Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

खबरे काम की

Latest खबरे काम की news, analysis, and in-depth coverage

🔥 Top Story

वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुखद जीवन की पहल: जांजगीर-चांपा में ‘सियान गुड़ी’ केयर सेंटर का शुभारंभ

सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने किया शुभारंभ, वरिष्ठ नागरिकों ...

State Head • Oct 30, 2026

More Stories

🕊️ छत्तीसगढ़ की राजनीति में शोक की लहर: अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन

✍️ रिपोर्टर: आनन्द गुप्ता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़   78 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में चल रहा था इलाज   छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ की राजनीति से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका उपचार जारी था। इसी दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।   विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन की खबर से भाजपा संगठन सहित राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।   निधन की सूचना मिलने के बाद मंत्री गजेंद्र यादव और विधायक ललित चंद्राकर उनके परिजनों से मिलने पहुंचे और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।   डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से छत्तीसगढ़ की राजनीति को गहरा आघात पहुंचा है। उनके निधन पर समर्थकों और शुभचिंतकों द्वारा शोक व्यक्त किया जा रहा है।   विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति।    

Oct 30, 2026 Read

गरियाबंद वन मंडल के विभिन्न वन कक्षों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूजजिला रिपोर्टर - जागेश्वर पटेल, गरियाबंद गरियाबंद वन मंडल के विभिन्न वन कक्षों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण गरियाबंद, 30 अक्टूबर 2026 - गरियाबंद वनमण्डल अंतर्गत विभिन्न वन कक्षों का आज वन विभाग के अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कक्ष क्रमांक 735, 697, 698, 699 एवं 700 का जायजा लिया गया। टीम में सहायक संचालक उदंती (मैनपुर) श्री गोपालसिंह कश्यप, रेंज ऑफिसर दक्षिण उदंती श्री चंद्रबली ध्रुव, रेंज ऑफिसर नवागढ़ श्री भूखनलाल सोरी, रेंज ऑफिसर कुल्हाड़ीघाट श्री दिनेश चौधरी एवं रेंज ऑफिसर उत्तर उदंती सुश्री ज्योति ध्रुव उपस्थित थे। इस दौरान ग्राम ओढ़ एवं अमलोर के ग्रामीणों को टीमनपुर बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक 735 का भ्रमण कराया गया तथा वन क्षेत्र का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया।

Oct 30, 2026 Read

कमिश्नर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने ली सतर्कता जागरूकता की शपथ

हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार  कमिश्नर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने ली सतर्कता जागरूकता की शपथ जगदलपुर, 30 अक्टूबर 2026 / सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कमिश्नर कार्यालय में शुक्रवार को अधिकारियों-कर्मचारियों ने सतर्कता जागरूकता के तहत सजग रहकर ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों का पालन करने सहित सभी कार्यों को ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ जनहित में करने की शपथ ली। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर गीता रायस्त सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Oct 30, 2026 Read

खुड़िया मल्टी-विलेज जल प्रदाय योजना: 

रिपोर्टर देवेन्द्र केशरवानी लोरमी मुंगेली खुड़िया मल्टी-विलेज जल प्रदाय योजना:   किनारे पाइपलाइन बिछाने के लिए किया गया संयुक्त निरीक्षण मुंगेली जिले में ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खुड़िया मल्टी-विलेज जल प्रदाय योजना के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने योजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक प्रक्रियाओं को गति देने लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं नगर पालिका लोरमी के अधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग की सड़क के किनारे पाइपलाइन बिछाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के संबंध में संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया।          निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने से जुड़े आवश्यक तकनीकी एवं विभागीय पहलुओं का आकलन करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर ध्यान दिया गया। खुड़िया मल्टी-विलेज जल प्रदाय योजना के कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य पाइपलाइन बिछाने के लिए आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना तथा कार्य के क्रियान्वयन में आने वाली संभावित बाधाओं का समय रहते निराकरण करना है।

Oct 30, 2026 Read

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज   जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद 

✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज   जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद  गरियाबंद में 02 नवंबर को पुलिस ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन गरियाबंद, 30 अक्टूबर 2026 कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 02 नवंबर को जिला मुख्यालय गरियाबंद के पुलिस ग्राउंड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन की सभी व्यवस्थाएं एक नवंबर तक पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव का आयोजन गरिमापूर्ण एवं सांस्कृतिक वातावरण में किया जाए। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, मंच, टेंट, साउंड सिस्टम, लाइटिंग, जनरेटर, पेयजल, स्वच्छता एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस वर्ष प्रदर्शनी की मुख्य थीम सशक्त नारी युवा उड़ान होगी। हितग्राहियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभाग में कुछ नवाचारपूर्ण एवं उल्लेखनीय कार्य करने को कहा। राज्योत्सव के अवसर पर स्कूल एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कलेक्टर ने कार्यक्रमों को शालीन, सांस्कृतिक एवं गरिमामय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। कार्यक्रम के लिए आमंत्रण पत्रों की छपाई एवं वितरण समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं सम्मानित होने वाले लोगों के लिए प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, श्रीफल एवं शॉल की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके। राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 01 नवंबर से 03 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रात्रि जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों एवं अन्य प्रमुख स्थलों पर आकर्षक रोशनी की जाएगी। कलेक्टर श्री शर्मा ने संबंधित विभागों को अपने-अपने भवन में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सशक्त नारी, युवा उड़ान की थीम को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

Oct 30, 2026 Read

राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2026 में बस्तर संभाग का परचम, तनीष कश्यप एवं भूमिका मौर्य ने हासिल किया प्रथम स्थान, सरगुजा संभाग द्वितीय स्थान पर

हमर प्रदेश सीजी न्यूज़ स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट  राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2026 में बस्तर संभाग का परचम, तनीष कश्यप एवं भूमिका मौर्य ने हासिल किया प्रथम स्थान, सरगुजा संभाग द्वितीय स्थान पर जगदलपुर, 30 अक्टूबर 2026/  राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2026 में बस्तर संभाग का प्रतिनिधित्व कर रहे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदबहार दरभा के प्रतिभागी तनीष कश्यप एवं भूमिका मौर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सरगुजा संभाग ने द्वितीय स्थान हासिल किया।             बस्तर संभाग के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है। दोनों प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान, मेहनत और बेहतर तैयारी के दम पर राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे संभाग को गौरवान्वित किया है। बस्तर की प्रतिभा ने प्रदेश स्तर पर लहराया परचम, प्रथम स्थान की उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर है।             इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि तनीष कश्यप एवं भूमिका मौर्य की सफलता उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।               उन्होंने कहा कि रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता युवाओं में एचआईवी एड्स, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समझ विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने दोनों प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय के शिक्षकों एवं मार्गदर्शकों के योगदान की सराहना की।

Oct 30, 2026 Read

लोहंडीगुड़ा में माहवारी स्वच्छता व स्वास्थ्य पर जागरूकता सत्र आयोजित

लोहंडीगुड़ा में माहवारी स्वच्छता व स्वास्थ्य पर जागरूकता सत्र आयोजित हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट 90 छात्राओं ने सीखीं स्वच्छता की जरूरी बातें जगदलपुर, 30 अक्टूबर 2026/  कस्तूरबा गांधी बालिका आश्रम और हाईस्कूल में पीडीआईए फेलो द्वारा माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रबंधन पर विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 90 छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।             सत्र के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म चक्र, व्यक्तिगत स्वच्छता, सेनेटरी पैड के सही इस्तेमाल और उपयोग के बाद उनके सुरक्षित निपटान (डिस्पोजल) के वैज्ञानिक तरीकों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही दैनिक जीवन में स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।           विषय को रुचिकर और सहज बनाने के लिए फेलो द्वारा एक रोचक कार्ड गेम का आयोजन किया गया, जिसने छात्राओं की झिझक दूर करने में अहम भूमिका निभाई। माहौल को खुला और सहज बनाने के लिए शिक्षिकाओं को अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। शिक्षिकाओं की पहल के बाद छात्राओं में आत्म विश्वास जगा और उन्होंने भी खुलकर अपनी बातें सामने रखीं तथा माहवारी से जुड़े अपने संशय और सवाल पूछे।               कार्यक्रम के दौरान देखा गया कि कक्षा 6 वीं और 7 वीं की छात्राएं कक्षा 9 वीं और 10 वीं की छात्राओं की तुलना में अधिक मुखर रहीं और उन्होंने बढ़-चढ़कर प्रश्न पूछे। इस सत्र के माध्यम से छात्राओं को न केवल बुनियादी स्वास्थ्य जानकारी मिली, बल्कि सामाजिक झिझक को तोड़ते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा भी मिली।

