युवा फेस्ट-2026 के सकारात्मक परिणाम परिलक्षित, धमतरी के प्रतीक ताम्रकार का स्टार्टअप ‘ऑटो जीएसटी’ आईआईटी बॉम्बे के FinEDGE PitchArena-2026 के लिए चयनित
✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी हमर प्रदेश छत्ती...
More Stories
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दें – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा
✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, टीबी एवं सिकल सेल नियंत्रण सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा धमतरी। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी, बेहतर विभागीय समन्वय और समयबद्ध कार्ययोजना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लक्ष्य पूर्ति के साथ गुणवत्ता, उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की प्रभावशीलता भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 7,160 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन किया गया, जिनमें 6,979 का प्रथम तिमाही में पंजीयन हुआ है। कुल 1,805 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई है। कलेक्टर ने इन महिलाओं की नियमित जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यकतानुसार अल्ट्रासाउंड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवधि में जिले में 6,484 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। नियमित टीकाकरण में 47 प्रतिशत तथा एचपीवी टीकाकरण में 67 प्रतिशत उपलब्धि की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने छूटे हुए बच्चों एवं पात्र हितग्राहियों को अभियान चलाकर टीकाकरण से जोड़ने के निर्देश दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के प्रदर्शन की समीक्षा में 12 स्वास्थ्य संस्थानों की उपलब्धि 90 प्रतिशत से अधिक रही। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 1.71 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि सिकल सेल स्क्रीनिंग में 98 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई है। कुष्ठ एवं मलेरिया नियंत्रण, गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप के मरीजों के नियमित फॉलोअप तथा कुपोषित बच्चों के उपचार की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कम उपलब्धि वाले स्वास्थ्य संस्थानों के लिए विशेष सुधारात्मक कार्ययोजना बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य अधोसंरचना के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा, बीमारियों की समय पर पहचान, नियमित उपचार और जनजागरूकता स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी प्रतिबद्धता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।बैठक में स्वास्थ्य विभाग के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए व्यक्तिगत जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए परिणाममूलक कार्य करें।
अवैध धान के भंडारण और बिना दस्तावेज परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज कुरूद के ग्राम छाती और देमार में तीन प्रकरणों में 66 क्विंटल धान जब्त धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं नियमसम्मत बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान के भंडारण, क्रय-विक्रय और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में धमतरी अनुविभाग के अंतर्गत राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 164 कट्टा (लगभग 66 क्विंटल) धान जब्त किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम कुरूद विकासखंड के ग्राम छाती में जांच के दौरान व्यापारी केशव यदु की दुकान से 55 बोरी (लगभग 21 क्विंटल) धान अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर जब्त किया गया। इसी ग्राम में दुष्यंत कुमार मेषपाल की दुकान से भी 15 क्विंटल अवैध धान बरामद कर जब्ती की कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम देमार में भखारा-धमतरी मार्ग पर बिना वैध दस्तावेज के परिवहन करते हुए 75 कट्टा (लगभग 30 क्विंटल) धान पकड़ा गया। जब्त धान को नियमानुसार मंडी निरीक्षक धमतरी के सुपुर्द किया गया है। इस प्रकार तीनों प्रकरणों में कुल लगभग 66 क्विंटल धान की जब्ती कर छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण अथवा दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की आशंका को रोकने के लिए जिले के धान खरीदी केंद्रों, सीमावर्ती क्षेत्रों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं परिवहन मार्गों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सतर्क रहकर जांच और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही किसानों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि वे धान के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें तथा आवश्यक वैध दस्तावेज अपने पास रखें।
धान खरीदी अभियान को मिल रही गति, अब तक 3,337 किसानों से 11,434 मीट्रिक टन धान का उपार्जन...
✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज 19 नवंबर के लिए 1,017 टोकन जारी, किसानों की सुविधा और सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था पर जिला प्रशासन का विशेष ध्यान धमतरी। छत्तीसगढ़ सहित धमतरी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और व्यवस्थित व्यवस्था के साथ धान खरीदी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा खरीदी प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। निर्धारित खरीदी कार्यक्रम के अनुसार 19 नवंबर को जिले में कुल 1,017 किसानों के लिए टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के माध्यम से कुल 3,769.45 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। वहीं, धान खरीदी प्रारंभ होने से अब तक जिले में कुल 3,337 किसानों से 11,434.20 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। यह जिले में खरीदी कार्य की निरंतर प्रगति और किसानों की सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बारदाना, तौल व्यवस्था तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही धान की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों के अनुरूप तौल, अभिलेख संधारण और खरीदी के बाद धान के सुरक्षित रखरखाव पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से भी अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं टोकन के अनुसार ही उपार्जन केंद्रों में धान लेकर पहुंचें, ताकि खरीदी कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों की मेहनत और उपज का उचित मूल्य उन्हें समयबद्ध एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त हो तथा जिले में धान खरीदी का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
धमतरी के कारोबारियों को मिला व्यवसाय विस्तार का मंत्र, कृत्रिम बुद्धिमत्ता से ब्रांडिंग तक बताए सफलता के नए रास्ते
✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी धमतरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज ‘व्यापार से बाजार तक’ संगोष्ठी में सीए सौरभ केला ने साझा किए व्यवसाय को ब्रांड बनाने के गुर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने उद्यमिता और रोजगार सृजन पर दिया जोर धमतरी। बदलते कारोबारी दौर में केवल उत्पाद तैयार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी बाजार में पहचान बनाना, ग्राहकों का भरोसा जीतना और आधुनिक तकनीक के साथ कारोबार का विस्तार करना भी जरूरी है। इसी सोच को केंद्र में रखकर जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा बुधवार को ‘व्यापार से बाजार तक’ विषय पर विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। स्व. संतोष नेताम महानदी सभागार, कम्पोजिट बिल्डिंग में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 50 से अधिक व्यापारियों, उद्यमियों, नवउद्यमियों और युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने की, जबकि लेखक एवं व्यवसाय प्रशिक्षक सीए सौरभ केला मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कारोबारियों को व्यवसाय की सामान्य गतिविधियों से आगे बढ़कर उसे एक मजबूत पहचान वाले ब्रांड के रूप में स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके बताए। बाजार की मांग समझना ही कारोबार की सफलता की कुंजी मुख्य वक्ता सीए सौरभ केला ने कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता के लिए बाजार की जरूरतों और ग्राहकों की पसंद को समझना बेहद जरूरी है। सही विपणन, प्रभावी बिक्री रणनीति, ग्राहक संतुष्टि और वित्तीय प्रबंधन किसी कारोबार को आगे बढ़ाने के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने व्यवसाय संचालन में होने वाली सामान्य गलतियों और उनसे बचने के उपायों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने जोर दिया कि कारोबारियों को अपने उत्पाद की गुणवत्ता के साथ उसकी पहचान और बाजार में विश्वसनीयता बनाने पर भी काम करना चाहिए। कृत्रिम बुद्धिमत्ता से आसान होगा विपणन, बढ़ेंगे कारोबार के अवसर संगोष्ठी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावसायिक उपयोग पर विशेष चर्चा हुई। सीए केला ने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से बाजार का विश्लेषण, ग्राहकों की पसंद और व्यवहार का अध्ययन, डिजिटल विपणन, विज्ञापन तैयार करने तथा बिक्री बढ़ाने की रणनीति बनाने में मदद ली जा सकती है। आधुनिक तकनीक का सही उपयोग छोटे व्यापारियों और लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए भी नए बाजारों तक पहुंचने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। पुस्तक के जरिए बताए कारोबार को ब्रांड बनाने के सूत्र इस अवसर पर सीए सौरभ केला ने अपनी पुस्तक ‘व्यापार से बाजार तक’ के महत्वपूर्ण व्यावसायिक सूत्रों और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि