Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

खबरे काम की

Latest खबरे काम की news, analysis, and in-depth coverage

🔥 Top Story

महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की CBI रिमांड, दिल्ली मुख्यालय में होगी पूछताछ

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमाà...

State Head • Nov 04, 2026

More Stories

रतनपुर में NSUI का भव्य प्रवेश उत्सव, हजारों विद्यार्थियों की मौजूदगी में गूंजे छात्र एकता के नारे

आशीष यादव जिला संवाददाता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़  रतनपुर बिलासपुर छत्तीसगढ़    रतनपुर में NSUI का भव्य प्रवेश उत्सव, हजारों विद्यार्थियों की मौजूदगी में गूंजे छात्र एकता के नारे नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राओं का हुआ भव्य स्वागत, दिग्गज कांग्रेस नेताओं ने युवाओं को शिक्षा, अनुशासन और नेतृत्व का दिया संदेश   रतनपुर बिलासपुर धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में शनिवार को युवाओं का उत्साह और जोश देखते ही बना। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) द्वारा शासकीय महामाया महाविद्यालय रतनपुर के नवीन प्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में शूट भवन में भव्य प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवा जोश, उमंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और छात्र एकता के नारों से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा। NSUI के इस प्रवेश उत्सव में हजारों की संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से संगठन ने महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले नए छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही शिक्षा, छात्र एकता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता और विद्यार्थियों के अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।   कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। नवीन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम ने एक ओर जहां विद्यार्थियों को आपस में जुड़ने का अवसर दिया, वहीं दूसरी ओर छात्र जीवन में संगठन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व को भी रेखांकित किया।   दिग्गज कांग्रेस नेताओं की रही विशेष मौजूदगी   प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (OBC) के राष्ट्रीय समन्वयक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने की।   विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला, NSUI प्रदेश सचिव राजा रावत एवं युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष (RTI) रवि रावत उपस्थित रहे।   कार्यक्रम के मंच पर पहुंचने पर NSUI छात्र नेता मानस ताम्रकार, माही राजपूत एवं आदित्य साहू ने अतिथियों का शाल, श्रीफल और मां महामाया देवी का तेलचित्र भेंटकर सम्मानपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने अतिथियों का स्वागत तालियों और उत्साहपूर्ण नारों के साथ किया।   सिद्धांशु मिश्रा बोले – शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने की सबसे मजबूत सीढ़ी   मुख्य अतिथि सिद्धांशु मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत NSUI से ही की थी। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन में निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ काम करने वाले युवाओं को हमेशा सम्मान मिलता है।   उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि महाविद्यालयीन जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह अपने व्यक्तित्व को निखारने, नई चीजें सीखने और भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करने का महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत से उसे हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।   त्रिलोक चंद्र श्रीवास बोले – छात्र-छात्राओं में इतिहास बदलने की क्षमता   कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि देश के भविष्य की मजबूत नींव विद्यार्थी हैं। युवा शक्ति में समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने की अपार क्षमता है। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय, अनुशासन, शिक्षा और निरंतर प्रयास के माध्यम से छात्र-छात्राएं जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।   उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।   संदीप शुक्ला ने बताई रतनपुर की गौरवशाली ज्ञान एवं सांस्कृतिक परंपरा   पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने अपने संबोधन में रतनपुर की धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रतनपुर चारों युगों से जुड़ी पावन धरा है, जिसकी अपनी समृद्ध ऐतिहासिक, धार्मिक और ज्ञान परंपरा रही है।   उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएं और अपनी मेहनत, प्रतिभा तथा उपलब्धियों से रतनपुर का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका निभाएंगे।   रवि रावत और राजा रावत ने शिक्षा को बताया सबसे बड़ी ताकत   युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष (RTI) रवि रावत ने कहा कि छात्र जीवन व्यक्ति के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव है। इसी समय विद्यार्थी अनुशासन, संघर्ष, जिम्मेदारी और आत्मविश्वास जैसे गुणों को विकसित करते हैं, जो आगे चलकर जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सहायक होते हैं।   वहीं NSUI प्रदेश सचिव राजा रावत ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जिसे पीने वाला साहस और नेतृत्व हासिल करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की अपील की।   मानस ताम्रकार के नेतृत्व में पूरी टीम ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी   इस भव्य प्रवेश उत्सव को सफल बनाने में NSUI छात्र नेता मानस ताम्रकार के साथ पूरी आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन की तैयारियों से लेकर अतिथियों के स्वागत, विद्यार्थियों की व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन तक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।   इस अवसर पर आदित्य साहू, माही राजपूत, संस्कार राजपूत, अविनाश श्रीवास, उस्मान खान, पुरुषोत्तम कश्यप, आशीष केवट, प्रियांशु श्रीवास, श्यामू साहू, राहुल, अरविंद, जयकिशन यादव, प्रशांत जायसवाल, वंश ताम्रकार, कृष्ण यादव, संजना कमलसेन, रंजिता, दामिनी यादव, निकिता सारथी, सिद्धि शर्मा, श्रद्धा साहू, नसरीन परवीन सहित NSUI के अनेक कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।   कार्यक्रम के अंत में छात्र नेता मानस ताम्रकार ने उपस्थित सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।   छात्र एकता और युवा नेतृत्व का मंच बना प्रवेश उत्सव   रतनपुर में आयोजित यह प्रवेश उत्सव महज नवीन छात्र-छात्राओं के स्वागत का कार्यक्रम बनकर सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्र एकता, युवा नेतृत्व, शिक्षा के महत्व और सामाजिक सहभागिता को लेकर एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में सामने आया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति ने महाविद्यालयीन युवाओं के उत्साह और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भागीदारी को प्रदर्शित किया।   कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी भी जीवन में सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। आयोजन का समापन उत्साहपूर्ण माहौल और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Nov 04, 2026 Read

