बच्चों की सेहत से खिलवाड़! मिड-डे मील में मिली संदिग्ध गोली, 28 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी; शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार ...
More Stories
पत्नी घर छोड़कर गई तो पड़ोसी की कर दी हत्या, घर में छिपा रहा आरोपी; मिर्ची का धुआं छोड़कर पुलिस ने पकड़ा
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार गरियाबंद। शराब की लत और घरेलू विवाद के बाद पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज एक युवक ने पड़ोसी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी अपने ही घर में छिपकर बैठ गया। उसे पकड़ने के लिए पुलिस को करीब 7 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने घर के ऊपर से मिर्ची का धुआं छोड़ा, जिसके बाद आरोपी बाहर निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव का है। पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय हीरा नागेश ने अपने 38 वर्षीय पड़ोसी खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। आरोपी ने इससे पहले एक अन्य पड़ोसी 25 वर्षीय नरेंद्र पर भी प्राणघातक हमला किया था। नरेंद्र किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घायल युवक का उपचार मैनपुर अस्पताल में चल रहा है। पत्नी के घर छोड़ने से था नाराज शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा के अनुसार, आरोपी की पत्नी घर से चली गई थी। आरोपी को शक था कि उसके पड़ोसियों ने उसकी पत्नी को उकसाया है। इसी बात को लेकर उसने पड़ोसियों से विवाद किया और हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी राजमिस्त्री का काम करता है और शराब का आदी है। कुछ समय तक उसने दवा लेकर शराब छोड़ दी थी, लेकिन मानसिक तनाव के बीच उसने दोबारा शराब पीना शुरू कर दिया। इसके बाद उसका व्यवहार आक्रामक हो गया था और वह आए दिन घर में विवाद करता था। घटना से एक रात पहले भी आरोपी का पत्नी जागेश्वरी से विवाद हुआ था। सुबह पत्नी उसके उठने से पहले घर छोड़कर मायके चली गई। उठने के बाद आरोपी पत्नी की तलाश करता रहा और इसी दौरान पड़ोसियों से विवाद शुरू हो गया। घर में खुद को कर लिया बंद हत्या की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जवानों पर गुलेल से हमला भी किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। स्थिति गंभीर होने पर मैनपुर पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे। आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस ने मकान की छत के ऊपर से मिर्ची का धुआं छोड़ा। इसके बाद आरोपी घर से बाहर निकला। बाहर आते ही आरोपी करीब 200 मीटर तक पुलिस जवानों पर हमला करने के लिए दौड़ा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे काबू में लिया और करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया। गांव में दहशत, स्कूल और आंगनबाड़ी भी रहे बंद हत्या की वारदात और आरोपी के घंटों तक घर में छिपे रहने से पूरे गांव में दहशत का माहौल रहा। ग्रामीण घरों से बाहर निकलने से बचते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हुईं। डर के कारण स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं खोले गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल नरेंद्र का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
खैरागढ़-छुईखदान में ज्वेलरी दुकान चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; तालाब में छिपाया था 22 किलो से ज्यादा चांदी का माल
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार खैरागढ़। छुईखदान में ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये के चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और थाना छुईखदान की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 22 किलो 600 ग्राम चांदी और 3 ग्राम सोना बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। 14 अगस्त को सामने आई थी चोरी मामला छुईखदान के व्यापारी शांति लाल जैन की दुकान से जुड़ा है। 14 अगस्त को दुकान का शटर टूटा मिला और चांदी के पुराने आभूषण गायब पाए गए। शिकायत के बाद थाना छुईखदान में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस की कड़ियां नागपुर तक पहुंचीं। नागपुर में बनाई चोरी की योजना पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी महेंद्र साहू ने पूछताछ में बताया कि उसने नागपुर जाकर अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। योजना के तहत दोनों आरोपी 13 अगस्त को नागपुर से चोरी की एक्टिवा लेकर छुईखदान पहुंचे। रात में तीनों आरोपी दुकान के पास पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के तार काटे, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद लोहे की रॉड और पेचकस की मदद से शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। आरोपियों के पास चाकू भी था। चोरी का माल तालाब में छिपाया वारदात के बाद आरोपियों ने चोरी किए गए चांदी के जेवरात को नवागांव स्थित एक तालाब में छिपा दिया था। पुलिस पूछताछ में जानकारी सामने आने के बाद मुख्य आरोपी महेंद्र साहू की निशानदेही पर तालाब से चोरी का माल बरामद किया गया। पुलिस ने कार्रवाई में 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा जब्त की है। जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब 44.75 लाख रुपये बताई गई है। तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुपेश डांडे के अनुसार, आरोपियों ने CCTV कैमरों के तार काटकर पुलिस से बचने और चोरी के बाद जेवरात को तालाब में छिपाने का प्रयास किया था। इसके बावजूद CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र साहू, अक्षय गुरूवे और अनिकेत मेश्राम के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में साइबर सेल और थाना छुईखदान की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतनपुर में आधी रात डकैती की वारदात, तीन नाबालिग समेत पांच आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
