Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

खबरे काम की

Latest खबरे काम की news, analysis, and in-depth coverage

🔥 Top Story

महासमुंद में बिना लाइसेंस चल रहा था आंचल नर्सिंग होम, डॉक्टर-नर्स के बिना चल रहा था अस्पताल, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप*

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ देवराम चौहान  ब्लॉक रिपोर्टर  देवर...

DHANIRAM- संपादक hamarpradeshcg.com • Nov 24, 2026

More Stories

*महासमुंद: दो बाइकों से गांजा तस्करी का अनोखा तरीका नाकाम, नाका पर धमतरी के चार युवक गिरफ्तार

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज  24/11/2026 किरण नायक  ब्लॉक रिपोर्टर  बसना,महासमुंद    | महासमुंद। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के धमतरी तक गांजा पहुंचाने की कोशिश कर रहे चार युवकों को कोमाखान पुलिस ने टेमरी नाका के पास पकड़ लिया। आरोपियों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए दो मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल किया था। एक बाइक पर सवार युवक आगे चलकर रास्ते की निगरानी कर रहे थे, जबकि दूसरी बाइक से गांजे का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने चारों के कब्जे से 4 किलो 490 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन की कुल कीमत 3 लाख 64 हजार 500 रुपये आंकी गई है।   पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 24 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ऑपरेशन निश्चय के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और जांच की जा रही है। इसी दौरान कोमाखान पुलिस को सूचना मिली कि खरियार रोड, ओडिशा की ओर से दो मोटरसाइकिलों पर चार युवक बागबाहरा की तरफ आ रहे हैं। इनमें आगे चल रही ग्रे रंग की पल्सर पर सवार दो युवक पीछे आने वाली दूसरी पल्सर को रास्ते की जानकारी दे रहे थे। पीछे चल रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 RA 2799 में गांजा रखे होने की सूचना थी।   सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टेमरी नाका के पास घेराबंदी कर दी। पहले सामने से आ रही मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ शुरू की गई। कुछ ही देर में पीछे से दूसरी बाइक भी पहुंच गई, जिस पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोक लिया। पूछताछ में चारों के एक-दूसरे से परिचित होने और दोनों बाइकों के बीच तालमेल से आगे बढ़ने की जानकारी सामने आई।   पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान भावेश साहू उर्फ आयुष (21), विनय कुमार साहू (19), पिकेश साहू (21) और लोकेश साहू उर्फ काशीराम (21) के रूप में हुई है। सभी धमतरी जिले के बिरेझर चौकी क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं।   तलाशी के दौरान नीले रंग के पिट्ठू बैग से कुल 4.490 किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस ने इसकी कीमत 2 लाख 24 हजार 500 रुपये बताई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के खरियार रोड, नुआपाड़ा से धमतरी ले जाने की बात कही। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 217/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(B) और 29 में अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।   कार्रवाई में गांजे के अलावा दो मोटरसाइकिलें, जिनकी कीमत करीब 1 लाख रुपये है, और चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए गए हैं। इस तरह कुल जब्ती 3 लाख 64 हजार 500 रुपये की हुई है। पुलिस के मुताबिक, सटीक सूचना और त्वरित घेराबंदी के चलते गांजा परिवहन की यह कोशिश नाकाम हो गई।

Nov 24, 2026 Read

राजधानी की आजाद चौक पुलिस ने फ़ोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार

जिला रिपोर्टर अमित कुमार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रायपुर    रायपुर। राजधानी की आजाद चौक पुलिस ने फ़ोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अतुल तलमले को न्यायिक रिमांड पर सेंट्रल जेल भेज दिया है। पीड़ित की शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अतुल तलमले को धर दबोचा। पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस की सख्त चेतावनी इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में कानून हाथ में लेने, शांति भंग करने या किसी भी नागरिक को धमकाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। आम जनता से अपील पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को फ़ोन पर या प्रत्यक्ष रूप से किसी प्रकार की धमकी मिलती है या कोई परेशानी होती है, तो बिना डरे तत्काल डायल 112 पर कॉल करें या अपने नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क कर सूचना दें।