15 दिन में निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार, लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़   15 दिन में निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार, लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई   सीईओ जिला पंचायत ऋषिकेश तिवारी ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी, प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से सीधे संपर्क करने के निर्देश   सारंगढ़–बिलाईगढ़, 4 नवंबर 2026। जिले में सरकारी योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आगामी 15 दिनों के भीतर अपेक्षित प्रगति लाने के कड़े निर्देश दिए हैं।   जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न योजनाओं एवं मदों के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान कार्यों की धीमी गति पर सीईओ ने नाराजगी जताई और स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं लाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। लापरवाही मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी।   🏠 प्रधानमंत्री आवास योजना पर विशेष फोकस   सीईओ श्री तिवारी ने तकनीकी सहायकों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक आवास हितग्राही से व्यक्तिगत संपर्क करें और निर्माण स्थल पर जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें। हितग्राहियों को आवास निर्माण जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित करें तथा निर्माण में आ रही समस्याओं का संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर निराकरण कराएं।   निर्माण की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता   उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निगरानी करने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए।   बैठक में जिले के सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी, आवास योजना प्रभारी, सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, उप अभियंता, विकासखंड आवास समन्वयक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

Nov 04, 2026 Read

दिल्ली से लौटे कांग्रेस नेताओं का बागबाहरा में भव्य स्वागत

लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत दिल्ली से लौटे कांग्रेस नेताओं का बागबाहरा में भव्य स्वागत   देशहित में लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत माननीय श्री राहुल गांधी जी के आह्वान पर दिल्ली पहुँचकर देश में वर्तमान परिस्थितियों के विरोध में सांकेतिक रूप से लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले छत्तीसगढ़ प्रदेश के महासमुंद जिला अंतर्गत खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं का आज बागबाहरा आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।   इस अवसर पर **बागबाहरा ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवनाथ साहू जी, कोमाखान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष खेमराज सिन्हा जी, पिथौरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करण दिवान जी, जिला उपाध्यक्ष फूलसिंह ध्रुव जी, मंडल अध्यक्ष चन्दू लाल साहू जी एवं विधायक प्रतिनिधि तथा सरपंच सेवाराम साहू जी** का बागबाहरा आगमन पर **बागबाहरा ग्रामीण खल्लारी मंडल अध्यक्ष मुकुन्द सिन्हा जी के नेतृत्व में** आत्मीय स्वागत किया गया।   स्वागत कार्यक्रम में **ब्लॉक उपाध्यक्ष शहजान पासा जी, कोषाध्यक्ष राहुल कुलदीप जी, सचिव खिलेश्वर प्रसाद सिन्हा जी, कांग्रेस नेता सुरेश पटेल जी एवं उपसरपंच प्रतिनिधि तुलाराम देवांगन जी** मुख्य रूप से शामिल हुए।   इस दौरान लोकतंत्र की रक्षा, संविधान की मजबूती तथा देशहित में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा के अनुरूप संघर्ष करने के संकल्प को दोहराया गया।   गिरवर साहू स्टेट रिपोर्टर - हमर प्रदेश cg न्यूज छत्तीसगढ़  मो.9165340227

Nov 04, 2026 Read

पत्थलगांव के फुलेता चौक के पास भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने दो लोगों को कुचला, मौके पर मौT

