Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

खबरे काम की

Latest खबरे काम की news, analysis, and in-depth coverage

🔥 Top Story

60 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में महासमुंद निवासी आरोपी गिरफ्तार, कुरुद पुलिस की कार्रवाई

ब्लॉक रिपोर्टर - वरुण देव नेताम नगरी जिला - धमतरी  *हमर प्रदà¥...

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com • Nov 24, 2026

More Stories

*दंतेवाड़ा में पैथोलॉजी लैबों की मनमानी! जांच के नाम पर मरीजों की जेब पर बोझ, नियमों की अनदेखी और

*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज* *रिपोर्टर - गौतम रंगारी* *ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)*   दंतेवाड़ा। जिले में संचालित पैथोलॉजी लैबों की कार्यप्रणाली को लेकर एक गंभीर पड़ताल की जरूरत सामने आ रही है। मरीजों से विभिन्न जांचों के नाम पर मनमाना शुल्क वसूले जाने की शिकायतें, लैब संचालन के लिए आवश्यक मापदंडों के पालन पर सवाल और विभागीय निरीक्षण की स्थिति अब चर्चा का विषय बनती जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिले में संचालित इन पैथोलॉजी लैबों की निगरानी कौन कर रहा है और मरीजों के हितों की रक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? स्वास्थ्य सेवाओं में पैथोलॉजी जांच की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। डॉक्टर मरीज की बीमारी का पता लगाने और उपचार तय करने के लिए जांच रिपोर्ट पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में यदि जांच की गुणवत्ता, तकनीकी योग्यता और रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं, तो इसका सीधा असर मरीज के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।   एक ही टेस्ट की अलग-अलग कीमत, मरीजों से कितनी वसूली? जिले में पैथोलॉजी जांच के शुल्क को लेकर पारदर्शिता का सवाल भी महत्वपूर्ण है। मरीजों की शिकायतों के अनुसार अलग-अलग जांचों के लिए उनसे अलग-अलग राशि ली जाती है। कई बार मरीजों को जांच कराने से पहले शुल्क की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या प्रत्येक लैब में सभी जांचों की दर सूची प्रदर्शित की जाती है? क्या मरीजों को प्रत्येक जांच की रसीद दी जाती है? क्या स्वास्थ्य विभाग ने शुल्क की निगरानी के लिए कोई व्यवस्था बनाई है?   यह भी स्पष्ट होना जरूरी है कि क्या जिले में किसी जांच के लिए कोई सरकारी दर निर्धारित है या लैब अपने शुल्क स्वयं तय कर रही हैं। यदि दरों को लेकर कोई सरकारी आदेश लागू है, तो उसका पालन सुनिश्चित क्यों नहीं किया जा रहा?   बिना निर्धारित योग्यता के जांच करने का आरोप   छत्तीसगढ़ शासन के उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन नियम, 2013 में पैथोलॉजी लैब के लिए अलग-अलग मानक निर्धारित किए गए हैं।   इन नियमों में छोटी लैब के लिए पर्यवेक्षक की न्यूनतम योग्यता MBBS तथा बड़ी लैब के लिए MD/DCP पैथोलॉजी निर्धारित की गई है। जांच करने वाले तकनीकी कर्मचारियों के लिए निर्धारित अवधि का मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी डिप्लोमा अथवा शासन से मान्य पाठ्यक्रम की योग्यता का प्रावधान भी है।   इसके अलावा लैब में आवश्यक उपकरण, उचित कार्यस्थल, मरीजों के रिकॉर्ड, अग्निशमन उपकरण और कर्मचारियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था जैसे मानक भी शामिल हैं।   