पुस्तक में व्यवसाय शुरू करने से लेकर उसकी बाजार में पहचान बनाने, ब्रांड निर्माण, ग्राहक व्यवहार, विपणन, बिक्री, वित्तीय प्रबंधन और कारोबार के विस्तार तक के पहलुओं को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बनें : कलेक्टर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास के लिए स्थानीय उद्यमियों को बाजार की बदलती जरूरतों, आधुनिक तकनीक और बेहतर व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी देना आवश्यक है। इस तरह के आयोजन स्थानीय कारोबार को नई दिशा देने के साथ उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे। उन्होंने जिले में संचालित उद्यमिता, कौशल विकास, प्रशिक्षण और नवउद्यम प्रोत्साहन कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं से स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहकर रोजगार सृजित करने वाला बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक लोकपाल खंडेकर, प्रबंधक प्रशांत चंद्राकर, सीजीएस नेटवर्क के मार्गदर्शक उमेश महिलानी, जिला संसाधन व्यक्ति, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष दिनेश रोहरा, धमतरी संभाग के श्री कुकरेजा, राइस मिल एसोसिएशन नगरी के अध्यक्ष अनिल वाधवानी, एस.पी. गोस्वामी सहित लघु एवं मध्यम उद्योगों के प्रतिनिधि, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना के हितग्राही तथा युवा एवं महिला उद्यमी उपस्थित रहे
ग्राम पंचायत बिलारी में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली
✍️जिला संवाददाता प्रकाश कुमार साहू बलौदाबाजार हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज कल्प समाज सेवी संस्था के तत्वावधान में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत दिनांक 17 नवंबर को ग्राम पंचायत बिलारी में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का संचालन कल्प संस्था के समन्वयक रूप सिंह जी द्वारा किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी दुष्परिणामों और बच्चों के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस जागरूकता रैली में गाँव के नागरिकों, महिला स्व-सहायता समूहों (SHG) की सदस्यों, मितानिनों, सरपंच, उपसरपंच एवं पंचगणों ने पूरी सक्रियता के साथ हिस्सा लिया। लगभग 50 से अधिक ग्रामीण सदस्यों ने हाथों में तख्तियां लेकर और नारे लगाते हुए पूरे ग्राम के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण किया तथा पंचायत को पूर्ण रूप से बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया। बैनर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल मजदूरी, बाल विवाह और बाल तस्करी जैसी बुराइयों को रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। कार्यक्रम के संबंध में संस्था के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अभिषेक यादव ने कहा— "बाल विवाह बच्चों के बचपन, स्वास्थ्य और उनके सुनहरे भविष्य पर सीधा प्रहार है। जब तक समाज का हर नागरिक खुद आगे आकर इस कुप्रथा के खिलाफ आवाज नहीं उठाएगा, तब तक इस पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है। ग्राम पंचायत बिलारी के ग्रामीणों, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिखाया गया यह उत्साह और जागरूकता इस बात का प्रमाण है कि हमारा छत्तीसगढ़ जल्द ही बाल विवाह मुक्त होने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहा है।" रैली के अंत में सभी ने मिलकर बाल विवाह के खिलाफ प्रलोभनों और दबावों से दूर रहने तथा बाल विवाह मुक्त पंचायत का निर्माण करने का सामूहिक संकल्प लिया।
आवास प्लस 2.0 से 2,568 परिवारों का पक्का मकान बनाने का सपना होगा साकार, जिले को मिले 12,210 आवासों के लक्ष्य पर तेजी से काम
✍️हेतराम साहू स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ प्रतिदिन 500 से 700 आवासों को मिल रही मंजूरी, बरमकेला विकासखंड 24 प्रतिशत स्वीकृति के साथ सबसे आगे सारंगढ़-बिलाईगढ़ | 18 नवंबर 2026 सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से पक्के मकान का इंतजार कर रहे पात्र परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत संचालित आवास प्लस 2.0 योजना से जिले के हजारों परिवारों के अपने पक्के घर का सपना साकार होने की उम्मीद बढ़ गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को कुल 12,210 आवासों का लक्ष्य मिला है, जिसके विरुद्ध अब तक 2,568 पात्र परिवारों के आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। यह कुल लक्ष्य का 21.03 प्रतिशत है। खास बात यह है कि जिले में आवास स्वीकृति की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और प्रतिदिन औसतन 500 से 700 आवासों को मंजूरी दी जा रही है। इससे पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है। कलेक्टर की नियमित निगरानी, अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू लगातार समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों में आवश्यक अंकीय प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने और स्वीकृति कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी के मार्गदर्शन में आवास शाखा के अधिकारी-कर्मचारी एवं मैदानी अमला पंजीयन, आवास स्थल के भू-अंकन और अंकीय सत्यापन की लगातार निगरानी कर रहे हैं। बरमकेला विकासखंड सबसे आगे 17 नवंबर तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार विकासखंडवार आवास स्वीकृति की स्थिति इस प्रकार है— बरमकेला – 24 प्रतिशत सारंगढ़ – 21 प्रतिशत बिलाईगढ़ – 18 प्रतिशत तीनों विकासखंडों में शेष पात्र हितग्राहियों के अंकीय सत्यापन एवं आवास स्वीकृति की प्रक्रिया लगातार जारी है। अब कागजी दस्तावेजों की जरूरत नहीं, आठ डिजिटल जांच के बाद मिलेगी मंजूरी आवास प्लस 2.0 योजना में स्वीकृति की प्रक्रिया को पूरी तरह अंकीय और पारदर्शी बनाया गया है। अब हितग्राहियों से भौतिक दस्तावेजों की प्रतियां नहीं ली जा रही हैं, बल्कि निर्धारित आठ प्रमुख डिजिटल जांच बिंदुओं के आधार पर पात्रता का सत्यापन किया जा रहा है। इनमें आवास स्थल का भू-अंकन, रोजगार कार्ड का मिलान, बैंक खाते से आधार का जुड़ाव, आधार सत्यापन, पहले से मिले आवास योजना के लाभ की जांच, हितग्राही की इलेक्ट्रॉनिक पहचान तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से आंकड़ों का अंतिम सत्यापन शामिल है। इन सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद पात्र हितग्राही का प्रकरण आवास स्वीकृति के लिए आगे बढ़ता है। इससे अनावश्यक कागजी प्रक्रिया कम हुई है और स्वीकृति कार्य में तेजी आई है। लक्ष्य पूरा करने की दिशा में प्रशासन की तैयारी जिला प्रशासन द्वारा शेष पात्र परिवारों का अंकीय सत्यापन जल्द पूरा कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नियमित निगरानी, विभागीय समन्वय और डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से जिले में निर्धारित 12,210 आवासों का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में काम जारी है। अब ग्रामीण परिवारों को उम्मीद है कि उनका वर्षों पुराना पक्के मकान का सपना जल्द ही हकीकत में बदलेगा।
उजियारा अभियान के तहत गांजा बिक्री करते आरोपी गिरफ्तार, कांकेर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई ।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ नाम: शैलेन्द्र जैन पद: जिला रिपोर्टर जिला: कांकेर 🟪कृषि उपज मंडी अन्नपूर्णापारा के पास गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था आरोपी। 🟪 आरोपी के कब्जे से 56 ग्राम गांजा, कीमत ₹28,00/-, 02 मोबाइल एवं 01 होंडा स्कूटी कुल अनुमानित कीमत 57800₹/-जप्त । 🟪 आरोपी के विरुद्ध थाना कांकेर में जुआ एवं मारपीट तथा थाना बालोद में एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व से प्रकरण दर्ज। 🔳घटना का संक्षिप्त विवरण पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री हरीश पाटिल के पर्यवेक्षण में जिले में संचालित उजियारा अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थ, शराब, जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। 🔳इसी क्रम में दिनांक 18.11.2026 को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कांकेर को सूचना प्राप्त हुई कि कृषि उपज मंडी, अन्नपूर्णापारा कांकेर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी एवं कार्रवाई की गई। 🔳पुलिस टीम को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा अभिरक्षा में लेकर पूछताछ एवं तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पारदर्शी जिपर झिल्ली में रखा 56 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹28,00/- है, बरामद किया गया। साथ ही 02 मोबाइल एवं 01 होंडा स्कूटी जप्त की गई। 🔳पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोहेब अख्तर, निवासी सुभाष वार्ड कांकेर बताया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली कांकेर में अपराध क्रमांक 412/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को दिनांक 18.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। 🔳आरोपी का विवरण सोहेब अख्तर पिता लियाकत अली, उम्र 26 वर्ष, निवासी सुभाष वार्ड, कांकेर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़)। 🔳जप्त सामग्री - गांजा – 56 ग्राम, कीमत ₹28,00/- - मोबाइल – 02 नग - होंडा स्कूटी – 01 नग - कुल कीमत -57800₹/- 🔳आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड आरोपी के विरुद्ध पूर्व में निम्नलिखित प्रकरण पंजीबद्ध होना पाया गया है— 1. थाना कांकेर – अपराध क्रमांक 293/2023, धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम। 2. थाना कांकेर – अपराध क्रमांक 349/2024, धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस। 3. थाना बालोद, जिला बालोद – अपराध क्रमांक 318/2025, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट। 🔳कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम ◽थाना सिटी कोतवाली कांकेर:निरीक्षक जितेन्द्र साहू, उप निरीक्षक मनोरथ जोशी, सहायक उप निरीक्षक सोमेन्द्र सिंह, आरक्षक शिव प्रसाद नेताम, रोशन राठौर एवं जितेन्द्र कोर्राम। ◽साइबर सेल कांकेर: निरीक्षक राजेन्द्र साहू, प्रधान आरक्षक सचिन शोरी, आरक्षक जितेन्द्र नाग एवं पन्ना नाग