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़   ब्लॉक रिपोर्टर: योगेश शर्मा | पत्थलगांव, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)   🚨 पत्थलगांव के फुलेता चौक के पास भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने दो लोगों को कुचला, मौके पर मौत   पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलेता चौक के समीप आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर मौजूद दो लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।   प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना फुलेता चौक के पास मुख्य मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और उसने दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।   घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पत्थलगांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।   इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।   फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।   रिपोर्ट: योगेश शर्मा ब्लॉक रिपोर्टर, पत्थलगांव हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़   🌐 वेबसाइट: hamarpradeshcg.com

Nov 04, 2026 Read

बिहान की दीदियों को उद्यमी बनाने बस्तर में बैंकर्स कार्यशाला हमर प्रदेश सीजी न्यूज़ 

बिहान की दीदियों को उद्यमी बनाने बस्तर में बैंकर्स कार्यशाला हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार  समय पर ऋण और बेहतर समन्वय पर रहा जोर जगदलपुर, 04 नवम्बर 2026/  राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में समूह बैंक क्रेडिट और इंटरप्राइजेज फाइनेंस विषय पर एक दिवसीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में महिला स्व-सहायता समूहों के वित्तीय समावेशन को और अधिक मजबूत बनाना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए सुलभ ऋण प्रवाह सुनिश्चित करना रहा।                कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर श्री श्रीनिवास राव, एनआरएलएम के श्री अशोक चौहान एवं अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जॉर्ज विलियम तिर्की विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही बस्तर जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, बैंकर्स तथा जनपद पंचायतों से आए खंड मिशन प्रबंधक, जिला मिशन प्रबंधन इकाई और खंड मिशन प्रबंधन इकाई की टीमों ने भी कार्यशाला में भाग लिया।                 कार्यशाला के दौरान स्वयं सहायता समूह बैंक क्रेडिट लिंकेज के तहत समूहों को समय पर कैश क्रेडिट लिमिट की स्वीकृति देने और उनके व्यक्तिगत व सामूहिक उद्यमों को मजबूत करने के लिए इंटरप्राइजेज फाइनेंस की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त ऑनलाइन ऋण आवेदन और त्वरित स्वीकृति प्रक्रिया को गति देने के लिए इला एप्लीकेशन का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया, साथ ही खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना और स्वरोजगार सृजन के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनाओं के तहत वित्तीय लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।                प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय रिसोर्स पर्सन श्री श्रीनिवास राव ने कहा कि बैंकों का सहयोग ही बिहान की दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने की सबसे मजबूत कड़ी है। उन्होंने रेखांकित किया कि ग्रामीण महिलाएं अब केवल बचत तक सीमित न रहकर बड़े उद्यमों की ओर कदम बढ़ा रही हैं, इसलिए उन्हें विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए। वहीं अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जॉर्ज विलियम तिर्की ने जिले में लंबित कैश क्रेडिट लिमिट प्रकरणों तथा ईएलए आवेदनों के त्वरित निराकरण पर बल देते हुए सभी बैंकर्स से निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने और मिशन की टीम के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।