रतनपुर में आधी रात डकैती की वारदात, तीन नाबालिग समेत पांच आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार बिलासपुर। रतनपुर के महामाया चौक में आधी रात डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग और तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1000 रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान ने 17 अगस्त 2026 को थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर आया था। इलाज कराने के बाद रात करीब 12 बजे वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास ऑटो क्रमांक सीजी 10 सीडी 7944 में सवार कुछ युवक पहुंचे। आरोप है कि ऑटो सवार युवकों ने प्रार्थी को रोककर गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की। जब युवराज सिंह ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने हाथ में रखे डंडे का भय दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसकी पेंट की जेब से 1200 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर रतनपुर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल ऑटो की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को ऑटो सवार युवकों के ईमलीभाठा, सरकंडा क्षेत्र के होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों के घरों में घेराबंदी कर राहुल दुबे पिता रामजी दुबे, उम्र 25 वर्ष, निवासी ईमलीभाठा सरकंडा तथा पवन कुमार गौहर पिता कगरधारी गौहर, उम्र 19 वर्ष, निवासी ईमलीभाठा सरकंडा सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने लूटपाट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनके कब्जे से 1000 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपियों एवं विधि से संघर्षरत बालकों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप, देवानंद चन्द्राकर, बसंत मानिकपुरी, हरनारायण नेटी, मोरध्वज चन्द्रा और धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा। स्टेट हेड रिपोर्टर अभिषेक कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट हमर प्रदेश सी जी
धमतरी में चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, लूट का सामान और बाइक बरामद
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार धमतरी। शहर में चाकू की नोक पर सोने का लॉकेट लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। रत्नाबांधा शराब दुकान के पास हुई थी लूट पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को मौरीकला निवासी गौतम नागरची अपनी पत्नी के साथ बठेना अस्पताल गए थे। अस्पताल से लौटने के बाद वे अपनी साली के लिए खाना लेकर दोबारा अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान रत्नाबांधा शराब दुकान के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने सब्जी काटने वाले चाकू का डर दिखाकर पैसे की मांग की और उनके गले में पहना सोने का लॉकेट छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लॉकेट बेचने पहुंचे थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक आमातालाब रोड स्थित यादव भवन के पास लूटे गए सोने के लॉकेट को बेचने के लिए घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और प्रार्थी की शिनाख्त के बाद तीनों की पहचान लूट की वारदात में शामिल आरोपियों के रूप में हुई। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट, चाकू और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली। ये तीन आरोपी गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीलमणी विश्वकर्मा उर्फ विक्कु (20 वर्ष), निवासी हटकेशर धमतरी, चेतन नेताम उर्फ आदित्य नेताम (22 वर्ष), निवासी पंचवटी कॉलोनी अटल आवास धमतरी और खिलावन साहू उर्फ बदे (20 वर्ष), निवासी लोहरसी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी के रूप में हुई है। CSP ने बताया कैसे पकड़े गए आरोपी CSP अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की लगातार पतासाजी शुरू की। मुखबिर से मिली महत्वपूर्ण सूचना और पीड़ित की शिनाख्त के आधार पर पुलिस टीम तीनों आरोपियों तक पहुंची। आरोपियों से लूट का सोने का लॉकेट, चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
