Thursday, November 26 2026
ताज़ा ख़बरें

खबरे काम की

Latest खबरे काम की news, analysis, and in-depth coverage

🔥 Top Story

* यहां की औरतों ने बंद करा दी गाली, गाली देने पर देना होगा 10 हजार का जुर्माना*

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़  देवराम चौहान  ब्लॉक रिपोर्टर सरà...

State Head • Nov 05, 2026

More Stories

दीपावली पर बाजारों में सुगम आवागमन की तैयारी, महापौर अलका बाघमार और आयुक्त लीना कोसम ने किया निरीक्षण

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार    दुर्ग। दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए दुर्ग शहर के प्रमुख बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए महापौर अलका बाघमार एवं नगर निगम आयुक्त लीना कोसम ने बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंदिरा मार्केट, पुराना बस स्टैंड एवं पुराना थाना के पीछे स्थित निब्बू लाइन सहित प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों का जायजा लिया।   महापौर एवं आयुक्त ने करीब दो घंटे तक पैदल भ्रमण कर दुकानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण, पसरा, ठेला-खोमचा और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। दुकानदारों को निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करने की समझाइश दी गई। साथ ही दुकानों के सामने 8×8 फीट की चूने से मार्किंग कराई गई, ताकि दुकानदार एवं ठेला-खोमचा संचालक तय सीमा में ही अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।   निरीक्षण के दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया गया। त्योहार के दौरान बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित रखने और नागरिकों के वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। कुछ स्थानों पर अव्यवस्था मिलने पर महापौर ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।   महापौर अलका बाघमार ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दीपावली खुशियों और उत्साह का पर्व है। बाजार को व्यवस्थित रखना व्यापारियों और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। दुकानदार अपनी दुकानों का सामान सड़क पर न फैलाएं और निर्धारित मार्किंग के भीतर ही व्यापार करें, ताकि ग्राहकों को खरीदारी में परेशानी न हो और आवागमन बाधित न हो।   वहीं आयुक्त लीना कोसम ने बाजार विभाग एवं अतिक्रमण अमले को निर्देश दिए कि निर्धारित मार्किंग के बाहर दुकान लगाने, सामान फैलाने अथवा सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर सामान जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। इंदिरा गांधी प्रतिमा के आसपास भी विशेष मार्किंग कराई गई है, ताकि पसरा एवं ठेला-खोमचा निर्धारित सीमा से बाहर न लगें।   निगम प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में स्वच्छता, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है, जिससे व्यापारी सुचारू रूप से कारोबार कर सकें और नागरिक आसानी से दीपावली की खरीदारी कर सकें।   निरीक्षण के दौरान लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, एमआईसी सदस्य शेखर चन्द्राकर, निलेश अग्रवाल, खालिक रिजवी, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर कुमार सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।   हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ आपकी खबर • आपकी आवाज • हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

Nov 05, 2026 Read

दुर्ग के गायत्री मंदिर वार्ड और कसारीडीह में 47.54 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, महापौर अलका बाघमार ने दी सौगात

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार    दुर्ग। शहर के वार्डों में विकास कार्यों को गति देते हुए महापौर अलका बाघमार ने 15वें वित्त आयोग मद से कुल 47.54 लाख रुपये के दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।   इसके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 25 गायत्री मंदिर वार्ड में 8.32 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य तथा वार्ड क्रमांक 43 कसारीडीह में सहगल ऑटो के पास से कुर्मी भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर 39.22 लाख रुपये की लागत से बॉक्स कल्वर्ट एवं सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा।   इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।   उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए दुर्ग शहर का सुनियोजित विकास करना है।   भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, पार्षद दीपक साहू, मनीषा सोनी, खालिक रिजवी, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता अपर्णा मिश्रा, भारती ठाकुर सहित दोनों वार्डों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।   इस दौरान पार्षदों एवं नागरिकों ने विकास कार्यों की सौगात देने पर महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।   हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ आपकी खबर • आपकी आवाज • हमर प्रदेश छत्तीसगढ़

Nov 05, 2026 Read

रतनपुर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ रतनपुर में फटाका दुकानों को लेकर असमंजस की स्थिति, महामाया ग्राउंड और मेला ग्राउंड में दुकान लगाने की तैयारी से व्यापारियों की बढ़ी परेशानी