Nov 04, 2026 Read

बस्तर ओलम्पिक के आयोजन में जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें-कमिश्नर श्री डोमन सिंह

बस्तर ओलम्पिक के आयोजन में जवाबदेही और गुणवत्ता के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें-कमिश्नर श्री डोमन सिंह हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट  विकासखंड स्तरीय स्पर्धाओं में बारिश से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश, जिला स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियों को भी दें सर्वोच्च प्राथमिकता जगदलपुर, 04 नवम्बर 2026/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर ओलम्पिक आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संभाग के जिला खेल अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था को बेहतर, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को सामने लाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए आयोजन की प्रत्येक जिम्मेदारी पूरी जवाबदेही के साथ निभाई जाए।               कमिश्नर श्री सिंह ने विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान बारिश की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैदान, खिलाड़ियों के ठहरने, पेयजल, भोजन, आवागमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अभी से माकूल इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रतियोगिताओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।               उन्होंने आयोजन में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न खेल संघों का सहयोग लेने की बात कही। साथ ही स्टेट एवं नेशनल स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को आयोजन से जोड़कर उनके माध्यम से प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुभवी और सफल खिलाड़ियों की सहभागिता से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी तथा उनमें आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का उत्साह पैदा होगा।              कमिश्नर ने बस्तर ओलम्पिक के आयोजन में स्थानीय जनभागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा और आयोजन को व्यापक जनसहयोग एवं सहभागिता मिलेगी।खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्री सिंह ने प्रत्येक आयोजन स्थल पर आवश्यक दवाइयों, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता के दौरान किसी खिलाड़ी को चोट लगने अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर बेहतर उपचार के लिए खिलाड़ी को बिना विलंब उच्च चिकित्सा संस्थान में रिफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए।             कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था के लिए पृथक-पृथक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने और उनके कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदान की तैयारी, खेल सामग्री, पेयजल, भोजन, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए। प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे तथा व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग कर कमियों को तत्काल दूर करे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को बेहतर, सुरक्षित और सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। 📞विज्ञापन एवं खबरों के लिए संपर्क करे 🖊️  स्टेट हेड रिपोर्टर-मनोज कुमार भट्ट  📳7415646812

Nov 04, 2026 Read

पत्थलगांव क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद मानवता और स्वास्थ्य व्यवस्था को झकझोर देने वाली तस्वीर

हमर प्रदेश ब्लाक रिपोर्ट योगेश शर्मा पत्थलगांव जिला जशपुर छत्तीसगढ़।           पत्थलगांव क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद मानवता और स्वास्थ्य व्यवस्था को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। ग्राम पालीडीह स्थित कमला राइस मिल के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, लेकिन इससे भी ज्यादा पीड़ादायक स्थिति तब बनी, जब मृतक का शव अस्पताल पहुंचाने के लिए शव वाहन तक उपलब्ध नहीं होसका।   काम खत्म कर जीजा के घर जा रहा था युवक   मृतक की पहचान ग्राम काडरो निवासी नरेश नाग, पिता जगतराम नाग के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नरेश नाग पटाखा फैक्ट्री में काम करता था। काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने जीजा के घर जा रहा था। इसी दौरान पालीडीह स्थित कमला राइस मिल के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

