गरियाबंद पुलिस की बड़ी सफलता: गांजा तस्करी के दो आरोपियों को 20-20 साल की सजा
स्टेट रिपोर्टर: संतन दास मानिकपुरी गरियाबंद। थाना à...
More Stories
बिलासपुर जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही का आरोप, प्रसूता की हालत नाजुक
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार बिलासपुर। जिला अस्पताल स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में प्रसव के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। तखतपुर निवासी प्रसूता ज्योति देवांगन के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रसव के दौरान किए गए ऑपरेशन और टांकों में संक्रमण के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। वर्तमान में उन्हें एक निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पति ने कलेक्टर से लगाई मदद की गुहार प्रसूता के पति ने बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की। उन्होंने संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई, चिकित्सकीय लाइसेंस की जांच तथा पत्नी के इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान उपचार में लापरवाही बरती गई, जिसके बाद प्रसूता की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सीएमएचओ को जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच टीम पूरे मामले में अस्पताल में हुए उपचार, ऑपरेशन, टांकों की स्थिति, संक्रमण और बाद में निजी अस्पताल में कराए गए उपचार से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रसूता की गंभीर स्थिति के पीछे चिकित्सकीय लापरवाही थी या कोई अन्य चिकित्सकीय जटिलता। परिजनों को जांच से उम्मीद प्रसूता के परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष और जल्द जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और प्रसूता के इलाज में परिवार को आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल मामले की जांच शुरू होने के बाद प्रशासनिक रिपोर्ट का इंतजार है।
NDPS मामले में DGP को व्यक्तिगत शपथ पत्र मांगा उच्च न्यायालय ने
बिलासपुर हाईकोर्ट केस ब्रीफिंग: सरकंडा NDPS मामला मुख्य मुद्दा चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा एवं जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने सरकंडा थाना क्षेत्र के NDPS मामले में पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए राज्य के डीजीपी (DGP) को व्यक्तिगत शपथ पत्र के साथ जवाब देने का निर्देश दिया है। हाईकोर्ट की मुख्य आपत्तियां एवं सवाल * हितों का टकराव (Conflict of Interest): जिस एएसआई शैलेंद्र सिंह ने देहाती नालिश दर्ज कराई, वही एफआईआर का आधार बने, खुद ही जांच अधिकारी बने और खुद ही चार्जशीट भी पेश कर दी। * प्रक्रिया पर सवाल: अदालत ने पूछा कि एक ही अधिकारी को पूरी जांच सौंपने का आधार क्या था और ऐसे में जांच की निष्पक्षता कैसे सुनिश्चित हुई? * ट्रैक रिकॉर्ड की मांग: कोर्ट ने एएसआई शैलेंद्र सिंह के पिछले सेवा आचरण से संबंधित पूरा विवरण भी शपथ पत्र में प्रस्तुत करने को कहा है। मामले की पृष्ठभूमि: पुलिस का दावा बनाम याचिकाकर्ता का पक्ष | विवरण | पुलिस का दावा | याचिकाकर्ता का पक्ष | |---|---|---| | बरामदगी | 15 फरवरी 2026 को घर की सीढ़ियों के पास से 2925 क्लोनाजेपाम गोलियां (438.750 ग्राम) जब्त। | 14 वर्षीय बच्चे को छत पर पतंग उड़ाते समय लावारिस बैग मिला, जिसे सीढ़ियों पर रख दिया गया था। | | कार्रवाई | महिला के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(C) और 22 के तहत केस व चार्जशीट। | प्रतिबंधित दवाओं के असली स्रोत और बैग छत पर रखने वाले की कोई जांच नहीं की गई। | | नाबालिग से पूछताछ | आधिकारिक जांच का हिस्सा। | बिना किसी एफआईआर के 14 वर्षीय बच्चे को करीब 10 घंटे थाने में बैठाकर रखा गया। | आगे की स्थिति मामले की अगली अहम सुनवाई 24 अगस्त 2026 को तय है, जहां डीजीपी के शपथ पत्र से पुलिस विभाग की जांच प्रक्रिया और एएसआई की भूमिका पर रुख साफ होगा। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ Hamar pradesh CG
*अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त औजार बरामद*
🔷 *अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त औजार बरामद* पुलिस अधीक्षक श्री संदीप पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ऐश्वर्या चंद्राकर के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नारायणपुर श्री अजय सिंह के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी नारायणपुर श्री विनीत दुबे के नेतृत्व में थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दिनांक 21.08.2026 को प्रातः लगभग 04:00 बजे डायल-112 के माध्यम से थाना नारायणपुर पुलिस को बखरूपारा, नारायणपुर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां शराब दुकान के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति दुकान के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश कर चोरी कर रहे थे। सुरक्षा गार्ड की आहट होने पर दोनों व्यक्ति दुकान के अंदर ही छिप गए थे। पुलिस द्वारा मौके पर दुकान के अंदर से दोनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपने नाम कलाम सिंह मांडले, पिता नवल सिंह, उम्र 50 वर्ष, निवासी पीपलदा, थाना गंधवानी, जिला धार (मध्यप्रदेश) एवं गणपत मोहनीया, पिता रंजीत मोहनीया, निवासी खाखेरिया खौदरा, थाना टांडा, जिला धार (मध्यप्रदेश) होना बताया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी कलाम सिंह मांडले से घटना में प्रयुक्त एक नग लोहे का स्क्रू-पाना तथा आरोपी गणपत मोहनीया से चोरी की गई 9,300 रुपये नगद राशि बरामद की गई। घटनास्थल पर दुकान की टूटी हुई कुंडी एवं चोरी की नगद राशि की बरामदगी से दोनों आरोपियों की घटना में संलिप्तता पाई गई। विवेचना के दौरान आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी प्राप्त की गई। जांच में दोनों आरोपियों के विरुद्ध चोरी से संबंधित जिला कांकेर में 02 प्रकरण, जिला कोंडागांव में 01 प्रकरण एवं जिला धमतरी में 01 प्रकरण पूर्व से पंजीबद्ध होना पाया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण में अन्य आवश्यक विवेचना कार्रवाई जारी है। 