आशीष यादव जिला संवाददाता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रतनपुर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ रतनपुर में फटाका दुकानों को लेकर असमंजस की स्थिति, महामाया ग्राउंड और मेला ग्राउंड में दुकान लगाने की तैयारी से व्यापारियों की बढ़ी परेशानी   एक ही शहर में दो स्थानों पर फटाका दुकानें लगाने की तैयारी, आखिर व्यापारी कहां लगाएं अपनी दुकानें? प्रशासन की स्पष्ट व्यवस्था का इंतजार।   रतनपुर, बिलासपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर में दीपावली के अवसर पर लगने वाली फटाका दुकानों को लेकर इन दिनों असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई है। शहर में फटाका दुकानों के संचालन के लिए स्थान को लेकर विवाद और दुविधा सामने आने लगी है। एक ओर महामाया ग्राउंड में फटाका दुकानें लगाए जाने की तैयारी चल रही है, वहीं दूसरी ओर अब मेला ग्राउंड में भी फटाका दुकानों को स्थानांतरित कर लगाने की तैयारी शुरू होने की चर्चा है। ऐसे में शहर के फटाका व्यापारियों के सामने यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर वे अपनी दुकानें किस स्थान पर लगाएं।   जानकारी के अनुसार, महामाया ग्राउंड में फटाका दुकानें लगाने को लेकर पहले से ही गतिविधियां चल रही हैं। इसी बीच मेला ग्राउंड में भी दुकानों के लिए व्यवस्था बनाने की तैयारी शुरू होने से व्यापारियों के बीच असमंजस बढ़ गया है। दो अलग-अलग स्थानों पर फटाका दुकानों की व्यवस्था की चर्चा ने व्यापारियों को चिंता में डाल दिया है।   व्यापारियों का कहना है कि फटाका दुकान लगाने के लिए उन्हें पहले से ही कई तरह की तैयारियां करनी पड़ती हैं। दुकान की व्यवस्था, सामान की खरीदी, परिवहन, मजदूरों की व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी औपचारिकताओं में काफी खर्च होता है। ऐसे में यदि स्थान को लेकर अंतिम निर्णय स्पष्ट नहीं होता है, तो व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।   वहीं, व्यापारियों के सामने यह भी चिंता है कि यदि कुछ दुकानें महामाया ग्राउंड में और कुछ मेला ग्राउंड में लगती हैं, तो ग्राहकों का बंटवारा होगा और व्यापार प्रभावित हो सकता है। दूसरी ओर, स्थान परिवर्तन की स्थिति में पहले से की गई तैयारियां भी प्रभावित होने की आशंका है।   प्रशासन से स्पष्ट निर्णय की मांग   इस पूरे मामले में अब व्यापारियों की निगाहें प्रशासन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर टिकी हुई हैं। व्यापारियों की मांग है कि फटाका दुकानों के लिए एक निर्धारित स्थान तय किया जाए और इसकी आधिकारिक जानकारी समय रहते सभी व्यापारियों को दी जाए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी दुकानें लगा सकें।   फटाका कारोबार में सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए दुकानें जहां भी लगाई जाएं, वहां अग्निशमन व्यवस्था, पर्याप्त दूरी, आवागमन के लिए रास्ता और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।   आखिर कहां लगेंगी रतनपुर की फटाका दुकानें?   फिलहाल महामाया ग्राउंड और मेला ग्राउंड को लेकर बनी स्थिति ने फटाका व्यापारियों के बीच दुविधा पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब तक स्पष्ट निर्णय लेते हैं और व्यापारियों को किस स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति दी जाती है।   रतनपुर के व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच भी इस विषय को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी को प्रशासन के आधिकारिक निर्णय का इंतजार है।