अपराधियों पर सख्ती, जनसेवा में तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए 14 अधिकारी-कर्मचारी को 'कॉप ऑफ द मंथ' ।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ पद: जिला रिपोर्टर जिला: कांकेर नाम: शैलेन्द्र जैन बेहतर पुलिसिंग के लिए कांकेर पुलिस की सकारात्मक पहल :- अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों की सहायता में अग्रणी रहे पुलिसकर्मी बने 'कॉप ऑफ द मंथ'। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा साइबर अपराध से लेकर नशा तस्करी तक प्रभावी कार्रवाई करने वाले 14 अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण, गंभीर अपराधों की प्रभावी विवेचना, आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई, साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता, गुमशुदा व्यक्तियों की दस्तयाबी, कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सहित पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले माह मार्च, सितम्बर एवं अक्टूबर 2026 के कुल 14 पुलिस अधिकारी - कर्मचारियों को 'कॉप ऑफ द मंथ' सम्मान से सम्मानित किया गया। माह मार्च 2026 में सम्मानित अधिकारी-कर्मचारी 1. प्रधान आरक्षक क्रमांक 588 पर्वत कौशल पोया (साइबर सेल कांकेर)-साइबर जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, ग्रामीण एवं शहरी इलाकों, शैक्षणिक संस्थानों तथा आमजन के बीच साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने में विशेष योगदान दिया गया। 2. बस्तर फाइटर आरक्षक क्रमांक 2112 भूपेश नेताम (साइबर सेल कांकेर)-थाना ताड़ोकी में दर्ज हत्या के प्रकरण में साइबर तकनीकी साक्ष्यों एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से आरोपी की पहचान एवं लोकेशन का पता लगाने तथा उसकी गिरफ्तारी में विशेष सहयोग किया गया। 3. महिला आरक्षक क्रमांक 1147 असमोतिन भास्कर (साइबर सेल कांकेर)-अपहरण एवं गुम इंसान के प्रकरणों में साइबर तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन एवं अन्य तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से गुमशुदा व्यक्तियों की पतासाजी एवं सकुशल दस्तयाबी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका हेतु सम्मानित किया गया। 4. बस्तर फाइटर महिला आरक्षक क्रमांक 2019 सीमा प्रधान (यातायात शाखा कांकेर)-यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण, प्रमुख आयोजनों एवं विशेष अवसरों पर प्रभावी ड्यूटी प्रबंधन तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने में उत्कृष्ट कार्य किया गया। माह सितम्बर 2026 में सम्मानित अधिकारी-कर्मचारी 1. निरीक्षक अम्बर सिंह भारद्वाज (थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर)-किराए के मकान से 30 पौवा अंग्रेजी शराब सहित 4,409 नग खाली शराब की बोतलें, पौवा एवं अद्धी, 3,380 नग ढक्कन तथा स्टीकर-होलोग्राम बरामद करने एवं अवैध शराब की पैकिंग एवं मिलावट में संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में विशेष भूमिका हेतु सम्मानित किया गया। 2. उप निरीक्षक मनोरथ जोशी (थाना कांकेर) - थाना कांकेर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में 90 पैकेट गांजा, कुल वजन 447.720 किलोग्राम, कीमत ₹2,23,50,000/- की बरामदगी तथा पुलिस को देखकर फरार आरोपी सुखपाल उर्फ सुखा को हरियाणा राज्य से गिरफ्तार करने में विशेष भूमिका हेतु सम्मानित किया गया। 3. प्रधान आरक्षक क्रमांक 656 कन्हैया पटेल (थाना कोरर)- कार से अवैध शराब की तस्करी करते हुए 03 आरोपियों को पकड़ने तथा 132.360 लीटर अंग्रेजी शराब, नगदी, 03 मोबाइल एवं तस्करी में प्रयुक्त कार सहित कुल ₹5,18,320/- की संपत्ति जप्त करने में विशेष भूमिका निभायी गई। 4. आरक्षक क्रमांक 428 गौतम हुपेंडी (थाना भानुप्रतापपुर)-उजियारा अभियान के तहत अवैध रूप से गांजा की खेती करने वाले आरोपी सुभाष कोरेटी के घर की बाड़ी से गांजा के 850 पौधे, कुल वजन 8 किलो 660 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹4,30,000/- जप्त करने तथा आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20(A) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। 