Nov 24, 2026 Read

धान खरीदी केंद्रों में किसानों की परेशानी पर भड़के पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, चार समितियों का किया निरीक्षण; रकबा शून्य और फसल प्रविष्टि पर उठाए सवाल

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ 🌐 hamarpradeshcg.com   महासमुंद समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने ग्रामीण सेवा सहकारी समिति बिरकोनी, बड़गांव, कांपा और तुमगांव का निरीक्षण कर किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।   निरीक्षण के दौरान कई किसानों का रकबा शून्य किए जाने तथा धान की फसल वाले खेतों में दूसरी फसल दर्ज होने की शिकायत सामने आई। इसके चलते किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है।   रकबा शून्य और फसल प्रविष्टि से किसान परेशान   विनोद चंद्राकर ने समिति कर्मचारियों से धान की तौलाई नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसान कई महीनों तक मेहनत कर धान की फसल तैयार करता है, लेकिन खरीदी के समय रकबा शून्य होने और दूसरी फसल दर्ज होने जैसी समस्याओं के कारण उसे समितियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।   उन्होंने कहा कि हर साल धान खरीदी के दौरान किसानों को अलग-अलग परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कभी रकबा शून्य कर दिया जाता है, तो कभी फसल की गलत प्रविष्टि के कारण किसान धान बेचने से वंचित हो जाते हैं। तौलाई में गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आती हैं। यह स्थिति किसानों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है।   भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले– किसानों की समस्याओं पर मूंद रखी हैं आंखें   निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक चंद्राकर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार किसानों की परेशानियों को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं से मुंह मोड़ रही है और आत्ममुग्ध होकर बैठी है। उन्होंने कहा कि किसानों की अनदेखी सरकार के लिए नुकसानदायक साबित होगी।   किसानों के साथ कांग्रेस खड़ी, मनमानी बर्दाश्त नहीं होगी   विनोद चंद्राकर ने किसानों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी किसान हितों के लिए उनके साथ खड़ी है और किसानों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने समिति प्रबंधकों को भी स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता बरती जाए तथा किसी भी किसान के साथ मनमानी या अनावश्यक परेशानी न हो।   उन्होंने शासन-प्रशासन से किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने और पात्र किसानों का धान बिना किसी बाधा के खरीदने की मांग की।   इस दौरान किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मानिक साहू, दिलीप चंद्राकर सहित अन्य कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।   हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ 🌐 hamarpradeshcg.com

Nov 24, 2026 Read

महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, महाराष्ट्र के सिरोंचा से दबोचा गया फरार आरोपी

सचिन सिंह - संवाददाता जिला प्रमुख बीजापुर  हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़   बीजापुर। महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बीजापुर पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर महाराष्ट्र के सिरोंचा में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।   क्या है पूरा मामला ?   मिली जानकारी के अनुसार, थाना भोपालपटनम क्षेत्र में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसके घर में घुसकर गलत नीयत से छेड़छाड़ की और उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर थाना भोपालपटनम में अपराध क्रमांक 23/2026, धारा 74 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी।   मामले में आरोपी बाबर खान, पिता स्वर्गीय जहांगीर खान, उम्र 36 वर्ष, घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से आरोपी के महाराष्ट्र के सिरोंचा में होने की सूचना मिली।   सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सिरोंचा से आरोपी को अभिरक्षा में लिया और थाना भोपालपटनम लाया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।   महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों पर पुलिस की नजर   बीजापुर पुलिस द्वारा महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।   पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को दें। अपराधों को छिपाने के बजाय समय पर शिकायत दर्ज कराएं और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में पुलिस का सहयोग करें।   हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ 🌐 hamarpradeshcg.com

Nov 24, 2026 Read

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 26 नवंबर को करेंगे जनदर्शन, दोपहर 12 से 3 बजे तक आम जनता से होगी सीधी मुलाकात