Nov 05, 2026 Read

दीवाली के उल्लास में बिखरी परचनपाल की हस्तकला की महक

दीवाली के उल्लास में बिखरी परचनपाल की हस्तकला की महक हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट  श्रीमती शोभा बघेल के सीसल शिल्प ने बढ़ाई त्योहारों की रौनक स्वावलंबन से रोशन हो रहे सैकड़ों घर जगदलपुर, 05 नवम्बर 2026/ आगामी दीवाली और अन्य प्रमुख त्योहारों की आहट के साथ ही बाजारों में स्थानीय कला और पर्यावरण-अनुकूल हस्तनिर्मित उत्पादों की रौनक देखते ही बन रही है। इस त्योहारी माहौल में परचनपाल की ख्यातिप्राप्त हस्तशिल्प कलाकार श्रीमती शोभा बघेल द्वारा सीसल के प्राकृतिक रेशों से तैयार किए गए कलात्मक बैग और आकर्षक सजावटी उत्पाद आमजन की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। उपहारों के आदान-प्रदान और घरों की साज-सज्जा के लिए इन कलाकृतियों की बढ़ती मांग के बीच शोभा बघेल ने नागरिकों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की भावुक अपील की है। उनका कहना है कि पर्व-त्योहारों पर बाजार के सामान्य सामानों के बजाय यदि लोग स्थानीय कारीगरों के हस्तशिल्प को अपनाएं, तो उत्सवों की खुशियां दोगुनी हो जाती हैं। इससे न केवल पारंपरिक कला को सम्मान मिलता है, बल्कि दिन-रात पसीना बहाकर इन अनुपम कृतियों को तराशने वाले स्थानीय शिल्पकारों और उनके परिवारों के जीवन में भी वास्तविक खुशहाली और आर्थिक समृद्धि का उजाला फैलता है।          शोभा बघेल की यह सफलता उनकी अटूट इच्छाशक्ति, अथक परिश्रम और पारंपरिक हुनर के अनूठे संगम की कहानी बयां करती है। उनके इस प्रेरणादायी सफर की शुरुआत वर्ष 2004 में हुई थी, जब उन्होंने हस्तशिल्प विकास बोर्ड से सीसल के रेशों से हस्तशिल्प तैयार करने का प्रशिक्षण हासिल किया था। प्रशिक्षण के बाद उन्होंने सीसल के मजबूत और प्राकृतिक रेशों को चोटी की तरह बारीक गूंथकर बैग, दीवार सज्जा, टेबल मैट और उपहार योग्य करीब 40 से 50 प्रकार की बेहद आकर्षक व टिकाऊ कलाकृतियां बनाना शुरू किया। समय बीतने के साथ उनकी इस अनूठी कला को व्यापक पहचान मिलने लगी और आज उनके उत्पादों की मांग चित्रकोट, शबरी एम्पोरियम, राज्योत्सव तथा सरस मेलों जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर बड़े पैमाने पर हो रही है। बड़ी संख्या में लोग सीधे उनके घर पहुंचकर भी खरीदारी करना पसंद करते हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह 15 हजार से 20 हजार रुपये तक की नियमित और सम्मानजनक आय हो रही है।          अपनी पारिवारिक आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के साथ-साथ शोभा बघेल ने समाज के प्रति अपने दायित्व को भी पूरी निष्ठा से निभाया है। उन्होंने अपने हुनर को स्वयं तक सीमित रखने के बजाय ग्रामीण अंचल की एक हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें भी अपने पैरों पर खड़ा किया है और स्वावलंबन का एक नया मार्ग प्रशस्त किया है। त्योहारों के इस पावन अवसर पर पर्यावरण-अनुकूल सीसल उत्पादों की यह गूंज न केवल वोकल फॉर लोकल के संकल्प को सशक्त कर रही है, बल्कि महिला सशक्तीकरण और जमीनी आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायी मिसाल भी पेश कर रही है।