5. आरक्षक क्रमांक 1139 परमानंद साहू (थाना अमाबेड़ा)-कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य, सजगता एवं तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। माह अक्टूबर 2026 में सम्मानित अधिकारी-कर्मचारी 1. उप निरीक्षक (प्रशिक्षु) ऋषभ बाजपेयी (थाना प्रभारी लोहत्तर)- चेमल माइंस में तीन पोकलेन मशीनों में आगजनी के मामले में अपराध क्रमांक 12/2026, धारा 326, 324(5), 61(2), 111(3), 351(3), 319(2) एवं 191(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों की गिरफ्तारी तथा घटना को नक्सली वारदात का रूप देने के उद्देश्य से पर्चे रखे जाने के तथ्य का खुलासा करने में विशेष भूमिका हेतु सम्मानित। 2. उप निरीक्षक (प्रशिक्षु) पीयूष यादव (चौकी प्रभारी हल्बा)-गौशाला भेजने के नाम पर 40 गौवंशों की तस्करी कर ओडिशा के पापड़ाहांडी ले जाकर बेचने वाले आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई में विशेष भूमिका। आरोपियों से 01 हुंडई क्रेटा, 02 पिकअप वाहन एवं मवेशी बिक्री की ₹10,000/- राशि सहित कुल ₹25,10,000/- की संपत्ति जप्त की गई। अपराध क्रमांक 193/2026 में बीएनएस, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी में विशेष योगदान हेतु सम्मानित। 3. सहायक उप निरीक्षक गोपाल नेताम (थाना सरोना)-थाना सरोना में दर्ज नाबालिग बालिका की गुमशुदगी के प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को नागपुर (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार करने तथा बालिका की सकुशल दस्तयाबी में विशेष भूमिका निभाने हेतु सम्मानित। 4. आरक्षक क्रमांक 1426 पुखराज साहू (डायल 112, थाना पखांजूर)-सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ त्वरित सहायता उपलब्ध कराते हुए समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनका जीवन बचाने में सराहनीय भूमिका निभाई गई। 5. आरक्षक क्रमांक 1546 दिनेश सोनवानी (थाना भानुप्रतापपुर)-थाना क्षेत्र के लंबित स्थायी वारंटों की तामीली हेतु विशेष अभियान चलाकर फरार वारंटियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका निभाने हेतु सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा पुलिस बल के अन्य सदस्यों को भी कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
रतनपुर में 20वां मड़ई मेला एवं रावत नाच महोत्सव 7 दिसंबर को, यादव समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और वरिष्ठजनों का होगा सम्मान
✍️आशीष यादव जिला संवाददाता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ रतनपुर बिलासपुर छत्तीसगढ़ रतनपुर। धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी रतनपुर में यादव समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले मड़ई मेला एवं रावत नाच महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यादव समाज की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 7 दिसंबर को 20वां मड़ई मेला एवं रावत नाच महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन रतनपुर स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर के यादव समाज के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में संपन्न होगा। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, प्रतिभा प्रोत्साहन, सांस्कृतिक परंपरा और जनसेवा से जुड़े विभिन्न आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। महोत्सव के अंतर्गत रक्तदान शिविर, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र के यादव समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। समाज के वरिष्ठ नागरिकों का भी सम्मान कर उनके योगदान और अनुभवों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी। छत्तीसगढ़भर के रावत नाच दल दिखाएंगे अपनी कला रावत नाच महोत्सव इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ से यादव समाज के विभिन्न रावत नाच दल अपनी पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक नृत्य और लोक संस्कृति की शानदार प्रस्तुतियां देने पहुंचेंगे। इस दौरान रावत नाच की पारंपरिक कला और यादव समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दल को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये एवं रनिंग शील्ड प्रदान की जाएगी। इसे लेकर रावत नाच दलों में विशेष उत्साह देखने को मिलने की उम्मीद है। सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा बढ़ावा यादव समाज का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की एकजुटता, नई पीढ़ी को प्रोत्साहन, प्रतिभाओं के सम्मान और पारंपरिक लोक संस्कृति को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। रक्तदान जैसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया जाएगा। 20वें वर्ष में प्रवेश कर रहा यह मड़ई मेला एवं रावत नाच महोत्सव रतनपुर सहित आसपास के क्षेत्र में सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव का माहौल तैयार करेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए यादव समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है।