ऐसे में जिले की प्रत्येक लैब का इन मापदंडों के आधार पर सत्यापन होना आवश्यक है। आखिर कितनी लैब इन नियमों का पालन कर रही हैं और कितनी के दस्तावेजों की जांच हुई है?   जिला प्रशासन और सीएचएमओ की जवाबदेही क्यों जरूरी?   छत्तीसगढ़ के वर्ष 2010 के अधिनियम और 2013 के अनुज्ञापन नियमों के तहत क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट की निगरानी के लिए जिला स्तर पर व्यवस्था बनाई गई है। नियमों के अनुसार जिला कलेक्टर पर्यवेक्षण प्राधिकारी हैं और जिला समिति उनकी सहायता करती है।   ऐसे में यह केवल स्वास्थ्य विभाग का मामला नहीं, बल्कि जिला प्रशासन की जवाबदेही से भी जुड़ा विषय है।   मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से भी यह जानना जरूरी है कि जिले की लैबों के निरीक्षण, तकनीकी मानकों के सत्यापन और मरीजों की शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई है।   क्या पिछले वर्षों में सभी लैबों का निरीक्षण हुआ? कितनी लैबों को नोटिस जारी किए गए? कितनी के खिलाफ कार्रवाई हुई? और क्या जांच शुल्क में अनियमितता की शिकायतों का कोई रिकॉर्ड विभाग के पास उपलब्ध है?   पुराने सरकारी रिकॉर्ड में भी दर्ज हैं लैबों के नाम   दंतेवाड़ा जिले से संबंधित वर्ष 2020 के एक सरकारी ऑनलाइन रिकॉर्ड में थाकुर पैथोलॉजी लैब, साईं पैथोलॉजी लैब, यूवी डायग्नोस्टिक्स और लाइफलाइन पैथोलॉजी लैब जैसे प्रतिष्ठानों के नाम दर्ज दिखाई देते हैं।   हालांकि यह पुराना रिकॉर्ड है और इससे इन संस्थानों के वर्तमान संचालन या मौजूदा पंजीयन की पुष्टि नहीं होती। लेकिन इससे जिले में पैथोलॉजी सेवाओं की निगरानी और अद्यतन पंजीयन सूची की आवश्यकता स्पष्ट होती है।   अब जिला प्रशासन से पांच प्रमुख मांग   1. दंतेवाड़ा जिले की सभी संचालित पैथोलॉजी लैब एवं कलेक्शन सेंटरों की अद्यतन सूची सार्वजनिक की जाए। 2. सभी लैबों के पंजीयन, तकनीकी कर्मचारियों की योग्यता और पर्यवेक्षक चिकित्सक के दस्तावेजों की जांच की जाए। 3. जांच शुल्क की पारदर्शिता, मूल्य सूची और मरीजों को बिल देने की व्यवस्था का सत्यापन किया जाए। 4. प्रत्येक लैब का भौतिक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। 5. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग निरीक्षण रिपोर्ट तथा कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक करें।   जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं   दंतेवाड़ा जैसे जिले में जहां ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से लोग इलाज के लिए आते हैं, वहां पैथोलॉजी जांच की विश्वसनीयता और उचित शुल्क सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। मरीज बीमारी की स्थिति में जांच कराने पहुंचता है, ऐसे में उसकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाने की किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।   अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और सीएचएमओ इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। क्या जिले की सभी पैथोलॉजी लैबों की निष्पक्ष जांच होगी या मरीजों से जुड़ा यह महत्वपूर्ण मुद्दा शिकायतों तक ही सीमित रह जाएगा?   जनता का सवाल स्पष्ट है—जब जांच रिपोर्ट पर मरीज का इलाज निर्भर है, तो जांच करने वाली लैबों की जवाबदेही कौन तय करेगा?