Nov 05, 2026 Read

पटवारी निलंबन : राजस्व कार्यों में लापरवाही, हड़ताल में शामिल 5 पटवारी निलंबित

पटवारी निलंबन : राजस्व कार्यों में लापरवाही, हड़ताल में शामिल 5 पटवारी निलंबित हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट  महासमुंद, 05 नवंबर / जिले में किसानों के राजस्व कामों को लेकर बड़ी कार्रवाई हुई है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर हड़ताल में शामिल और काम में लापरवाही बरतने वाले जिले के 5 पटवारियों को संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। क्यों हुई कार्रवाई?बताया जा रहा है कि किसानों के राजस्व संबंधी कार्यों में मारपीट, पंजीयन पीवी सत्यापन तथा डीएसएस सर्वे में सख्ती से प्रगति नहीं पाई गई। इसके बाद भी ये पटवारी जबरन हड़ताल में शामिल हो गए। इसी को गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की गई है। कौन-कौन हुआ निलंबित? - बागबहरा तहसील - श्री भंगी राम ध्रुव- बागबहरा तहसील - श्री कमलेश डहरे- बागबहरा तहसील - श्री नीरज कुमार वर्मा- बसना अनुविभाग - श्री तिलक राम चौधरी- सरायपाली अनुविभाग - श्रीमती दमयंती नायक निलंबन के दौरान क्या मिलेगा?निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। मुख्यालय संबंधित अनुविभाग में ही रहेगा। प्रशासन का कहना है कि किसानों के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हड़ताल के नाम पर काम रोकने वालों पर आगे भी ऐसी ही कार्रवाई होगी।

Nov 05, 2026 Read

बस्तर ओलंपिक के आयोजन से उत्साहित हैं अबूझमाड़ की रंजिता जुर्री

बस्तर ओलंपिक के आयोजन से उत्साहित हैं अबूझमाड़ की रंजिता जुर्री हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट  तीन बार राज्य स्तर और दो बार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में दिखा चुकी हैं अपनी प्रतिभा जगदलपुर, 05 नवम्बर 2026/ नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्राम हिकपाड़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कुमारी रंजिता जुर्री खेल के क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। रामकृष्ण मिशन आश्रम नारायणपुर में अध्ययनरत रंजिता ने अब तक तीन बार राज्य स्तरीय और दो बार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि पूरे नारायणपुर जिले और बस्तर अंचल का गौरव बढ़ा है।          रंजिता को बचपन से ही खेलों के प्रति विशेष लगाव रहा है। खेल के प्रति उनकी रुचि धीरे-धीरे जुनून में बदल गई और उन्होंने नियमित अभ्यास एवं मेहनत के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारना शुरू किया। पढ़ाई के साथ खेलों के लिए समय निकालना और लगातार अभ्यास करना उनकी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी लगन और समर्पण के परिणामस्वरूप उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। दूरस्थ ग्रामीण अंचल से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का उनका सफर क्षेत्र के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।        नारायणपुर जिले सहित समूचे बस्तर संभाग में आयोजित बस्तर ओलंपिक को लेकर रंजिता काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का एक बेहतरीन माध्यम हैं। पहले दूरस्थ गांवों के अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त अवसर और मंच नहीं मिल पाता था, लेकिन अब ऐसे आयोजनों के माध्यम से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि यह युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, मेहनत और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का भी महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से गांव-गांव के बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति आकर्षण बढ़ता है। साथ ही खिलाड़ियों को अपनी कमियों को पहचानने, अनुभव प्राप्त करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होने का अवसर मिलता है।       रंजिता का मानना है कि खेल के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रतिभा के साथ नियमित अभ्यास, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति जरूरी है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है। अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और खेल के प्रति उनका उत्साह भी मजबूत हुआ है। उन्होंने बस्तर ओलंपिक के सफल आयोजन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। रंजिता ने कहा कि इस तरह के आयोजन से अबूझमाड़ सहित दूरस्थ अंचलों में रहने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा और वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि बस्तर ओलंपिक के माध्यम से अनेक नए खिलाड़ी सामने आएंगे और अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के दम पर प्रदेश तथा देश में बस्तर अंचल का नाम रोशन करेंगे। ग्राम हिकपाड़ की रंजिता जुर्री की उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि प्रतिभा किसी स्थान या परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। यदि सही अवसर, मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास मिले तो दूरस्थ गांवों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।

Nov 05, 2026 Read

डिजिटल क्रॉप सर्वे में फसलवार रकबे का सटीक और स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करें- कमिश्नर श्री डोमन सिंह