₹5 हजार की उधारी बनी हत्या की वजह, सबूत छिपाने रेलवे ट्रैक पर रखी लाश; 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में महज ₹5 हजार की उधारी को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि उधार की रकम बार-बार मांगने से नाराज आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्या के साक्ष्य छिपाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया गया, ताकि घटना आत्महत्या या ट्रेन की चपेट में आने जैसी लगे। मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रेलवे ट्रैक पर मिला था शव पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोगांव अंडरब्रिज स्थित पुरानी रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। सूचना पर गुढ़ियारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान छोटा अशोकनगर, गुढ़ियारी निवासी प्रीतम साहू के रूप में हुई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों से पूछताछ की। जांच आगे बढ़ने पर मामला हादसा नहीं बल्कि हत्या का निकला। ₹5 हजार की उधारी को लेकर हुआ था विवाद पुलिस पूछताछ में आरोपी निखिल ध्रुव ने बताया कि उसने मृतक प्रीतम साहू से ₹5 हजार उधार लिए थे। प्रीतम लगातार अपने पैसे वापस मांग रहा था। 16 अगस्त की रात भी वह रकम मांगने आरोपी के पास पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी ने प्रीतम को रेलवे ट्रैक के पास स्थित ATM से पैसे निकालकर देने की बात कही। इसके बाद वह उसे अपने साथ रेलवे ट्रैक की ओर ले गया। चाकू से हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर छोड़ा पुलिस के अनुसार रेलवे ट्रैक के पास पहुंचने के बाद निखिल ध्रुव ने अपने साथी दीपक साहू और नितिन प्रधान तथा दो नाबालिगों के साथ मिलकर प्रीतम साहू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रीतम की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने घटना के साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया, ताकि प्रथम दृष्टया यह लगे कि युवक ट्रेन की चपेट में आने से मरा है या उसने आत्महत्या की है। 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज, पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर पांच आरोपियों को पकड़ा है। इनमें निखिल ध्रुव, दीपक साहू, नितिन प्रधान और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। क्राइम एंड साइबर ADCP गौरव मंडल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना का खुलासा किया है। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी जांच कर रही है।
राजधानी में टला बड़ा रेल हादसा, रेलवे ट्रैक पर रखा लोहे का पाइप; अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार रायपुर। राजधानी रायपुर में रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप रखकर रेल आवागमन बाधित करने का गंभीर मामला सामने आया है। गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति ने करीब 7 फीट लंबा और डेढ़ इंच मोटा लोहे का पाइप रख दिया। इसी दौरान वहां से मालगाड़ी गुजर रही थी। घटना 18 अगस्त की शाम करीब 5:20 बजे रेलवे ट्रैक के किलोमीटर नंबर 827/24 बी पर हुई। ट्रैक पर पाइप रखे होने की जानकारी सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई की, जिससे संभावित हादसा टल गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी थाना रायपुर ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174(सी) और 147 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। गुढ़ियारी पुलिस से मांगा सहयोग अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए जीआरपी ने गुढ़ियारी थाना पुलिस से भी सहयोग मांगा है। घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रेलवे ट्रैक पर पाइप किसने रखा और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी। रेलवे ट्रैक पर जानबूझकर किसी वस्तु को रखना बेहद गंभीर मामला है। इससे ट्रेन के पटरी से उतरने और यात्रियों तथा रेलवे कर्मचारियों की जान को खतरा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।
कवर्धा होम थिएटर ब्लास्ट केस में आरोपी को दोहरी उम्रकैद, असफल प्रेम प्रसंग बना साजिश की वजह
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार कवर्धा। कबीरधाम जिले के बहुचर्चित होम थिएटर ब्लास्ट मामले में अदालत ने आरोपी सरजू उर्फ संजू मरकाम को दोषी ठहराते हुए कठोर सजा सुनाई है। शादी के उपहार में दिए गए होम थिएटर में विस्फोटक लगाकर किए गए धमाके में दूल्हे और उसके भाई की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। मामला 3 अप्रैल 2023 का है। शादी के उपहार के तौर पर दिए गए होम थिएटर को चालू करते ही जोरदार विस्फोट हुआ था। घटना में दो लोगों की मौत और पांच लोग घायल हुए थे। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में सरजू उर्फ संजू मरकाम को आरोपी बनाया था। बताया गया कि वारदात के पीछे असफल प्रेम प्रसंग वजह थी। करीब तीन साल चार महीने बाद 14 अगस्त 2026 को अपर सत्र न्यायाधीश कबीरधाम गितेश कुमार कौशिक की अदालत ने मामले में फैसला सुनाया। अदालत ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के दो मामलों और धारा 307 के पांच मामलों में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। यानी दो लोगों की हत्या के मामले में दो अलग-अलग उम्रकैद और पांच लोगों की हत्या के प्रयास के मामलों में भी उम्रकैद की सजा सुनाई गई। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए स्पष्ट किया कि आरोपी की उम्रकैद उसके प्राकृतिक जीवन के अंत तक रहेगी। उसे दंड में लघुकरण, परिहार अथवा किसी अन्य प्रकार की छूट का लाभ नहीं मिलेगा। शादी की खुशियों के बीच उपहार के रूप में दिए गए होम थिएटर में छिपाकर विस्फोटक रखना और उससे जानलेवा हमला करना इस मामले को बेहद गंभीर और चर्चित अपराधों में शामिल करता है।