Nov 24, 2026 Read

🚨 WhatsApp Web इस्तेमाल के बाद लॉगआउट जरूर करें — लापरवाही से आपका अकाउंट हो सकता है हैक!  

रिपोर्टर- प्रकाश कुमार साहू जिला संवाददाता बलौदाबाजार  हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज     🔒 हर बार लॉगआउट करें: काम पूरा होते ही सेशन बंद करें और स्थायी लॉगिन न रखें।   🖥️ पब्लिक कंप्यूटर से बचें: साइबर कैफे, होटल और सार्वजनिक कियोस्क पर WhatsApp Web लॉगिन न करें।   🕵️‍♂️ प्राइवेट मोड अपनाएं: आवश्यक होने पर ब्राउज़र के प्राइवेट/इनकॉग्निटो मोड का उपयोग करें।   ⚠️ अनजान संदेशों से सतर्क रहें: अज्ञात मैसेज या परिचितों से असामान्य जवाब मिलने पर तुरंत सतर्क हो जाएं।   📞 साइबर ठगी या अकाउंट हैक होने पर तुरंत संपर्क करें: राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

Nov 24, 2026 Read

SECROBCEA एवं रेलवे प्रशासन के बीच दो दिवसीय अनौपचारिक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न, कर्मचारी समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार    बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ओबीसी कर्मचारी एसोसिएशन (SECROBCEA) एवं रेलवे प्रशासन के बीच महाप्रबंधक कार्यालय, बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय अनौपचारिक बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के माननीय महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने की, जबकि बैठक का समन्वय प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी (PCPO) श्रीमती दर्शिता अहलूवालिया ने किया।   बैठक में नागपुर, रायपुर एवं बिलासपुर मंडलों के जोनल और मंडलीय पदाधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान कर्मचारी कल्याण, कर्मचारियों के अधिकारों तथा विभिन्न लंबित समस्याओं से जुड़े महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।   एसोसिएशन द्वारा कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा गया। रेलवे प्रशासन ने उठाए गए विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए समस्याओं के उचित निराकरण का आश्वासन दिया। बैठक में कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों पर आपसी संवाद, समन्वय एवं समाधान की दिशा में सार्थक पहल देखने को मिली।   महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने कर्मचारियों की जायज समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन के समक्ष रखने तथा प्रशासन एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में SECROBCEA की रचनात्मक भूमिका की सराहना की।   दो दिवसीय बैठक को कर्मचारी कल्याण एवं लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है। एसोसिएशन ने कर्मचारी हितों, कल्याण एवं अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भविष्य में भी संवाद और सहयोग के माध्यम से समस्याओं के निराकरण के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही। SECROBCEA – कर्मचारी कल्याण एवं अधिकारों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध।

Nov 24, 2026 Read

धमतरी में नकाबपोश हथियारबंद गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, एक और आरोपी सौरभ हिरवानी गिरफ्तार

रिपोर्टर: वरुण देव नेताम ब्लॉक रिपोर्टर, नगरी (धमतरी) हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ तलवार, चाकू और लाठी-डंडों से लैस होकर मराठापारा-बांसपारा में फैलाया था आतंक, फरार आरोपी को भेजा गया जेल   धमतरी। शहर के मराठापारा और बांसपारा इलाके में हथियारों से लैस होकर दहशत फैलाने वाले नकाबपोश गिरोह के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने मामले के एक और फरार आरोपी सौरभ हिरवानी (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।   क्या है पूरा मामला?   पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच लगभग 15 से 20 नकाबपोश युवक मराठापारा एवं बांसपारा की गलियों में एकत्रित हुए थे। आरोप है कि युवकों ने अपने चेहरे गमछे से ढंक रखे थे और उनके हाथों में तलवार, चाकू, रॉड, लाठी-डंडे जैसे हथियार थे।   इस दौरान गिरोह के सदस्यों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मोहल्ले के घरों के दरवाजों और दुकानों के शटरों पर लाठी-डंडों से वार कर क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा किया था। घटना के बाद इलाके के रहवासी भयभीत हो गए थे।   पहले भी हो चुकी है कई आरोपियों पर कार्रवाई   मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस इससे पहले 24 अक्टूबर 2026 को आरोपी नोमेश पटेल सहित अन्य आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर चुकी है।   मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी   फरार आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सौरभ हिरवानी को पकड़ा। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।   गिरफ्तार आरोपी की पहचान:   - नाम – सौरभ हिरवानी - पिता – घनश्याम हिरवानी - उम्र – 20 वर्ष - निवासी – रामबाग सब्जी मार्केट, धमतरी - थाना – सिटी कोतवाली, जिला धमतरी   एसपी के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई जारी   पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।     🌐 hamarpradeshcg.com