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ ब्लॉक रिपोर्टर – महेश्वर जायसवाल रायपुर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आगामी 26 नवंबर, गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आम नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुनेंगे।   जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशभर के नागरिकों को अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। लोग अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं के साथ विभिन्न मांगों और सुझावों को मुख्यमंत्री तक पहुंचा सकेंगे।   मुख्यमंत्री श्री साय जनदर्शन के दौरान आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे और उनके त्वरित एवं उचित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।   जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद   जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे शासन तक पहुंचाना और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देना है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के नागरिक मुख्यमंत्री से प्रत्यक्ष मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत करा सकेंगे।   जनदर्शन कार्यक्रम का समय एवं स्थान   - दिनांक: 26 नवंबर 2026, गुरुवार - समय: दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक - स्थान: मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन, रायपुर (छत्तीसगढ़)   🌐 वेबसाइट: hamarpradeshcg.com

Nov 24, 2026 Read

धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन का बड़ा प्रहार! चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, 393 कट्टा धान सहित चावल जब्त

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ ब्लॉक रिपोर्टर – महेश्वर जायसवाल   बलौदाबाजार। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही जिले में अवैध धान भंडारण और कारोबार करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने जिले के चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में दुकानों और ट्रेडर्स के ठिकानों से कुल 393 कट्टा धान, करीब 15 क्विंटल खुला धान और 15 कट्टा चावल जब्त किया गया है।   प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।   चार ठिकानों पर छापेमारी, कहां से कितना माल हुआ जब्त?   प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिमगा अनुविभाग के ग्राम कामता स्थित शायब ट्रेडिंग कंपनी में राजस्व विभाग की टीम ने जांच के दौरान 279 कट्टा धान और लगभग 15 क्विंटल खुला धान बरामद कर जब्त किया।   वहीं, तहसील लवन के ग्राम भालुकोना में विमल ट्रेडर्स की दुकान से 90 कट्टा धान जब्त किया गया। इसी क्रम में तहसील टुंड्रा के ग्राम गिरौदपुरी स्थित बिसाहू साहू किराना स्टोर से 10 कट्टा धान और 15 कट्टा चावल बरामद किया गया। इसके अलावा ग्राम नरधा में पूनाराम ट्रेडर्स के यहां कार्रवाई करते हुए 14 कट्टा धान जब्त किया गया।   किसानों के हक पर नजर, बिचौलियों पर प्रशासन की सख्ती   गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक किसानों को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।   जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, बिचौलियों की गतिविधियों और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।   अब प्रशासन की नजर उन सभी ठिकानों पर है, जहां समर्थन मूल्य की खरीदी के बीच अवैध रूप से धान का भंडारण या कारोबार किया जा रहा है।

Nov 24, 2026 Read

लाल बंगला के सामने प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध मकान और दुकान हटाकर जमीन कराई गई अतिक्रमण मुक्त

देवान सिंह -जिला रिपोर्टर  हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, छत्तीसगढ़ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला स्थित लाल बंगला के सामने मंगलवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। तहसीलदार पेंड्रारोड श्रीमती प्रीति शर्मा के नेतृत्व में राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं नगर पालिका परिषद गौरेला की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान बेजा कब्जा कर बनाए गए मकान एवं दुकानों को हटाकर संबंधित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। पूरी कार्रवाई प्रशासन की संयुक्त टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई।   कार्रवाई के दौरान तहसीलदार पेंड्रारोड श्रीमती प्रीति शर्मा, थाना प्रभारी गौरेला सहित राजस्व विभाग, पुलिस बल एवं नगर पालिका परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।     🌐 hamarpradeshcg.com

Nov 24, 2026 Read

NMDC डिपॉजिट-14 भूस्खलन क्षेत्र का कांग्रेस नेताओं ने किया निरीक्षण, प्रभावित इलाके का लिया जायजा

हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूजरिपोर्टर - गौतम रंगारीब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा) किरंदुल, 24 नवंबर 2026 | जिला दंतेवाड़ा बैलाडीला स्थित NMDC के डिपॉजिट-14 क्षेत्र में हाल ही में हुए बड़े भूस्खलन के बाद आज कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। इस निरीक्षण में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी, दंतेवाड़ा की पूर्व विधायक देवती कर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।कांग्रेस नेताओं ने घटनास्थल पर पहुंचकर भूस्खलन से प्रभावित पहाड़ी क्षेत्र, मलबे के फैलाव और आसपास के प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। इस दौरान घटना से हुए नुकसान तथा पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की जानकारी भी ली गई।निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने घटनास्थल की वास्तविक स्थिति को समझने, मलबे के कारण प्रभावित हुए वन क्षेत्र तथा प्राकृतिक जलधाराओं की स्थिति की जानकारी जुटाई। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं और आवागमन में आ रही परेशानियों को भी जाना।गौरतलब है कि 18 नवंबर की रात हुई इस घटना में खनन अपशिष्ट का मलबा लगभग 2 से 3 किलोमीटर तक बह गया था। इसके चलते लोहागांव-किरंदुल मार्ग प्रभावित हुआ है। घटना के कारणों और पर्यावरणीय नुकसान का आकलन अभी जांच का विषय है।

Nov 24, 2026 Read

सराइपाली मे उत्तर प्रदेश का युवक 'डॉ. राव' बनकर कर रहा था यौन रोगों का इलाज, संयुक्त जांच दल ने दवाखाना किया बंद

देवराम चौहान हमर प्रदेश छत्तीसगढ़  ब्लॉक रिपोर्टर सरायपाली  महासमुंद:सरायपाली में फर्जी नाम से संचालित अवैध क्लिनिक पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई महासमुंद / 24नवंबर 2026 आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप एवं फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायत के आधार पर सोमवार को राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सरायपाली के सरसीवा रोड (ग्राम पतेरापाली) स्थित "डॉ. राव दवाखाना" पर औचक छापामार कार्रवाई की। जांच में क्लिनिक पूरी तरह अवैध पाए जाने पर टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर दवाखाने को आगामी आदेश तक के लिए बंद (सील) कर दिया है क्या है पूरा मामला? महासमुंद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि सरायपाली के सरसीवा रोड पर प्रत्येक सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक 'डॉ. राव दवाखाना' के नाम से अवैध क्लिनिक संचालित किया जा रहा है, जहाँ बिना किसी वैध चिकित्सकीय डिग्री और पंजीयन के यौन रोगों (गुप्त रोगों) के गारंटीशुदा इलाज का दावा कर मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। जांच में खुला फर्जीवाड़े का राज शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली को अवगत कराया गया। इसके पश्चात सोमवार 23 नवंबर को नायब तहसीलदार सरायपाली, सहायक नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट) महासमुंद, राजस्व निरीक्षक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली की संयुक्त टीम ने क्लिनिक पर दबिश दी। निरीक्षण के दौरान क्लिनिक के बाहर "डॉ. राव दवाखाना (R)" का बड़ा बोर्ड और अंदर टेबल पर BAMS (AM) की नेम-प्लेट लगी पाई गई। जब टीम ने मौके पर मरीजों को परामर्श दे रहे व्यक्ति से उसकी डिग्री और पहचान पत्र मांगा, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आधार कार्ड की जांच करने पर उसका वास्तविक नाम जावेद अली (पिता महमूद अली), निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) निकला, जो अपनी पहचान छिपाकर 'डॉ. राव' के फर्जी नाम से क्लिनिक चला रहा था। वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया संचालक संयुक्त टीम द्वारा चिकित्सकीय योग्यता (डिग्री) और छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010 (नर्सिंग होम एक्ट) के तहत क्लिनिक संचालन का लाइसेंस मांगे जाने पर जावेद अली कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। 07 दिन का नोटिस, होगी एफ.आई.आर. निरीक्षण दल ने तत्काल प्रभाव से क्लिनिक को बंद कराते हुए संचालक को 07 दिवस के भीतर समस्त वैध चिकित्सकीय एवं पंजीयन दस्तावेज कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद में प्रस्तुत करने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है किहै निर्धारित समय में वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर संबंधित के विरुद्ध नर्सिंग होम एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत एफ.आई.आर. दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Nov 24, 2026 Read