पद्मनाभपुर थाना की कार्यशैली पर सवाल, पीड़ित खुद जुटाता रहा CCTV, CSP के हस्तक्षेप के बाद 4 संदिग्ध हिरासत में
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर के बाद मारपीट, मोबाइल और नकदी ले जाने के आरोप का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद थाना स्तर पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई और उसे खुद CCTV फुटेज जुटाकर पुलिस को उपलब्ध कराना पड़ा। बाद में दुर्ग CSP IPS हर्षित मेहर के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सक्रिय हुई और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। कार की टक्कर के बाद हुआ विवाद पीड़ित के मुताबिक, देर रात करीब 2 बजे वह अपने साथी के साथ कार से बस स्टैंड क्षेत्र में चाय-नाश्ता करने पहुंचा था। इसी दौरान एक टूर एंड ट्रैवल्स की गाड़ी ने उसकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर को लेकर जब पीड़ित ने आपत्ति जताई तो आरोप है कि टूर एंड ट्रैवल्स की गाड़ी में सवार चार लोगों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका मोबाइल फोन और नकदी ले ली गई। थाने में शिकायत, CCTV जुटाने को कहा घटना के बाद पीड़ित पद्मनाभपुर थाने पहुंचा और कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि तत्काल अपराध दर्ज करने के बजाय सादे कागज पर आवेदन लिया गया और सुबह थाना प्रभारी से मिलने के लिए कहा गया। पीड़ित के अनुसार, वह दोपहर करीब 12 बजे थाना प्रभारी से मिला। आरोप है कि पुलिस ने घटना से संबंधित CCTV फुटेज खुद जुटाने के बजाय पीड़ित से ही फुटेज लाने को कहा। इसके बाद पीड़ित ने प्रयास कर CCTV फुटेज हासिल किया और पुलिस को उपलब्ध कराया। इसके बावजूद तत्काल FIR दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया गया। पीड़ित का कहना है कि उसे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने की बात कही गई। CSP से शिकायत के बाद पुलिस सक्रिय थाना स्तर पर कार्रवाई में देरी से परेशान पीड़ित ने दुर्ग CSP IPS हर्षित मेहर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए CSP ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। उनसे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। थाना स्तर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल इस पूरे घटनाक्रम ने पद्मनाभपुर थाना की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पीड़ित के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो यह सवाल उठता है कि गंभीर शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई और पीड़ित को स्वयं CCTV फुटेज जुटाने की जरूरत क्यों पड़ी। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। CSP ने कहा- साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई CSP IPS हर्षित मेहर के अनुसार, पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस ने संदेह के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज सहित उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि जांच में मारपीट, मोबाइल और नकदी ले जाने के आरोप कितने सही पाए जाते हैं और थाना स्तर पर कार्रवाई में कथित देरी को लेकर कोई जांच होती है या नहीं।
दिन में कोर्ट के सामने कहासुनी, रात में घेरकर चाकू से हमला; बिलासपुर में अधिवक्ता पर जानलेवा वार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार बिलासपुर। जिला न्यायालय के सामने कार खड़ी करने को लेकर हुई कहासुनी के बाद रात में एक अधिवक्ता पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने अधिवक्ता सत्यम सिंह का पीछा किया, उनकी कार रुकवाई और मारपीट के बाद चाकू से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। घायल अधिवक्ता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कार हटाने को कहा तो दी धमकी सिविल लाइन थाना क्षेत्र के 27 खोली इंद्रसेन नगर निवासी सत्यम सिंह (27) पेशे से अधिवक्ता हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर वे अपने काम से जिला न्यायालय गए थे। काम पूरा करने के बाद वे घर लौट रहे थे। रास्ते में शिव मंदिर के पास एक कार सड़क पर गलत तरीके से खड़ी थी, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था। अधिवक्ता ने कार चालक से वाहन सड़क किनारे करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कार चालक ने अधिवक्ता से गाली-गलौज की और उन्हें देख लेने की धमकी दी। रात में पीछा कर रोकी कार अधिवक्ता के मुताबिक, दिन में हुई कहासुनी के बाद रात में कुछ युवकों ने उनका पीछा किया। आरोपियों ने रास्ते में उनकी कार रुकवा ली और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर अधिवक्ता पर हमला कर दिया। चाकू के हमले में अधिवक्ता घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अधिवक्ता ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई। मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल घटना के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच के साथ ही विवाद की पूरी वजह और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
