवाज के साथ हुआ पूजन, जवानों की सुख-समृद्धि एवं सुरक्षा की कामना छत्तीसगढ़। विजयादशमी पर्व के शुभ अवसर पर वाहिनी मुख्यालय में कोत एवं परिवहन शाखा में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान शस्त्रों एवं वाहनों का पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजन कर सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना की गई। कार्यक्रम सेनानी महोदया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सहायक सेनानी श्री इंद्रसेन बंजारे, सी.सी. श्री लायक राम डाहरिया, सी.सी. श्री वाल्मिक प्रसाद, एस.आई. श्री पी. सोलोमन सहित वाहिनी मुख्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूजन के दौरान वाहिनी के समस्त जवानों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं सुरक्षित भविष्य की कामना की गई। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम परंपराओं के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज आपकी खबर • आपकी आवाज • हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
नव दुर्गा उत्सव समिति दाऊमुहल्ला बिर्रा द्वारा भव्य दुर्गा विसर्जन संपन्न,
📍 बिर्रा (छत्तीसगढ़) — ब्रेकिंग न्यूज़ नव दुर्गा उत्सव समिति दाऊमुहल्ला बिर्रा द्वारा भव्य दुर्गा विसर्जन संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने नम आँखों से दी माँ को विदाई बिर्रा। नव दुर्गा उत्सव समिति दाऊमुहल्ला बिर्रा के तत्वावधान में इस वर्ष का दुर्गा पूजा महोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। विजयादशमी के पावन अवसर पर माँ दुर्गा की प्रतिमा का भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया। शाम होते ही दाऊमुहल्ला से माँ दुर्गा की सुसज्जित झांकी ट्रेक्टर पर निकली। पूरे बिर्रा नगर में ढोल-नगाड़ों, डीजे और "बोलो दुर्गा माई की जय" के जयकारों से माहौल गूँज उठा। विसर्जन शोभायात्रा में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। समिति के सदस्यों ने बताया कि 9 दिनों तक विधि-विधान से माँ की पूजा-अर्चना, गरबा और भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। अंत में आचार्य जीतेन्द्र तिवारी जी द्वारा तालाब किनारे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माँ दुर्गा को नम आँखों से विदाई दी गई और सभी ने अगले वर्ष जल्दी आने की प्रार्थना की।नवदुर्गा उत्सव समिति दाऊमुहल्ला बिर्रा Gandhi Lal sahu District repoter - जांजगीर चांपाhamarpradeshcg.com
बस्तर दशहरा: 23 अक्टूबर को सिरहासार भवन में ही आयोजित होगा पारंपरिक 'मुरिया दरबार'
हमर प्रदेश सीजी न्यूज़ 🛑स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट बस्तर दशहरा: 23 अक्टूबर को सिरहासार भवन में ही आयोजित होगा पारंपरिक 'मुरिया दरबार' नाम बदलने की चर्चाएं महज अफवाह, बस्तर दशहरा समिति एवं प्रशासन ने किया स्पष्ट जगदलपुर, विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व की सबसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक रस्मों में शुमार 'मुरिया दरबार' को लेकर बीते कुछ दिनों से चल रही तमाम अटकलों और चर्चाओं पर अब पूरी तरह विराम लगा दिया गया है। बस्तर दशहरा समिति ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आधिकारिक तौर पर बताया है कि 23 अक्टूबर को आयोजित होने वाला यह पारंपरिक दरबार अपने पूर्व निर्धारित और ऐतिहासिक स्थल यानी सिरहासार भवन में ही आयोजित किया जाएगा। वर्षों से चली आ रही इस गौरवशाली परंपरा को निभाते हुए स्पष्ट कर दिया गया है कि इस वर्ष भी आयोजन स्थल में किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही मुरिया दरबार का नाम बदले जाने को लेकर फैल रही खबरों को भी सिरे से खारिज करते हुए बस्तर दशहरा समिति ने स्पष्ट किया कि नाम परिवर्तन की बात पूरी तरह निराधार और अफवाह मात्र है। बस्तर दशहरा समिति की ओर से वितरित किए जा रहे निमंत्रण पत्र में भी स्पष्ट तौर पर 'मुरिया दरबार' का ही उल्लेख किया गया है, जिससे यह साफ होता है कि सदियों पुरानी इस सामाजिक-सांस्कृतिक धरोहर के स्वरूप या पहचान से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर बस्तर दशहरा के पावन अवसर पर आम जनता और आगंतुकों की सुविधा के लिए लालबाग मैदान में प्रदर्शनी और आमसभा का आयोजन किया जा रहा है, ताकि दोनों कार्यक्रम अपनी-अपनी गरिमा और स्वरूप के साथ सुगमता से संपन्न हो सकें। इस बारे में जनसामान्य से किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों और अपुष्ट अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया है।