Nov 24, 2026 Read

नगर में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री पर रोक लगाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से भगवती मानव कल्याण संगठन

रिपोर्टर- प्रकाश कुमार साहू जिला संवाददाता बलौदाबाजार  हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज   कसडोल:- नगर में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री पर रोक लगाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से भगवती मानव कल्याण संगठन, महिला समूह एवं नगरवासियों के सहयोग से नशामुक्ति जनजागरण ज्ञापन रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की।   रैली के माध्यम से नगर में खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई गई। आयोजकों एवं नगरवासियों ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं, महिलाओं और परिवारों पर पड़ रहा है। नशे की लत के कारण कई परिवार आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास और प्रशासनिक सख्ती बेहद जरूरी है।   जनजागरण रैली के पश्चात नगर में अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने तथा इस कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मांग की गई कि नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा नशे के कारोबार को रोकने के लिए नियमित कार्रवाई की जाए।   वहीं, प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम भी ज्ञापन सौंपा गया। इसमें प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग रखी गई   इस अवसर पर भगवती मानव कल्याण संगठन के जिला पदाधिकारी,तहसील पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में सदस्य,महिला समूहों एवं नगरवासियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जब तक आम नागरिक, सामाजिक संगठन और प्रशासन एक साथ मिलकर प्रयास नहीं करेंगे, तब तक नशे जैसी सामाजिक बुराई पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है। इसके लिए संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर माता भगवती के दुर्गा चालीसा पाठ के माध्यम से जनजागरण अभियान चला रही है।    कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि कसडोल नगरवासी अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ एकजुट हैं। रैली के माध्यम से लोगों से भी अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को जागरूक करें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Nov 24, 2026 Read

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है

जिला रिपोर्टर अमित कुमार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रायपुर    रायपुर: यदि सफर या रास्ते में कोई आपका पीछा कर रहा है, तो घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता से काम लें। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत आपात स्थिति में तुरंत मदद ली जा सकती है। क्या करें जब कोई पीछा कर रहा हो? भीड़-भाड़ वाले रास्ते चुनें: सुनसान या कम रोशनी वाले रास्तों से बचें और तुरंत मुख्य मार्ग, बाजार या भीड़-भाड़ वाले स्थान की ओर बढ़ें। हुलिया और गाड़ी नंबर याद रखें: संदिग्ध व्यक्ति का हुलिया, कपड़े तथा वाहन का नंबर व रंग ध्यान में रखें या सुरक्षित स्थिति में नोट करें। तुरंत सहायता लें: बिना देर किए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 या पिंक पेट्रोल नंबर 9479210932 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दें।

Nov 24, 2026 Read

डिलमिली के पास सड़क हादसा, दंतेवाड़ा निवासी युवक गंभीर रूप से घायल

  रिपोर्टर – गौतम रंगारी ब्यूरो चीफ, दंतेवाड़ा हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ 🌐 hamarpradeshcg.com   गीदम जगदलपुर-गीदम मार्ग पर डिलमिली के पास 23 नवंबर की रात सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दंतेवाड़ा निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।   प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।    

Nov 23, 2026 Read

दंडवत न्याय यात्रा: मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे चंद्रनगर-जटराज के विस्थापित, सड़क पर लेटकर पहुंचे कलेक्ट्रेट