3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी से किसानों को मिल रहा बेहतर मूल्य, गोविंद यादव ने बेचा अपना धान

✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़  जिला रिपोर्टर जगेश्वर पटेल गरियाबंद  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को मिल रही सुविधा   गरियाबंद, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए शासन द्वारा प्रभावी व्यवस्थाएं की गई हैं। इन व्यवस्थाओं का लाभ जिले के किसानों को भी मिल रहा है।   इस संबंध में ग्राम पंचायत रोहिणा के किसान श्री गोविंद यादव ने बताया कि उन्होंने उपार्जन केंद्र में शासन की धान खरीदी व्यवस्था के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अपना धान विक्रय किया। निर्धारित दर पर उपज का विक्रय होने से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है और उनमें शासन की खरीदी व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ रहा है।   धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए शासन द्वारा ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे अपना टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इस डिजिटल पहल से किसानों को समितियों के अनावश्यक चक्कर लगाने और लंबी कतारों में लगने से राहत मिल रही है। साथ ही निर्धारित तिथि के अनुसार उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान विक्रय करना आसान हुआ है।   मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को 13 हजार 839 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता देने का प्रावधान किया गया है। यह सहायता किसानों की कृषि लागत में राहत प्रदान करने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके अलावा उपार्जन केंद्रों में सुव्यवस्थित खरीदी, डिजिटल पंजीयन, डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

Nov 24, 2026 Read

लैलूंगा MCH एवं मातृ शिशु अस्पताल में हो रही लापरवाही । अस्पताल से डॉक्टर ही गायब

सोनू महंत   ब्लॉक रिपोर्टर हमर प्रदेश CG न्यूज़   📍 डॉ. लखन लाल पटेल ,डॉ. प्रीति सिंह . डॉ. साक्षी अहर और डॉ. मिथलेश महंत लैलूंगा अस्पताल में क्यूं नहीं मौजूद। 📍 डॉक्टर को पेमेंट एवं सर्व सुविधा लैलूंगा से लेकिन लैलूंगा के लोगों को नहीं मिल रहा फायदा । 📍 प्रतिदिन डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण परेशान होकर शीघ्र स्वास्थ्य सुधार हेतु        लैलूंगा अस्पताल से रेफर कराके रायगढ़ अस्पताल जा रहे हैं । 📍 आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के   लोगों के साथ हो रहा धोखाधड़ी आदिवासी और बादली क्षेत्र के गरीब मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिलता 📍 प्रतिदिन क्षेत्र के गरीब परिवारों से गर्भवती महिलाएं प्रसव हेतु लैलूंगा अस्पताल आते हैं डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण बिना चेक किये रायगढ़ रेफर कर दिया जाता है  📍जनता की सवाल :- .मरीज को समय पर इलाज क्यों नहीं मिल पा रहा है .क्या ड्यूटी सिर्फ कागजों में है.CMHO रायगढ़ डॉक्टर जगत , और ले लूंगा बीएमओ चुप क्यों है .कब होगी जांच और दोषियों पर कार्यवाही कब होगी

Nov 24, 2026 Read

मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत निःशुल्क इलेक्ट्रिशियन प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित*

देवान सिंह हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़  जिला रिपोर्टर  गौरेला पेंड्रा मरवाही     गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 नवंबर 2026 मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) पेंड्रा में इलेक्ट्रिशियन डोमेस्टिक सॉल्यूशन कोर्स में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जाना है। इस प्रशिक्षण की कुल अवधि 350 घंटे निर्धारित है। इस प्रशिक्षण के लिए 8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण इच्छुक युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं। आवेदक संस्था कार्यालय में उपस्थित होकर अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए 20 से 30 आवेदन प्राप्त होने के उपरांत प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को इलेक्ट्रिशियन कार्य से संबंधित व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के योग्य बनाना है। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए कार्यालय अधीक्षक, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पेंड्रा से संपर्क कर सकते हैं।

Nov 24, 2026 Read