जगदलपुर में नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, शिक्षक गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर में शासकीय विद्यालय की नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। केबिन में बुलाने के बाद दुर्व्यवहार का आरोप पुलिस के अनुसार घटना सोमवार की बताई जा रही है। आरोप है कि शिक्षक ने नाबालिग छात्रा को अपने केबिन में बुलाया, जहां उसके साथ अश्लील हरकत और दुर्व्यवहार किया गया। घटना के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को जगदलपुर स्थित न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज जगदलपुर सीएसपी सुमित कुमार के मुताबिक, आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के साथ BNS की धारा 74 और 75 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को विशेष पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नाबालिग की शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की गई है और मामले की आगे जांच जारी है। घटना के बाद विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ से यूपी तक फैला रेलवे टिकट दलाली गिरोह बेनकाब, RPF ने PRS कर्मचारी और बस चालक समेत 3 को दबोचा
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रेलवे टिकटों की अवैध दलाली करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। टिकट दलाली का यह नेटवर्क छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर से लेकर उत्तर प्रदेश के बनारस तक फैला हुआ था। गिरोह सिटी पीआरएस से टिकट बनवाकर बस के जरिए बनारस स्थित दलालों तक पहुंचाता था। गिरफ्तार आरोपितों में सिटी पीआरएस का एक कर्मचारी और बस चालक भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, रेलवे के नियमित आरक्षण केंद्र (PRS) में लगातार जांच और कार्रवाई के चलते टिकट दलाली पर काफी हद तक अंकुश लगा है, लेकिन बैकुंठपुर के सिटी पीआरएस में कथित तौर पर लंबे समय से टिकटों की अवैध बुकिंग और सप्लाई का खेल चल रहा था। सिटी पीआरएस जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित होता है और यहां कर्मचारियों की नियुक्ति संविदा के आधार पर की जाती है। बैकुंठपुर सिटी पीआरएस से टिकट दलाली की लगातार शिकायतें और सूचनाएं RPF को मिल रही थीं। इसके बाद आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान टिकटों की बुकिंग और उन्हें दूसरे राज्य में भेजे जाने से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरपीएफ की कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें पीआरएस कर्मचारी और बस चालक के शामिल होने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिटी पीआरएस से बनाए गए टिकटों को बस के माध्यम से बनारस भेजा जाता था, जहां उन्हें दलालों के नेटवर्क के जरिए यात्रियों को ऊंचे दाम पर उपलब्ध कराया जाता था। आरपीएफ अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, टिकटों की बुकिंग के तरीके, पैसों के लेन-देन और बनारस में सक्रिय दलालों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों तक भी पहुंचा जा सकेगा। रेलवे टिकटों की दलाली के खिलाफ RPF की इस कार्रवाई से सिटी पीआरएस में चल रहे कथित अवैध कारोबार पर भी सवाल खड़े हुए हैं। मामले की विस्तृत जांच के बाद पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में और खुलासे होने की संभावना है।
रायपुर में नाबालिग बेटी से तीन साल तक दुष्कर्म का आरोप, प्रसव के बाद नवजात को बेचने का मामला; पिता-बुआ समेत 6 गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग बेटी के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने, उसे गर्भवती करने और प्रसव के बाद नवजात को कथित तौर पर बेचने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में नाबालिग के पिता और बुआ समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नवजात बच्चे को भी बरामद कर लिया है। जान से मारने की धमकी देकर करता रहा शोषण पुलिस के मुताबिक, पीड़िता घटना के दौरान 16 वर्ष से कम उम्र की थी। उसने 17 अगस्त को न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह स्थित एक रिश्तेदार के घर पर उसके पिता ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद पिता लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान नाबालिग गर्भवती हो गई। उम्र बढ़ाकर बालिग और विवाहित बताने का आरोप पुलिस जांच में आरोप सामने आया है कि नाबालिग की वास्तविक उम्र छिपाने के लिए उसकी उम्र बढ़ाकर उसे बालिग और विवाहित बताने वाले कथित फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इसके आधार पर अस्पताल में उसका प्रसव कराया गया। प्रसव के बाद नवजात बेटे को कथित तौर पर करीब 1.10 लाख रुपये में दूसरे व्यक्ति को सौंपे जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने जांच के दौरान बच्चे को बरामद कर लिया है। पिता और बुआ समेत छह गिरफ्तार पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने नाबालिग के पिता और बुआ समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने, अस्पताल में प्रसव कराने और नवजात को दूसरे व्यक्ति को सौंपने की पूरी प्रक्रिया में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में पीड़िता और बच्चे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।