Oct 30, 2026 Read

नन्हे बच्चों ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नन्हे बच्चों ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट  कोपरा  पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष, कोपरा के अंतर्गत नन्हे बच्चों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों को पेड़-पौधों के महत्व, पर्यावरण संतुलन और प्रकृति की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना और हरियाली के महत्व को विकसित करना है। पौधारोपण के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए पेड़-पौधों का संरक्षण बेहद जरूरी है।   डॉ. चंचल नागआयुर्वेद चिकित्सा अधिकारीआयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष, कोपराविकासखंड बड़ेराजपुर, जिला कोंडागांव (छत्तीसगढ़

Oct 30, 2026 Read

दीपावली से पहले बस्तर को सड़क विकास की बड़ी सौगात, 485 बसाहटों को मिलेगी बारहमासी सड़कें

दीपावली से पहले बस्तर को सड़क विकास की बड़ी सौगात, 485 बसाहटों को मिलेगी बारहमासी सड़कें हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट  उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों को मिला केंद्र सरकार का सकारात्मक प्रतिसाद, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का जताया आभार नक्सलवाद से मुक्त हुए दुर्गम गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने विशेष छूट के लिए उप मुख्यमंत्री ने किया अनुरोध     रायपुर, 29 अक्टूबर 2026/ दीपावली से पहले बस्तर संभाग के दूरस्थ, दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क के विस्तार की दिशा में केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। बस्तर की 485 बसाहटों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए स्वीकृति मिल चुकी है, वहीं 280 अन्य बसाहटों को बारहमासी सड़कों से जोड़ने के लिए 804.06 करोड़ रुपए की लागत के 263 सड़क कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक अभियान के साथ विकास की गति को तेज करने तथा दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के राज्य सरकार के प्रयासों को केंद्र सरकार का सहयोग मिल रहा है।      उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा बस्तर संभाग की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों, नक्सलवाद से मुक्त हुए गांवों की आवश्यकताओं तथा सड़क एवं पुल संपर्क के विस्तार को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र के माध्यम से इन क्षेत्रों के लिए विशेष पहल करने के लिए आग्रह किया था, जिसपर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्र द्वारा सकारात्मक रुख प्रदान किया है। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने अपने पत्र में बस्तर में सड़क संपर्क विस्तार की प्रगति, स्वीकृत कार्यों, प्रस्तावित सड़कों एवं पुलों तथा विशेष छूट के संबंध में की जा रही कार्यवाही की विस्तृत जानकारी दी है।      उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बस्तर के विकास के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और सकारात्मक पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है। बस्तर की 1,168 बसाहटों में सड़क संपर्क के लिए विभिन्न चरणों में कार्यवाही      केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया है कि वर्तमान में बस्तर संभाग की 1,168 बसाहटों से संबंधित सड़क कार्य विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। इनमें से 485 बसाहटों के कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के बैच-2 के अंतर्गत 280 बसाहटों को जोड़ने के लिए 263 सड़क कार्यों के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन सड़कों की कुल लंबाई 841.825 किलोमीटर तथा अनुमानित लागत 804.06 करोड़ रुपए है। वहीं लगभग 474 अन्य चिन्हांकित बसाहटों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किए जा रहे हैं।      प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के प्रथम बैच में बस्तर संभाग की 234 बसाहटों के सड़क कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें बस्तर जिले की 87, बीजापुर की 44, दंतेवाड़ा की 12, कांकेर की 41, कोण्डागांव की 34 तथा सुकमा की 16 बसाहटें शामिल हैं। 754 और बसाहटों तक पहुंचेगी बारहमासी सड़क, सातों जिलों में प्रस्ताव तैयार      पीएमजीएसवाई-4 के दूसरे बैच में बस्तर जिले की 114, बीजापुर की 125, दंतेवाड़ा की 63, कांकेर की 140, कोण्डागांव की 31, नारायणपुर की 136 और सुकमा की 146 बसाहटों को सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके लिए ग्रामीण सड़क सर्वे ऐप द्वारा सर्वे के साथ गति शक्ति योजना के साथ जोड़ने का काम भी किया जा रहा है। इन प्रस्तावित सड़कों के निर्माण से विशेष रूप से अंदरूनी वनांचल क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा।  