Nov 04, 2026 Read

लालबाग में सजेगा पटाखों का बाजार, 54 दुकानों से नगर निगम को मिले 6.53 लाख रुपये

लालबाग में सजेगा पटाखों का बाजार, 54 दुकानों से नगर निगम को मिले 6.53 लाख रुपये 54 प्लॉट आवंटित, लेकिन लाइसेंस और सुरक्षा मानकों पर उठे बड़े सवाल हमर प्रदेश सीजी न्यूज़ - जगदलपुरस्टेट हेड - मनोज कुमार भट्ट जगदलपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए इस बार शहर में फुटकर पटाखा दुकानों के लिए लालबाग मैदान में अलग पटाखा बाजार सजाया जा रहा है। नगर निगम ने सनसिटी गेट की ओर 54 अस्थायी प्लॉट आवंटित किए हैं। प्रत्येक दुकानदार से 12,100 रुपये पंजीयन एवं प्लॉट शुल्क लिया गया है, जिससे नगर निगम को कुल 6,53,400 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। प्रत्येक दुकान के लिए 15×15 फीट का प्लॉट निर्धारित किया गया है। नगर निगम का तर्क है कि इससे शहर के मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में होने वाली अव्यवस्था और हादसों पर रोक लगेगी। लेकिन बड़ा सवाल - लाइसेंस की जांच हुई या नहीं? पटाखों का कारोबार सामान्य व्यापार नहीं है। इसमें विस्फोटक सामग्री का भंडारण होता है, इसलिए सक्षम प्राधिकारी का वैध लाइसेंस अनिवार्य है। नगर निगम ने आवंटन के लिए वैध पटाखा लाइसेंस, आधार कार्ड मूल+छायाप्रति और कलेक्ट्रेट की लाइसेंस सूची में नाम होना अनिवार्य रखा था। मगर सवाल ये है -क्या 54 दुकानों के आवंटन से पहले सभी लाइसेंसों का वास्तविक सत्यापन हुआ? क्या सभी लाइसेंस चालू वित्तीय वर्ष के लिए नवीनीकृत हैं? क्या दस्तावेजों का मिलान जिला प्रशासन की सूची से किया गया? इस पर अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। किस विभाग की क्या जिम्मेदारी? 1. लाइसेंस जारी करना: इसका अधिकार कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कार्यालय के पास है, जो विस्फोटक नियमों के तहत अनुज्ञप्ति जारी करता है।2. प्लॉट आवंटन: नगर निगम की भूमिका सिर्फ जगह उपलब्ध कराने और शुल्क लेने तक सीमित है। प्लॉट मिलना ही पटाखा बेचने की अनुमति नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था सबसे अहम लालबाग में 54 दुकानें लगने से हजारों लोगों की भीड़ उमड़ेगी। ऐसे में - - दुकानों के बीच निर्धारित दूरी- प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र, रेत, पानी- सुरक्षित बिजली व्यवस्था- आपातकालीन निकास द्वार- फायर ब्रिगेड की 24 घंटे तैनाती इन सभी मानकों का पालन कराना जरूरी है। सिर्फ आवंटन कर देना काफी नहीं है। प्रशासन से 6 बड़े सवाल 1. क्या सभी 54 दुकानदारों के लाइसेंस की वैधता की जांच हुई?2. सत्यापन किस अधिकारी ने किया?3. क्या सभी लाइसेंसों का नवीनीकरण हुआ है?4. क्या सुरक्षा मानकों का निरीक्षण हुआ?5. क्या फायर विभाग ने लालबाग का निरीक्षण किया?6. क्या दुकानदारों को सिर्फ आवंटित प्लॉट में ही भंडारण के निर्देश दिए गए? दीपावली रोशनी का त्योहार है, प्रशासन की जिम्मेदारी सिर्फ 6.53 लाख का राजस्व कमाना नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। अब देखना होगा कि नगर निगम, जिला प्रशासन और फायर विभाग कितनी गंभीरता से निगरानी करते हैं।