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज  ब्लॉक रिपोर्टर - रविशंकर चौहान जिला - कोरबा पाली   कोरबा। खदान विस्तार के नाम पर बेदखली के बाद बेहतर भविष्य का सपना देख रहे चंद्रनगर-जटराज के विस्थापित परिवार आज बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटक रहे हैं। पुनर्वास के नाम पर छह अलग-अलग ठिकानों पर बसाए गए इन परिवारों का सब्र सोमवार को टूट गया। प्रशासनिक अनदेखी से आहत ग्रामीणों ने अनोखे और दर्दनाक तरीके से विरोध जताते हुए 'दंडवत न्याय यात्रा' निकाली। हाथों में मांगों का आवेदन लिए ग्रामीण सड़क पर लेटते हुए (दंडवत करते हुए) कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे और अपनी व्यथा सुनाई।   सुबह करीब 10 बजे घंटाघर स्थित डॉ. अंबेडकर चौक से शुरू हुई इस यात्रा ने हर राहगीर का ध्यान खींचा। ग्रामीणों का कहना है कि कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल अधिकारियों को बार-बार आवेदन देने के बाद भी जब उनकी सुध नहीं ली गई, तो उन्हें मजबूरन विरोध का यह कठिन रास्ता चुनना पड़ा।   विस्थापन तो हुआ, पर पुनर्वास की तस्वीर अधूरी -  ग्रामीणों ने एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि प्रबंधन ने गांव खाली कराने के लिए महज तीन दिन की मोहलत दी और प्रभावितों को छह अलग-अलग जगहों पर भेज दिया। इन नई बसाहटों में आज भी सड़क, नाली, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। विस्थापितों का स्पष्ट कहना है कि केवल चार दीवारें खड़ी कर देने से पुनर्वास पूरा नहीं होता। एक समाज के जीवनयापन के लिए वहां चारागाह, मुक्तिधाम, मंदिर-देवस्थल, सांस्कृतिक मंच, गार्डन, तालाब, खेल मैदान और मवेशियों के लिए शेड जैसी सामुदायिक व्यवस्थाएं भी अनिवार्य हैं।   कुदरत की मार और प्रबंधन की लापरवाही ने बढ़ाया संकट -    बदहाली के बीच हालिया चक्रवाती तूफान और बारिश ने विस्थापितों की कमर तोड़ दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, अस्थायी रूप से बनाए गए झोपड़ीनुमा आशियाने तूफान में क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, पक्के मकानों के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान क्षेत्र की पहाड़ी की ओर 'हाईवॉल' (सुरक्षा दीवार) नहीं बनाए जाने के कारण बारिश का पानी और मिट्टी सीधे निर्माणाधीन मकानों में घुस रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शौचालय न होने के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को आज भी खुले में शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।   आश्वासनों से भरा पेट, अब खदान बंद करने की चेतावनी -    प्रभावित परिवारों का कहना है कि पूर्व में हुई बैठकों में मकान किराया देने सहित कई मांगों पर केवल कोरे आश्वासन दिए गए, जो आज तक धरातल पर नहीं उतरे। ग्रामीणों ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि पुनर्वास स्थलों पर तत्काल मूलभूत सुविधाएं बहाल नहीं की गईं, तो वे उग्र आंदोलन करते हुए खदान का कामकाज ठप कर देंगे।

Nov 23, 2026 Read

ग्राम पंचायत बेलटिकरी में मितानिन दिवस पर मितानिन बहनों का सम्मान, मंडल अध्यक्ष डेविड चौधरी ने किया सम्मानित*

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज  23/11/2026 किरण नायक  ब्लॉक रिपोर्टर  बसना, महासमुंद    बसना। ग्राम पंचायत बेलटिकरी में मितानिन दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा मंडल भंवरपुर के मंडल अध्यक्ष श्री डेविड चौधरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष डेविड चौधरी द्वारा गांव में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वाली मितानिन बहनों को सम्मानित किया गया।   इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष डेविड चौधरी ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गांव-गांव और घर-घर तक स्वास्थ्य सुविधाओं एवं जागरूकता पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका सेवा, समर्पण और परिश्रम समाज के लिए प्रेरणादायक है।   कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती नील कुमारी उसुमकुमार, उपसरपंच श्री भिखारी लाल चौधरी, पंच श्री घुरऊ बरिहा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती द्वारका बरिहा, पंचायत सचिव श्री गंगाधर नेताम सहित ग्राम के समस्त सम्माननीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।   कार्यक्रम के दौरान मितानिन बहनों के सेवा एवं समर्पण की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Nov 23, 2026 Read