डिजिटल क्रॉप सर्वे में फसलवार रकबे का सटीक और स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करें- कमिश्नर श्री डोमन सिंह हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट    तोकापाल एवं गीदम तहसील के ग्रामों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का लिया जायजा, सर्वेक्षण दल को पूरी सतर्कता एवं गंभीरता से कार्य करने के दिए निर्देश जगदलपुर, 05 नवम्बर 2026/ कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह ने बुधवार को बस्तर संभाग में डिजिटल क्रॉप सर्वे की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए बस्तर जिले की तोकापाल तहसील के ग्राम राजूर तथा दंतेवाड़ा जिले की गीदम तहसील के ग्राम बड़े पनेड़ा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में चल रहे खरीफ फसल सर्वेक्षण कार्य का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों एवं सर्वेक्षण दल को सर्वे की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और शुद्धता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए।           कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के अंतर्गत किसानों के खेतों में वास्तविक स्थिति के अनुरूप फसल क्षेत्र का रकबा दर्ज किया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सर्वेक्षण दल के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर खेतों का निरीक्षण करें और निरा बोये गए फसल क्षेत्र, पड़त रकबा तथा अन्य उपयोग में आने वाले भूमि क्षेत्र का स्पष्ट एवं सही उल्लेख सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि नहीं होनी चाहिए, ताकि डिजिटल अभिलेखों में दर्ज जानकारी वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो।           उन्होंने सर्वेक्षण कार्य में संलग्न कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक खेत का भौतिक सत्यापन करते हुए पूरी सावधानी से जानकारी संकलित करें। डिजिटल क्रॉप सर्वे के आंकड़ों की शुद्धता भविष्य में कृषि संबंधी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और किसानों को शासन की विभिन्न सुविधाओं का लाभ पहुंचाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।         इस अवसर पर कमिश्नर ने संबंधित किसानों से भी सीधे संवाद किया और उनके खेतों में बोई गई फसलों तथा वर्तमान फसल की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों से समन्वय बनाकर सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम तोकापाल श्री सत्येंद्र बंजारे, तहसीलदार तोकापाल श्रीमती यशोदा केतारप, एसडीएम गीदम श्री रामसिंह सोरी, तहसीलदार गीदम पूनम ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Nov 05, 2026 Read

बस्तर में दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष पहल

बस्तर में दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष पहल हमर प्रदेश सीजी न्यूज़  स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट  दो दिवसीय शिविरों में 136 बच्चों का सहायक उपकरणों हेतु चिन्हांकन सिंगल विंडो व्यवस्था से अभिभावकों को मिली बड़ी राहत जगदलपुर, 05 नवम्बर 2026/ दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने और उनके दैनिक जीवन को सुगम व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में समग्र शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक सराहनीय पहल की गई है। कलेक्टर श्री आशीष छिकारा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तन्मय खन्ना के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित विशेष आकलन एवं मूल्यांकन शिविरों के माध्यम से दो दिनों के भीतर कुल 136 दिव्यांग छात्र-छात्राओं का आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया गया।          इस अभियान के तहत 4 नवंबर को बीआरसी कार्यालय बस्तर में विकासखंड बस्तर एवं बकावंड के बच्चों के लिए शिविर आयोजित हुआ, जहां पहुंचे कुल 126 दिव्यांग विद्यार्थियों का पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शारीरिक आवश्यकता के अनुसार 74 बच्चों का चयन कर उनके सहायक उपकरणों हेतु आवश्यक माप दर्ज किए। वहीं इससे पूर्व 3 नवंबर को जगदलपुर में आयोजित शिविर में जगदलपुर एवं लोहंडीगुड़ा विकासखंड के बच्चों का परीक्षण किया गया था, जिसमें 62 जरूरतमंद दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु चिन्हित किया गया।         शिविर की सबसे उल्लेखनीय विशेषता इसकी सुव्यवस्थित ‘सिंगल विंडो’ प्रणाली रही। आमतौर पर दिव्यांग बच्चों के पालकों को मेडिकल बोर्ड, प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं, लेकिन इस आयोजन में एक ही परिसर के भीतर स्वास्थ्य परीक्षण, दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने और समाज कल्याण विभाग के सहयोग से यूडीआईडी कार्ड बनाने की औपचारिकताएं पूरी कर दी गईं। इस सुगम व्यवस्था से अभिभावकों को भटकने से मुक्ति मिली और उन्होंने प्रशासन की इस संवेदनशीलता पर गहरा संतोष व्यक्त किया।           जांच प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए जिला चिकित्सालय के मेडिकल बोर्ड से अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. लखन ठाकुर, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नवदीप सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राज, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. रुखसार खान, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता थॉमस और ऑडियोलॉजिस्ट श्री साहू ने अपनी सेवाएं दीं। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग के श्री श्याम सुंदर एवं उनकी टीम ने यूडीआईडी कार्ड व प्रमाण पत्र तैयार करने का कार्य सुचारू रूप से संभाला।आयोजन समिति के अनुसार, प्रथम चरण में चिन्हांकन और माप लेने की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब आगामी द्वितीय चरण में विशेष वितरण शिविर आयोजित कर सभी चयनित बच्चों को उनकी आवश्यकतानुसार उपकरण प्रदान किए जाएंगे। इस दो दिवसीय अभियान को सफल बनाने में जिला मिशन समन्वयक श्री अशोक पांडे, समावेशी शिक्षा प्रभारी श्री राजेश त्यागी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती देवांगन, बीआरसी श्री अजम्बर कोर्राम, बीआरपी बकावंड श्री चंद्रशेखर नायडू सहित सत्य प्रकाश साहू, अर्जुन कश्यप, नीलम यादव और शाहिद की सक्रिय व सराहनीय भूमिका रही।