🔹 *गिरफ्तार आरोपी* 1. कलम सिंह मांडले, पिता नवल सिंह, उम्र 50 वर्ष, निवासी पीपलदा, थाना गंधवानी, जिला धार (मध्यप्रदेश)। 2. गणपत मोहनीया, पिता रंजीत मोहनीया, निवासी खाखेरिया खौदरा, थाना टांडा, जिला धार (मध्यप्रदेश)। 🔹 बरामदगी - चोरी की नगद राशि – ₹9,300/- - घटना में प्रयुक्त एक नग लोहे का स्क्रू-पाना नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अपने घर, दुकान अथवा प्रतिष्ठान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें। आपकी सतर्कता और समय पर दी गई सूचना अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ Hamar pradesh CG
आकाशीय बिजली ने उजाड़ दिया परिवार, बैगा दंपत्ति की दर्दनाक मौत
आकाशीय बिजली ने उजाड़ दिया परिवार, बैगा दंपत्ति की दर्दनाक मौत मरवाही क्षेत्र में तेज बारिश के बीच गिरी बिजली, घर पर मौजूद दंपत्ति ने मौके पर तोड़ा दम; गांव में पसरा मातम मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनिपानी में शुक्रवार शाम मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से घर पर मौजूद बैगा दंपत्ति मंगल सिंह पिता माधो (46 वर्ष) और उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही परिवार में एक साथ हुई दो मौतों की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि 22 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिजली गिरने के समय घर के अंदर मौजूद लोगों को अचानक तेज रोशनी दिखाई दी और इसके बाद इतनी जोरदार आवाज हुई कि सभी सहम गए। घटना के समय बिरस्पतिया बाई किसी काम से घर की परछी/बरामदे की ओर निकली थीं, जबकि मंगल सिंह घर की दीवार के सहारे बैठे हुए थे। बिजली गिरने के बाद दोनों अचानक गश खाकर नीचे गिर पड़े। परिजनों ने तत्काल उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन दोनों में कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। घर में मौजूद मंगल सिंह के भाई बुधराम और उनके बेटे सहित अन्य परिजनों ने आनन-फानन में मदद जुटाई। इसके बाद डायल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मंगल सिंह और बिरस्पतिया बाई दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही पल में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है। बारिश के बीच आसमान से गिरी बिजली ने एक परिवार से एक साथ दो जिंदगियां छीन लीं, जिससे ग्रामीणों में भी गहरा शोक और दहशत का माहौल है। घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली से होने वाले जान-माल के खतरे को सामने ला दिया है।
दाढ़ी नहीं बनाने पर हुआ विवाद, चाकू से सैलून संचालक पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार धमतरी। जिले के करेलीबड़ी गांव में दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने सैलून संचालक पर सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से हमला कर दिया। घटना में सैलून संचालक के हाथ, घुटने और गाल में चोट आई। पुलिस ने घटना के करीब 16 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दाढ़ी नहीं बनाने को लेकर हुआ विवाद पुलिस के अनुसार, मामला ग्राम करेलीबड़ी का है। यहां सैलून संचालक टुकेश्वर उर्फ लालू सेन और चम्मन लाल भारती के बीच दाढ़ी नहीं बनाने की बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान चम्मन लाल भारती ने सब्जी काटने वाले धारदार चाकू से टुकेश्वर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में टुकेश्वर के हाथ, घुटने और गाल में चोटें आईं। पीड़ित की शिकायत पर करेलीबड़ी चौकी, थाना मगरलोड में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। 16 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार मामले को गंभीरता से लेते हुए धमतरी एसपी भावना पांडेय ने आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करते हुए आरोपी चम्मन लाल भारती को 22 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के साथ घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी की कार्रवाई भी की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्ती धमतरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए आरोपी की पहचान की और गिरफ्तारी की कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि जिले में मारपीट, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।
साहब, आज बकरा खाएंगे क्या?’ पूछने के बाद साथी कर्मचारियों पर टंगिया से हमला, आरोपी गिरफ्तार