ग्रामीणों को स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, बाजारों और प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही कृषि उपज के परिवहन, स्थानीय व्यापार और ग्रामीण आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे। पुल निर्माण को भी मिलेगी गति, 373 पुलों के प्रस्तावों पर हुई चर्चा      केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने पत्र में बताया है कि पीएमजीएसवाई-4 के बैच-1 के अंतर्गत 206 पुलों तथा पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत 167 पुलों के प्रस्तावों पर विचार करने के लिए अधिकार प्राप्त समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इन प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाएगी।       उल्लेखनीय है कि बस्तर संभाग के लिए 55 लंबे पुलों के प्रस्ताव किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आगामी चरणों के लिए भी पुल निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई है। नारायणपुर जैसे दुर्गम जिले में पीएम-जनमन के अंतर्गत 22 लंबे पुलों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं, जिनकी अनुमानित लागत लगभग 87.45 करोड़ रुपए है। इन पुलों के निर्माण से वर्षा ऋतु में नदी-नालों के कारण कट जाने वाले गांवों को बड़ी राहत मिलेगी तथा दूरस्थ बसाहटों के लिए आवागमन सुगम हो सकेगा। नक्सलमुक्त गांवों के लिए विशेष छूट के लिए पहल     उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बस्तर संभाग की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों की ओर पत्र द्वारा केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया था। बस्तर के घने जंगलों और दूर-दूर तक फैली छोटी बसाहटों में अनेक ऐसे गांव हैं, जिनकी जनसंख्या 100 से भी कम है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के प्रचलित जनसंख्या संबंधी मापदंडों के कारण ये गांव बारहमासी सड़क संपर्क की पात्रता से वंचित रह जाते हैं। उप मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद से मुक्त हुए गांवों में विकास कार्यों को तेज गति से पहुंचाने के लिए विशेष छूट प्रदान करने का अनुरोध किया था। इसमें निर्धारित क्लस्टर की जनसंख्या गणना में छूट तथा 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित छोटी-छोटी बसाहटों को एक क्लस्टर मानकर सड़क स्वीकृति देने की आवश्यकता को रेखांकित किया था।     केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने बताया है कि बस्तर संभाग की शेष पात्र बसाहटों की पहचान और उनकी सड़क संपर्क आवश्यकताओं का आकलन करने के लिए ग्राम सड़क सर्वेक्षण (जीएसएस) ऐप के माध्यम से चार माह के लिए सर्वेक्षण प्रारंभ किया गया है। क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण और विशेष छूट संबंधी  अनुरोध पर परीक्षण कर प्राप्त तथ्यों एवं लागू दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जा सकेगा। नक्सलवाद से मुक्ति के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा बस्तर - उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा      उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के साथ अब विकास की नई संभावनाएं तेजी से आकार ले रही हैं। हमारी प्राथमिकता है कि जिन गांवों में वर्षों तक भय और असुरक्षा का वातावरण रहा, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, संचार और रोजगार की सुविधाएं पहुंचे। उन्होंने कहा कि सड़क केवल दो स्थानों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि दूरस्थ गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास का आधार है। गांव तक पक्की सड़क पहुंचने से बच्चों को विद्यालय जाने, मरीजों को समय पर उपचार प्राप्त करने तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलती है। इसके साथ ही शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम छोर पर रहने वाले परिवारों तक पहुंचाना आसान होता है। इसीलिए बस्तर की छोटी और दुर्गम बसाहटों के लिए विशेष छूट का अनुरोध इसी उद्देश्य से किया गया है ताकि कोई भी गांव केवल कम जनसंख्या या कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सड़क संपर्क से वंचित न रह जाए। बस्तर के विकास में सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का जताया आभार      उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर संभाग में सड़क एवं पुल निर्माण के प्रस्तावों पर केंद्र सरकार द्वारा गंभीरतापूर्वक विचार किया जाना तथा विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सर्वेक्षण और आगे की कार्यवाही की जानकारी देना महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर के दूरस्थ अंचलों में विकास की नई राह खुल रही है। हमारी सरकार का संकल्प है कि नक्सलवाद से मुक्त होने वाले प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचे। जहां कभी आवागमन कठिन था, वहां अब सड़कें बनेंगी, पुलों से दूरियां कम होंगी और ग्रामीणों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।      श्री शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से बस्तर संभाग के शेष पात्र गांवों को भी चरणबद्ध तरीके से सड़क संपर्क से जोड़ा जा सकेगा और  बस्तर को सबसे विकसित जनजातीय संभाग बनाएंगे।