Nov 05, 2026 Read

मंगल भवन में भव्य दीपावली मिलन समारोह: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं, कहा-जनता के सहयोग से विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा बसना*

*हमर प्रदेश स्टेट न्यूज रिपोर्टर रमेश श्रीवास्तव पिथौरा 9977708864*      *मंगल भवन में भव्य दीपावली मिलन समारोह: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं, कहा-जनता के सहयोग से विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा बसना*   *मंगल भवन में भव्य दीपावली मिलन: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बांटी खुशियां और सौगातें, बसना को अग्रणी विधानसभा बनाने का लिया संकल्प*   *बसना*। नगर के प्रतिष्ठित मंगल भवन परिसर में प्रकाश पर्व दीपावली के पावन उपलक्ष्य में एक भव्य, सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामयी ‘दीपावली मिलन समारोह’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के आगमन पर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रबुद्धजनों एवं भारी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, आतिशबाजी और नारों के साथ उनका आत्मीय व भव्य स्वागत किया।   कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री गणेश एवं मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। उन्होंने सर्वशक्तिमान प्रभु से समस्त बसना विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की। इसके उपरांत विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर समारोह का औपचारिक आगाज किया और दीपों के इस पर्व पर समूचे क्षेत्र के आलोकित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भविष्य की कामना की।   दीपावली के उल्लास को साझा करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने उपस्थित सभी नागरिकों, सामाजिक प्रतिनिधियों, मातृशक्ति एवं कार्यकर्ताओं को स्नेहपूर्वक दीपावली के उपहार व मिठाइयां भेंट कर पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पूरा परिसर आपसी भाईचारे और उत्सव के उमंग से सराबोर नजर आया।   समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि दीपावली केवल दीप प्रज्वलित करने का पारंपरिक त्योहार नहीं है, बल्कि यह परस्पर सद्भाव, अटूट विश्वास और अंधकार पर प्रकाश की विजय का पावन संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज बसना विधानसभा क्षेत्र प्रगति और विकास की जिन नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वह क्षेत्र की जागरूक और कर्मठ जनता के अपार स्नेह, विश्वास और सतत जनसहयोग का ही प्रतिफल है। जनता की सेवा और क्षेत्र की खुशहाली ही उनके राजनीतिक जीवन का मूल ध्येय है।   विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्रवासियों का यह अटूट विश्वास, मार्गदर्शन और समर्थन इसी प्रकार निरंतर प्राप्त होता रहेगा। उन्होंने मंच से दोहराया कि बसना विधानसभा को सर्वांगीण विकास के प्रत्येक पैमाने पर पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में अग्रणी और आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण व शहरी अंचलों में पक्की सड़कों एवं सुचारू जल आपूर्ति की व्यवस्था, स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधाओं का आधुनिकीकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अंतिम छोर के व्यक्ति तक शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। विकास कार्यों की गति को आगामी दिनों में और अधिक तेज किया जाएगा ताकि बसना का प्रत्येक वर्ग लाभान्वित हो सके।    समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय पदाधिकारियों एवं सैकड़ों की संख्या में पहुंचे आमजनों ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास जताया और क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में सामूहिक मिष्ठान वितरण के साथ समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने किया ।   समारोह में प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश चौधरी.जिला महामंत्री भाजपा जितेन्द्र त्रिपाठी,संयोजक बसना विधानसभा डॉ. एन. के. अग्रवाल,जिला उपाध्यक्ष भाजपा हरप्रसाद पटेल,जिला उपाध्यक्ष भाजपा कृष्ण कुमार साहू,विधायक प्रतिनिधि बसना कैलाश अग्रवाल,जनपद अध्यक्ष बसना डिलेश्वरी मिलाप निराला,जिला संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ सुमित अग्रवाल,अध्यक्ष जनपद पिथौरा उषा पुरुषोत्तम धृतलहरे ,उपाध्यक्ष जनपद पिथौरा ब्रम्हानंद पटेल,विधायक प्रतिनिधि, सदस्य जनपद: श्री पुरुषोत्तम धृतलहरे,जिला पं. सभापति जगमोती भोई,अध्यक्ष सरपंच संघ सतपाल सिंह छाबड़ा,मण्डल अध्यक्ष बसना नरेन्द्र यादव,उपाध्यक्ष जनपद पं. बसना मोहित पटेल,जिला महामंत्री युवा मोर्चा कामेश बंजारा,मण्डल अध्यक्ष सांकरा हलधर साहू,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश भोई, विधायक प्रतिनिधि एवं पत्रकार सुखदेव दास वैष्णव,सुशीला अंबु पटेल,धनमाली साव, एन. एल. भोई,कोलता समाज सभापति थबीर साहू,खोलबाहरा निराला,सुशील चौधरी,हिरेनंद कश्यप,त्रिलोचन नायक,रामचंद्र अग्रवाल,पत्रकारबंधु, ग्रामीणजन, कार्यकर्ता बंधु सहित नेतागण उपस्थित रहे।