ग्रीष्मकालीन धान की खेती से करें परहेज, कम पानी वाली दलहन-तिलहन फसलों को अपनाएं किसान

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़   भूजल संरक्षण के लिए कृषि विभाग की अपील, चना, मूंग, उड़द, मसूर और सूरजमुखी की खेती पर जोर   महासमुंद, 23 नवंबर 2026। जिले में लगातार गिरते भूजल स्तर और भविष्य में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन ने किसानों से ग्रीष्मकालीन रबी धान की खेती नहीं करने की अपील की है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा किसानों को धान के स्थान पर कम पानी में तैयार होने वाली लाभकारी दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।   उप संचालक कृषि श्री एफ.आर. कश्यप ने बताया कि जिले की मिट्टी और सिंचाई की उपलब्धता के अनुसार किसान चना, मूंग, उड़द, मसूर, तिवड़ा, रागी, मक्का, सूरजमुखी और सरसों जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकालीन धान की फसल में अत्यधिक सिंचाई की आवश्यकता होती है, जिससे भूजल का तेजी से दोहन होता है। इसका असर गर्मी के दिनों में आम नागरिकों और मवेशियों के लिए पेयजल उपलब्धता पर भी पड़ सकता है।   फसल विविधीकरण से मिट्टी की उर्वरता और किसानों की आय को मिलेगा लाभ   कृषि विभाग के अनुसार, लगातार धान की खेती करने से मिट्टी के पोषक तत्वों में कमी आती है और उत्पादन लागत भी बढ़ती है। इसके विपरीत दलहन एवं तिलहन फसलों में धान की तुलना में काफी कम पानी की आवश्यकता होती है। बाजार में इन फसलों की अच्छी मांग और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की सुविधा से किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है।   दलहनी फसलों की जड़ों में मौजूद विशेष जीवाणु वायुमंडलीय नाइट्रोजन को मिट्टी में स्थिर करने में मदद करते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और अगली फसल में रासायनिक उर्वरकों पर होने वाला खर्च कम हो सकता है।   प्रमाणित बीजों पर अनुदान और किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन   उप संचालक कृषि श्री कश्यप ने बताया कि फसल विविधीकरण अपनाने वाले किसानों को शासन की योजनाओं में प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीजों पर विशेष अनुदान भी दिया जा रहा है। कृषि विभाग का मैदानी अमला किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध करा रहा है।   उन्होंने किसानों से अपील की है कि भविष्य में जल संकट की स्थिति से बचने और भूजल संरक्षण में सहयोग देने के लिए ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई से परहेज करें तथा कम पानी वाली दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाएं। बीज एवं विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा विकासखंड कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Nov 23, 2026 Read

अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए महासमुंद के 154 श्रद्धालु, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़   श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत चार दिवसीय तीर्थयात्रा पर निकला दल, अयोध्या में रामलला और वाराणसी में करेंगे बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन   महासमुंद, 23 नवंबर 2026।** छत्तीसगढ़ शासन की श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत महासमुंद जिले के 154 यात्रियों का दल भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या धाम रवाना हुआ। रायपुर रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेन के माध्यम से रवाना हुए इस दल में जिले के 147 श्रद्धालुओं के साथ 7 शासकीय अनुरक्षक शामिल हैं। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं जिले के जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को रवाना किया और उनकी मंगलमय, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की कामना की।   इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि श्रीरामलला दर्शन योजना प्रदेश के वरिष्ठजनों एवं श्रद्धालुओं के लिए एक सराहनीय जनहितैषी पहल है। इस योजना के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीरामलला और वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक एवं धार्मिक लाभ प्राप्त होगा।   यात्रियों को विदाई देते हुए जनप्रतिनिधियों ने यात्रा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।   26 नवंबर तक चलेगी तीर्थयात्रा   श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत यह चार दिवसीय तीर्थयात्रा 23 से 26 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इस दौरान श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्रीरामलला के दर्शन के साथ वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन का भी अवसर मिलेगा।   तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए शासन-प्रशासन एवं छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा ठहरने, भोजन-नाश्ता, आवागमन, चिकित्सा एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।