Oct 30, 2026 Read

बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा पर फिर लगा ब्रेक! 25 अक्टूबर को शुरू हुई फ्लाइट अगले ही दिन बंद, 42 यात्रियों की बुकिंग के बावजूद नहीं भरी उड़ान

रिपोर्टर: आशीष यादवजिला रिपोर्टर | हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़रतनपुर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा पर फिर लगा ब्रेक! 25 अक्टूबर को शुरू हुई फ्ला जोइट अगले ही दिन बंद, 42 यात्रियों की बुकिंग के बावजूद नहीं भरी उड़ान हवाई यात्रियों में नाराजगी, हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने उठाए सवाल; एयरपोर्ट प्रबंधन और एविएशन विभाग के अलग-अलग बयानों से असमंजस की स्थिति बिलासपुर। बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों को एक बार फिर निराशा का सामना करना पड़ रहा है। करीब 37 दिनों तक बंद रहने के बाद 25 अक्टूबर को दोबारा शुरू हुई बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा अगले ही दिन फिर ठप हो गई। हैरानी की बात यह है कि दोबारा संचालन के पहले दिन 36 यात्रियों ने इस उड़ान से सफर किया था, वहीं अगले दिन के लिए 42 यात्रियों की टिकट बुकिंग भी हो चुकी थी। इसके बावजूद विमान का संचालन नहीं किया गया। इस घटनाक्रम ने बिलासपुर के हवाई यात्रियों के बीच नाराजगी बढ़ा दी है। पहले भी बंद हो चुकी है हवाई सेवा गौरतलब है कि बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा पहले भी यात्रियों की कम संख्या का हवाला देकर बंद की जा चुकी है। 12 अगस्त 2026 को उड़ान का समय सुबह से बदलकर दोपहर कर दिया गया था। उस दौरान सुबह की फ्लाइट में औसतन 45 से 50 यात्री सफर कर रहे थे। इसके बावजूद 18 सितंबर को कम यात्री मिलने का हवाला देते हुए सेवा बंद कर दी गई थी। उस समय यात्रियों को आश्वासन दिया गया था कि विंटर शेड्यूल में बिलासपुर से कोलकाता के लिए दोबारा हवाई सेवा शुरू की जाएगी। लंबे इंतजार के बाद 25 अक्टूबर को विमान ने फिर उड़ान भरी, लेकिन अगले ही दिन सेवा बंद होने की खबर सामने आने से यात्रियों की उम्मीदों को झटका लगा है। 42 टिकट बुक, फिर भी क्यों नहीं हुआ विमान का संचालन? इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल अगले दिन की बुकिंग को लेकर खड़ा हो रहा है। जब 42 यात्रियों ने टिकट बुक करा रखी थी, तो आखिर विमान का संचालन क्यों नहीं किया गया? क्या तकनीकी कारण था, क्या परिचालन संबंधी कोई समस्या थी या फिर कंपनी ने किसी अन्य वजह से उड़ान रद्द की? इन सवालों पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने जताई नाराजगी बिलासपुर में हवाई सुविधाओं के विस्तार और नियमित विमान सेवाओं की मांग को लेकर संघर्ष कर रही हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी जताई है। समिति का कहना है कि बिलासपुर एयरपोर्ट और यहां के यात्रियों के साथ हवाई सेवा के नाम पर मजाक किया जा रहा है। समिति ने सवाल उठाया कि जब 42 यात्रियों की टिकट बुकिंग हो चुकी थी, तब भी उड़ान का संचालन क्यों नहीं किया गया? बार-बार यात्रियों की संख्या कम होने का हवाला देकर हवाई सेवा बंद करना उचित नहीं है। समिति ने इस मामले में स्पष्टता और नियमित हवाई सेवा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। एलायंस एयर ने दी सेवा बंद होने की जानकारी एयरपोर्ट डायरेक्टर बीरेन सिंह के अनुसार, बिलासपुर-कोलकाता उड़ान बंद होने की जानकारी एलायंस एयर की ओर से प्राप्त हुई है। हालांकि, एयरलाइन कंपनी की तरफ से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। एविएशन विभाग का दावा- फ्लाइट बंद नहीं हुई वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ एविएशन विभाग के डायरेक्टर मुकेश बंसल का कहना है कि बिलासपुर-कोलकाता फ्लाइट बंद नहीं हुई है। इसे हैदराबाद से जोड़ने की कोशिश की जा रही है और उड़ान का संचालन जारी है। एक ही हवाई सेवा को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन और एविएशन विभाग के अलग-अलग बयान सामने आने से पूरे मामले में स्थिति और उलझ गई है। यात्रियों को यह समझ नहीं आ रहा है कि बिलासपुर से कोलकाता के लिए उड़ान वास्तव में बंद है या फिर इसे किसी नए रूट और शेड्यूल के तहत संचालित करने की तैयारी चल रही है। यात्रियों को आखिर कब मिलेगी नियमित हवाई सुविधा? बिलासपुर संभाग के हजारों यात्रियों के लिए कोलकाता एक महत्वपूर्ण गंतव्य है। व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को नियमित हवाई सेवा की आवश्यकता है। ऐसे में बार-बार उड़ान बंद होने और शुरू होने की अनिश्चितता यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा नियमित रूप से कब शुरू होगी? क्या यात्रियों को पहले की तरह भरोसेमंद हवाई सुविधा मिल पाएगी या फिर हर बार की तरह उन्हें नई तारीख और नए आश्वासन का इंतजार करना पड़ेगा? बिलासपुर के यात्रियों की मांग स्पष्ट है—हवाई सेवा केवल कागजों और घोषणाओं तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से संचालित हो, ताकि न्यायधानी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके।