Nov 04, 2026 Read

नाले का तेज बहाव रोक रहा बच्चों की पढ़ाई की राह, पुलिया निर्माण की मांग लेकर जनदर्शन पहुंचे ग्रामीण

✍️ कुश शर्मा ब्लॉक रिपोर्टर कोरबा हमर प्रदेश छत्तीसगढ़   नाले का तेज बहाव रोक रहा बच्चों की पढ़ाई की राह, पुलिया निर्माण की मांग लेकर जनदर्शन पहुंचे ग्रामीण   बारिश में जान जोखिम में डालकर नाला पार करते हैं स्कूली बच्चे, पतरापाली के युवाओं ने कलेक्टर कुणाल दुदावत से लगाई गुहार   कोरबा। जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरकोन्हा के आश्रित ग्राम पतरापाली में कोरजा नाला पर पुलिया नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के दिनों में नाले का तेज बहाव स्कूली बच्चों की शिक्षा और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।   📍 जनदर्शन में युवाओं ने उठाई ग्रामीणों की आवाज   गांव की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर पतरापाली के जागरूक युवा जिला मुख्यालय में आयोजित जनदर्शन में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर कुणाल दुदावत को समस्या से अवगत कराते हुए कोरजा नाला पर जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग रखी।   युवाओं ने बताया कि पतरापाली से बरकोन्हा की दूरी महज साढ़े तीन से चार किलोमीटर है, लेकिन नाले पर पुलिया नहीं होने के कारण ग्रामीणों को करीब 12 से 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है।   ⚠️ बच्चों की जान जोखिम में, अभिभावक चिंतित   ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में कोरजा नाला उफान पर रहता है। इसके बावजूद स्कूली बच्चे अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए जान जोखिम में डालकर नाला पार करते हैं और बरकोन्हा तथा नोनदरहा के स्कूलों तक पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।   ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुरक्षित रास्ता मिलेगा और अभिभावकों की चिंता भी दूर होगी।   🚧 सिर्फ रास्ता नहीं, गांव की बुनियादी जरूरत है पुलिया   यह मार्ग पतरापाली के भद्रापारा और अमरताल मोहल्ले के ग्रामीणों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। राशन लेने, पंचायत संबंधी कार्यों और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए ग्रामीणों को बरकोन्हा जाना पड़ता है। पुलिया बनने से स्वास्थ्य सेवाओं सहित आपातकालीन परिस्थितियों में भी आवागमन आसान हो सकेगा।   📢 ग्रामीणों ने रखीं दो प्रमुख मांगें   जनदर्शन में पहुंचे युवाओं ने प्रशासन से मांग की कि:   * कोरजा नाला पर पुलिया निर्माण के लिए तत्काल स्थल निरीक्षण एवं तकनीकी परीक्षण कराया जाए।   * पुलिया निर्माण की स्वीकृति मिलने तक पात्र राशनकार्डधारियों को पतरापाली गांव में ही राशन वितरण की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।   अब प्रशासन की पहल का इंतजार   ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कार्रवाई करेगा। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बच्चों की शिक्षा, ग्रामीणों की सुरक्षा और गांव के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण आवश्यकता है।   ग्रामीणों की मांग साफ है—बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और किसी अनहोनी से पहले कोरजा नाला पर पुलिया का निर्माण कराया जाए।