Nov 23, 2026 Read

सरोना तहसील के शामतरा क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति से ग्रामीण परेशान, गड्ढों में फंस रहे वाहन

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ नाम:- फैजल मेमन  पद: ब्लॉक रिपोर्टर सरोना / नरहरपुर  जिला: कांकेर   शामतरा-कांकेर सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, युवा कांग्रेस नेता संतोष नेताम ने शासन-प्रशासन से पूछे सवाल   सरोना ।   सरोना तहसील के अंतर्गत दुधावा शामतरा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शामतरा से कांकेर जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ चारपहिया वाहनों और किसानों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।   बारिश के बाद गड्ढों में भर रहा पानी, बढ़ रहा हादसों का खतरा   बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से परेशानी और बढ़ जाती है। सड़क पर गिट्टी उखड़ने और जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए बार-बार वाहन इधर-उधर करना पड़ता है। इससे आमने-सामने से आने वाले वाहनों से टक्कर का खतरा बना रहता है। रात के समय स्थिति और खराब हो जाती है। अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं।   शामतरा-नगरी और सालेटोला-विश्रामपुरी सड़क पर भी उठ रहे सवाल ?   इधर शामतरा-नगरी रोड तथा सालेटोला-विश्रामपुरी रोड के निर्माण और सुधार को लेकर भी ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इन सड़कों के निर्माण को लेकर लंबे समय से बातें होती रही हैं, लेकिन जमीन पर काम कब शुरू होगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि हर बार आश्वासन मिलता है, लेकिन काम शुरू नहीं होता। सड़क नहीं होने से गांवों के लोग मुख्य सड़क तक पहुंचने में भी परेशान होते हैं। बरसात में तो इन रास्तों पर चलना और मुश्किल हो जाता है।   6-लेन सड़क और धान खरीदी में बढ़ी किसानों की परेशानी   6-लेन सड़क के निर्माण और बढ़े आवागमन के कारण भी क्षेत्र के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ी है। धान खरीदी के समय किसान ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से अपनी उपज लेकर निकलते हैं। खराब सड़क और बढ़ते यातायात के बीच किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रैक्टरों को गड्ढों में धीरे-धीरे निकालना पड़ता है। इससे समय भी ज्यादा लगता है और धान गिरने का भी डर रहता है। किसानों का कहना है कि धान खरीदी के समय सड़क की मरम्मत सबसे ज्यादा जरूरी है।   युवा कांग्रेस नेता संतोष नेताम ने उठाए सवाल, प्रशासन से जल्द मरम्मत की मांग   इस मामले को लेकर युवा कांग्रेस नेता संतोष नेताम ने भी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर शासन-प्रशासन से सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शामतरा क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सड़क की समस्या झेल रहे हैं। क्षेत्र की सड़कों का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराया जाना चाहिए। संतोष नेताम ने सवाल उठाते हुए कहा कि शामतरा-कांकेर सड़क का सुधार कब होगा, शामतरा-नगरी सड़क का निर्माण कब शुरू होगा, सालेटोला-विश्रामपुरी सड़क कब बनेगी। उन्होंने कहा कि सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरत है।   विभाग की कार्रवाई पर टिकी ग्रामीणों की नजर   ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति को जल्द दूर किया जाना जरूरी है। विद्यार्थियों को स्कूल जाने में, मरीजों को अस्पताल पहुंचने में और किसानों को मंडी तक जाने में रोज परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग जल्द निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराए और लंबित सड़कों के निर्माण की समय सीमा तय करे। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की इस समस्या पर जिम्मेदार विभाग कब तक ठोस कदम उठाता है।  

Nov 23, 2026 Read