Oct 30, 2026 Read

दुगली की अंगार मोती में 13 नवंबर को फूल मंडाई और मनाया जाएगा चिन्हारी महोत्सव।,  

दुगली की अंगार मोती में 13 नवंबर को फूल मंडाई और मनाया जाएगा चिन्हारी महोत्सव।,                     अंगार मोती सेवा समिति एवं लोककला संस्कृति विचार मंच दुगली ने लिया सर्व सम्मति से प्रस्ताव।।       धमतरी/नगरी/।             जिले के नगरी वनांचल क्षेत्र के दुगली ग्राम की आराध्य देवी माता अंगार मोती की फूल मंडाई,परंपरा अनुसार दिवाली के बाद प्रथम शुक्रवार 13 नवंबर 2026 दिन शुक्रवार को बड़े ही  धुमधाम से मनाया जाएगा। माता अंगार मोती प्रांगण दुगली में अंगार मोती सेवा समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र राज ध्रुव के अध्यक्षता में गुरुवार को जंम्बो बैठक आहूत किया गया। उक्त बैठक में सर्व सम्मति से फूल मंडाई मनाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ एवं कार्यक्रम को सुनियोजित ढंग से संपन्न कराने कार्य समिति का भी गठन किया गया। प्रमुख रूप से विभिन्न समिति की क्रियान्वयन के लिए युवा प्रभाग से अनिल यादव,भावसिंह मरकाम,मनहरण लाल टांडेश,,केशव नेताम,तोषण मरकाम, वरुण देव नेताम,आदित्य तिवारी,शिवा नेताम, तुषार मंडावी, घनश्याम मरकाम,मनीष नेताम,खुशहाल शिन्दे,मनीष नेताम,नमन नेताम, मिथलेश नेताम, हरिशंकर मरकाम, सुखनंदन मरकाम,घुराऊ राम यादव एवं अंकुश को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई।साथ ही ऐतिहासिक सम्मान समारोह,लगातार ग्यारहवां संस्करण शहीद निर्मल सिंह नेताम के परिजनों का सम्मान,देश सेवा,सेवा निवृत्त सैनिक सम्मान,छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा तहत वैद्य संघ का सम्मान,वनांचल क्षेत्र के बारहवीं और दसवीं के टापर छात्र छात्राओं को प्रतिभावान छात्र सम्मान,शहीद निर्मल सिंह नेताम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुगली के स्कूली खेलों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने वाले स्कूली खिलाड़ियों का सम्मान,छत्तीसगढ़ कला संस्कृति के तहत छत्तीसगढ़ के कलाकारों का सम्मान, पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट सम्मान एवं ग्राम के बुजुर्गो का सम्मान की विशेष तैयारी पर चर्चा विस्तार से किया गया।इस दौरान समिति के उपाध्यक्ष सीताराम नेताम,कोषाध्यक्ष शंकरलाल नेताम, महासचिव मनहरण टांडेश,सहसचिव भावसिंह मरकाम, संरक्षक रामेश्वर मरकाम सरपंच ग्राम पंचायत दुगली,श्यामा चरण मंडावी,बसंत सिंह नरेटी,शंभु मरकाम,संतोष कुमार सोरी,आशाराम ओटी,कुंदन नेताम, भीखम सिंह मरकाम, सहीत समिति के अन्य सदस्य बैठक में सम्मिलित रहे। ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज

Oct 30, 2026 Read

रायपुर: रायपुर के आसमान में आज दिखेगा वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टरों का रोमांच, 2 नवंबर को नया रायपुर में होगा एयर शो।

रायपुर: रायपुर के आसमान में आज दिखेगा वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टरों का रोमांच, 2 नवंबर को नया रायपुर में होगा एयर शो। हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ रिपोर्टर देवाराम चौहान30/10/2026 रायपुर। राजधानी रायपुर के लोगों के लिए आज आसमान में एक खास नजारा देखने को मिलेगा। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम 30 अक्टूबर को दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच रायपुर शहर के ऊपर से उड़ान भरेगी। इस दौरान शहरवासी अपने घरों की छतों और खुले स्थानों से वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की उड़ान देख सकेंगे।दोपहर 12:20 से 12:45 बजे तक शहर के ऊपर से गुजरेंगे हेलीकॉप्टर, राज्योत्सव पर नवा रायपुर के सेंध लेक में होगा विशेष प्रदर्शन।राज्योत्सव 2026 के अवसर पर आगामी 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम द्वारा विशेष एयर शो आयोजित किया जाएगा। इसी कार्यक्रम की तैयारियों के तहत आज रायपुर में हेलीकॉप्टरों की उड़ान प्रस्तावित है। इसे लेकर शहरवासियों में उत्सुकता देखी जा रही है।स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर हैं टीम की पहचान। भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने शानदार हवाई करतब, अनुशासन और हेलीकॉप्टरों के बीच बेहतरीन तालमेल के लिए देश-विदेश में पहचान रखती है। टीम में स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल किया जाता है। इन हेलीकॉप्टरों पर मोर से प्रेरित आकर्षक रंग और डिजाइन भी इसकी खास पहचान हैं। सारंग टीम का गठन वर्ष 2003 में हुआ था। फरवरी 2004 में सिंगापुर के एशियन एयरोस्पेस एयर शो में टीम ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया था। इसके बाद से टीम कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एयर शो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी है। पांच हेलीकॉप्टरों के साथ दिखाती है हवाई करतब। सारंग टीम में सामान्यतः पांच हेलीकॉप्टर शामिल होते हैं। इनमें चार हेलीकॉप्टर हवाई करतब दिखाते हैं, जबकि पांचवां बैकअप के रूप में रहता है। प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टर एक साथ उड़ान भरते हुए अलग-अलग आकृतियां बनाते हैं। फॉर्मेशन फ्लाइंग, एक साथ दिशा बदलना और तेज गति से ऊपर की ओर उड़ान भरना दर्शकों के लिए प्रमुख आकर्षण होते हैं। राज्यपाल से भी हुई मुलाकात। सारंग टीम के कार्यक्रम से पहले गुरुवार को राज्यपाल रमेन डेका से लोक भवन में एयर कमोडोर एवं एयर ऑफिसर कमांडिंग, हेडक्वार्टर एंटी नक्सल टास्क फोर्स नंदा कुमार बाला ने मुलाकात की। इस दौरान कैप्टन वैभव विशाल, ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार, सीडीआर प्रियांशु, स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह, स्क्वाड्रन लीडर विनय पाठक, लेफ्टिनेंट शशांक और लेफ्टिनेंट साई अक्षय भी मौजूद रहे।राज्योत्सव के मौके पर होने वाला यह एयर शो राजधानी और आसपास के लोगों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है। आसमान में स्वदेशी हेलीकॉप्टरों के रोमांचक करतब देखने के लिए लोगों को 2 नवंबर का इंतजार है।

Oct 30, 2026 Read