Nov 04, 2026 Read

कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

✍️ हमर प्रदेश CG न्यूज  जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद    कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा   धान खरीदी, राजस्व प्रकरण और स्कूलों में स्वच्छता को लेकर दिए सख्त निर्देश   *गरियाबंद, 03 नवंबर 2026।* कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की।   बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाया जाए।   *कलेक्टर के प्रमुख निर्देश :*   - *राजस्व मामले:* सभी राजस्व अधिकारियों को अपने न्यायालय में लंबित प्रकरणों की प्रतिदिन समीक्षा करने और पेंडेंसी घटाने के निर्देश। भू-अर्जन के मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने को कहा। - *आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड के तहत निर्धारित सभी संकेतकों में शत-प्रतिशत प्रगति दर्ज करने के निर्देश। - *धान खरीदी 2026-27:* आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने कहा - "किसानों को खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।" - *जनजातीय गौरव दिवस:* आगामी जनजातीय गौरव दिवस 2026 के भव्य आयोजन के लिए तैयारी शुरू करने के निर्देश। जनजातीय संस्कृति, कला, परंपरा पर आधारित प्रदर्शनी और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करने को कहा। - *शिक्षा एवं स्वच्छता:* छात्रवृत्ति, पीएम जनमन, पीवीटीजी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने को कहा। सभी स्कूलों में विशेषकर शौचालयों में साफ-सफाई बनाए रखने और सभी शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश।   बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, एसडीएम श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Nov 04, 2026 Read

नवा रायपुर के सेक्टर-16 में 'विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन)' का लोकार्पण, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और CM विष्णु देव साय रहे मौजूद

जिला रिपोर्टर अमित कुमार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रायपुर    नवा रायपुर के सेक्टर-16 में 'विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन)' का लोकार्पण, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और CM विष्णु देव साय रहे मौजूद नवा रायपुर, 3 नवंबर। नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन)’ का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पार्क परिसर का अवलोकन किया और पर्यावरण संरक्षण तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे के संतुलन को रेखांकित करने वाली इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की। 'पीपल वन' को हरित नवा रायपुर के विजन और 'विकसित भारत संकल्प' के प्रतीक के रूप में विकसित किया गया है। लोकार्पण अवसर पर शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस नए पार्क के शुरू होने से नवा रायपुर के निवासियों और आने वाले पर्यटकों को एक स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल स्थल की सौगात मिली है।

Nov 04, 2026 Read

टैक्सी चालक-मालिक संगठन का हल्लाबोल: परमिट शुल्क वृद्धि के विरोध में 5 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट का घेराव करने की चेतावनी

जिला रिपोर्टर अमित कुमार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रायपुर    टैक्सी चालक-मालिक संगठन का हल्लाबोल: परमिट शुल्क वृद्धि के विरोध में 5 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट का घेराव करने की चेतावनी रायपुर। छत्तीसगढ़ में परिवहन विभाग द्वारा टैक्सी वाहनों के परमिट शुल्क में की गई बढ़ोतरी को लेकर राज्यभर के टैक्सी चालक और मालिक संगठनों में गहरा रोष व्याप्त है। 4 नवंबर को रायपुर में छत्तीसगढ़ के समस्त टैक्सी चालक-मालिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बढ़ी हुई दरों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। बैठक में सभी संगठनों ने एकमत होकर शासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि परमिट शुल्क में किए गए नए रेट में तत्काल संशोधन कर उस पर पुनः विचार किया जाए। संगठनों का कहना है कि जब तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक पुरानी निर्धारित दरों के आधार पर ही टैक्सियों को परमिट जारी किए जाएं। मांगे पूरी न होने पर चक्का जाम की तैयारी टैक्सी संगठनों के प्रमुख प्रतिनिधियों ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि 4 नवंबर 2026 तक उनकी जायज मांगों पर शासन द्वारा कोई ठोस और उचित निर्णय नहीं लिया जाता है, तो राज्य के समस्त टैक्सी चालक 5 नवंबर 2026 को उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे। रणनीति के तहत 5 नवंबर को छत्तीसगढ़ के सभी टैक्सी चालक और मालिक अपनी-अपनी गाड़ियों को स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर के बाहर खड़ी कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि परमिट शुल्क में अचानक हुई भारी वृद्धि से टैक्सी चालकों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है। यदि प्रशासन ने समय रहते इस पर विचार नहीं किया, तो 5 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट पर होने वाले इस अनूठे प्रदर्शन की पूरी जिम्मेदारी शासन और परिवहन विभाग की होगी।

Nov 04, 2026 Read