गरियाबंद ब्रेकिंग: जोबा में पंजीयन कार्ड संशोधन एवं ई-केवाईसी शिविर 19 नवंबर को
✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़ जिला रिपोर्टर जगेश्वर पटेल गरियाबंद गरियाबंद छत्तीसगढ़ शासन श्रम विभाग गरियाबंद द्वारा श्रमिकों के पंजीयन कार्ड में आवश्यक संशोधन एवं ई-केवाईसी (eKYC) की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत भवन जोबा में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। श्रम विभाग की सूचना के अनुसार, पंजीयन कार्ड में संशोधन अथवा ई-केवाईसी कराने वाले हितग्राहियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर स्थल पहुंचकर प्रक्रिया पूर्ण कराने की अपील की गई है। शिविर में श्रमिकों के पंजीयन कार्ड से संबंधित आवश्यक सुधार एवं ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। छत्तीसगढ़ शासन, श्रम विभाग द्वारा हितग्राहियों से शिविर का लाभ उठाकर समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने का आग्रह किया गया है। अधिक जानकारी के लिए संपर्क: परीक्षित कुमार - मोबाइल नंबर 7067867007 तारीख: 19 नवंबर 2026 समय: सुबह 10 बजे से स्थान: ग्राम पंचायत भवन, जोबा, गरियाबंद
*नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने कलेक्टर ने दिए निर्देश*
✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज रिपोर्टर - गौतम रंगारीब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा) *मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण, जिला चिकित्सालय में 10 बिस्तरों का नशामुक्ति उपचार केंद्र शुरू करने की तैयारियों की समीक्षा* दंतेवाड़ा, 18 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी, एनकार्ड) के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम, अवैध कारोबार पर नियंत्रण तथा नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने तथा नशीली दवाओं की अवैध बिक्री एवं अनधिकृत भंडारण पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नशामुक्ति अभियान, जब्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण, अवैध कारोबार में संलिप्त वाहनों की नीलामी तथा कोटपा अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से जागरूकता अभियान संचालित करने तथा युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में 10 बिस्तरों का नशामुक्ति उपचार केंद्र संचालित करने की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के साथ नशे से प्रभावित व्यक्तियों को समुचित उपचार एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को नियमित निगरानी, प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता के माध्यम से जिले में नशे के विरुद्ध समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, अपर कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र खुटे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
*सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से लागू करें कलेक्टर श्री ध्रुव*
✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज रिपोर्टर - गौतम रंगारी ब्यूरो चीफ़ (दंतेवाड़ा) *गीदम के प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने, आवारा पशुओं की रोकथाम और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ विकसित करने के निर्देश* दंतेवाड़ा, 18 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार तथा आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वित प्रयास करने और आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गीदम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इसलिए संबंधित विभाग इस दिशा में नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्थानों पर फुटपाथ विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के दुर्घटना संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर उनका निरीक्षण करने तथा वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही स्कूलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने और विद्यार्थियों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने यातायात नियमों के पालन के लिए आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों के बीच नियमित जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी बल दिया। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जाए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी निर्देशों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित हो सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, अपर कलेक्टर श्री भरतराम ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र खुटे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।