Nov 05, 2026 Read

ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 गौवंश मुक्त; 23 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 70 गौवंश मुक्त; 23 आरोपी गिरफ्तार   हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ ब्लॉक रिपोर्टर – योगेश शर्मा पत्थलगांव, जिला जशपुर (छत्तीसगढ़)   जशपुर। जिले में गौवंशों के अवैध परिवहन एवं तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बेलडेगी में पुलिस ने घेराबंदी कर 70 गौवंशों को मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया है।   मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी   पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे पत्थलगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बैलों को पैदल हांककर अवैध रूप से दूसरे राज्य ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम बेलडेगी पहुंची।   पुलिस ने शंकर ढाबा के पास घेराबंदी की, जहां बड़ी संख्या में बैलों को पैदल ले जाते हुए लोग मिले। मौके पर गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए कुल 23 लोगों को हिरासत में लिया गया और 70 बैलों के संबंध में पंचनामा तैयार किया गया।   वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी   पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों से गौवंशों के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज एवं रसीद मांगी गई, लेकिन कोई भी आरोपी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज किया। मामले में थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 266/2026 पंजीबद्ध किया गया है।   दो मोटरसाइकिलें भी जब्त   कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 70 गौवंशों के साथ दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। इनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस क्रमांक CG14ML5856 और हीरो स्प्लेंडर क्रमांक CG14MW4009 शामिल हैं।   पुलिस ने सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया और उनकी सुरक्षा एवं देखरेख के लिए गौशाला भेज दिया है।   गिरफ्तार किए गए 23 आरोपी   पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोथो राम, लक्ष्मण राम यादव, गुलाम हुसैन, दशरथ यादव, बालकुंवर राम, विकास टोप्पो, विनीत टोप्पो, किशोर मिंज, राजू महतो, विकास उर्फ विक्की मलार, नंदकुमार, हेमंत कुमार, शिवकुमार, अमित खलखो, जोन मिंज, अंतियुस खलखो, रवी राम डोम, कलदियुस खलखो, आमोस मिंज, ननकु कोरवा, रामवृक्ष नगेशिया, धनसाय राम और सनेश्वर राम शामिल हैं।   आरोपी जशपुर जिले के विभिन्न गांवों के अलावा झारखंड के गुमला जिले के निवासी भी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।   वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई   यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में की गई।   कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ताम्रकार सहित सउनि लखेश कुमार साहू, प्रधान आरक्षक त्रिनाथ यादव, प्रधान आरक्षक चन्द्रविजय साय पैंकरा, आरक्षक आबेद मिंज, आकाश कुजूर एवं बिरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।   गौवंश तस्करी पर जारी रहेगी सख्ती   डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंशों के अवैध परिवहन और तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर पुलिस की सतत निगरानी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।   हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ 🌐 hamarpradeshcg.com छत्तीसगढ़ की हर खबर, सबसे पहले और विश्वसनीय तरीके से।

Nov 05, 2026 Read

त्योहार से पहले ही घर में पसरा मातम

*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज* *रिपोर्टर - गौतम रंगारी* *ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा)*   *त्योहार से पहले ही घर में पसरा मातम*   गीदम, 5 नवंबर। गीदम क्षेत्र के हारम पंचायत में एक दुखद घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, आज सुबह तड़के करीब 4 बजे हारम पंचायत निवासी शुभम नाग (26 वर्ष), पिता बोटी नाग ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर के बरामदे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। युवक द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाए जाने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। नोट: पुलिस कार्रवाई, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने या जांच संबंधी जानकारी उपलब्ध होने पर समाचार में जोड़ी जा सकती है।

Nov 05, 2026 Read

टैक्सी चालक-मालिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 

जिला रिपोर्टर अमित कुमार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रायपुर  टैक्सी चालक-मालिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल  अब चुप बैठना नहीं, अपने अधिकारों के लिए एकजुट होना है! समस्त टैक्सी चालक-मालिक भाइयों एवं वाहन संचालकों से विशेष अपील। आज छत्तीसगढ़ के टैक्सी चालक-मालिक गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। एक तरफ गाड़ियों की किस्त, इंश्योरेंस, परमिट, फिटनेस, रोड टैक्स, मेंटेनेंस और ड्राइवरों का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ टैक्सी व्यवसाय से होने वाली आमदनी लगातार प्रभावित हो रही है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि पहले जिस CG परमिट के लिए लगभग ₹250 शुल्क देना पड़ता था, उसे बढ़ाकर ₹4,800 कर दिया गया है। आखिर एक आम टैक्सी चालक-मालिक इतना आर्थिक बोझ कैसे उठाए? जब गाड़ी का इंश्योरेंस, परमिट, फिटनेस, टैक्स, सर्विसिंग, टायर, डीजल और ड्राइवर का खर्च निकालने के बाद घर चलाने के लिए भी पैसे नहीं बचेंगे, तो टैक्सी व्यवसाय चलाने का क्या फायदा? क्या टैक्सी चालक सिर्फ गाड़ी की किस्त और सरकारी शुल्क भरने के लिए ही दिन-रात मेहनत करे? हमारी प्रमुख मांगें 1. CG परमिट शुल्क में की गई भारी वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए।2. पुराने परमिट शुल्क को बहाल किया जाए और उचित एवं किफायती दर निर्धारित की जाए।3. टैक्सी चालक-मालिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।4. टैक्सी व्यवसाय से जुड़े सभी नियमों एवं शुल्कों की समीक्षा कर राहत प्रदान की जाए।5. टैक्सी चालक-मालिकों की समस्याओं को सुनने के लिए प्रशासन एवं RTO विभाग के साथ बैठक आयोजित की जाए। हमारी हड़ताल जारी रहेगी! हमारी यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक हमारी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता। आज इस आंदोलन में बड़ी संख्या में टैक्सी चालक-मालिक भाई अपना समर्थन दे रहे हैं। यह किसी एक व्यक्ति या संगठन की लड़ाई नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के हजारों टैक्सी चालक-मालिक परिवारों के सम्मान, रोजगार और भविष्य की लड़ाई है। सभी भाइयों से अपील है कि आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहें। कोई भी साथी इस आंदोलन को कमजोर न होने दे। हमारी ताकत हमारी एकता है। हम कानून और शांति के दायरे में रहकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। किसी भी साथी को यात्रियों, आम जनता या अन्य कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार नहीं करना है। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, संघर्ष जारी रहेगा! ✊ एकता ही हमारी ताकत है।✊ अधिकारों की लड़ाई में सभी साथी साथ आएं। वाहन चालक-मालक सामाजिक संघ (VCMSS), छत्तीसगढ़ जिला अध्यक्ष – रवि गुप्ताबिलासपुर, छत्तीसगढ़

Nov 05, 2026 Read