‘बालोद। जिले के डौंडी नगर पंचायत में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सफाई कर्मचारी ने अपने दो साथी कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद डौंडी पुलिस ने आरोपी सफाई कर्मचारी गिरवर देहारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सब्जी मार्केट में किया हमला जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे की है। रम्हू भुआर्य और प्रेमलाल भुआर्य डौंडी के सब्जी मार्केट क्षेत्र में सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी और ट्रैक्टर चालक के रूप में पदस्थ गिरवर देहारी हाथ में धारदार टंगिया लेकर वहां पहुंचा और दोनों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हमले से पहले उपाध्यक्ष से पूछा था—‘आज बकरा खाएंगे क्या?’ घटना के प्रत्यक्षदर्शी डौंडी नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजीव कुमार मानकर के अनुसार, हमला करने से कुछ देर पहले आरोपी उनके पास आया था। उसने उपाध्यक्ष से पूछा—“साहब, आज बकरा खाएंगे क्या?” उपाध्यक्ष ने शनिवार होने की बात कहते हुए बकरा खाने से इनकार किया और उससे पूछा कि बकरा कहां कट रहा है। इस पर गिरवर ने कथित तौर पर बताया कि वह आज दो बकरे काट रहा है। इसके कुछ ही मिनट बाद आरोपी ने वहां मौजूद दोनों सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला कर दिया। आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी गिरवर देहारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। राजहरा नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटलेय ने बताया कि डौंडी में एक सफाई कर्मचारी द्वारा दो अन्य सफाई कर्मचारियों पर टंगिया से हमला करने की घटना सामने आई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। आरोपी द्वारा बकरा काटने की बात कहे जाने और उसके बाद हुए हमले के बीच क्या संबंध है, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल हमले की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। ✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
5 लाख की सुपारी लेकर मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग पर किया था जानलेवा हमला: तारबाहर पुलिस ने फरार शूटर साहिल को दबोचा, डंडा बरामद
5 लाख की सुपारी लेकर मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग पर किया था जानलेवा हमला: तारबाहर पुलिस ने फरार शूटर साहिल को दबोचा, डंडा बरामद बिलासपुर: मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की 5 लाख रुपये की फिरौती (सुपारी) लेकर हत्या की खौफनाक साजिश रचने वाले गिरोह के फरार मुख्य आरोपी को तारबाहर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान साहिल सोनकर (23 वर्ष, निवासी गौरेला) के रूप में हुई है। पुलिस पूर्व में इस मामले में शामिल एक आरोपी और एक नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) को पहले ही जेल भेज चुकी है। मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक हुआ था खूनी हमला घटना 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6:45 बजे की है। प्रार्थी शिशिर कश्यप के पिता श्याम कश्यप जब रेलवे अस्पताल तारबाहर के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से नुकीली वस्तु और डंडों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले। सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल ने खोला 5 लाख की सुपारी का राज एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी (शहर) पंकज कुमार पटेल व सीएसपी गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी और एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी की टीम ने जांच शुरू की। * सुराग और खुलासा: सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल और तकनीकी साक्ष्यों से हमले में प्रयुक्त पल्सर बाइक की पहचान हुई। * साजिश का पर्दाफाश: पूर्व में पकड़े गए आरोपी नितिन टेकाम और नाबालिग से पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि गौरेला-पेंड्रा निवासी दीपक तिवारी ने श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए 5-5 लाख रुपये की सुपारी का लालच दिया था। * हमले का प्लान: दीपक के इशारे पर साहिल सोनकर और उसके साथी पल्सर बाइक से बिलासपुर पहुंचे और रेकी कर बुजुर्ग पर जानलेवा हमला किया। घर आते ही पुलिस के शिकंजे में आया फरार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी साहिल सोनकर के गौरेला स्थित अपने घर आने की पुख्ता सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने बुजुर्ग पर डंडे से हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं (296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109, 55) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस खुलासे में निरीक्षक रविशंकर तिवारी, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक महेंद्र सोनकर, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेंदले एवं साइबर टीम की भूमिका सराहनीय रही। अभिषेक कुमार पाण्डेय रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़
ढाबे की आड़ में चल रहा था कच्ची शराब का खेल: रतनपुर पुलिस का छापा, 150 लीटर महुआ शराब और बाइक के साथ संचालक समेत 3 गिरफ्तार
ढाबे की आड़ में चल रहा था कच्ची शराब का खेल: रतनपुर पुलिस का छापा, 150 लीटर महुआ शराब और बाइक के साथ संचालक समेत 3 गिरफ्तार बिलासपुर: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ग्राम रैनपुर स्थित 'अनमोल ढाबा' में परोसी जा रही कच्ची महुआ शराब की खेप पर पुलिस ने सटीक घेराबंदी कर धावा बोला। कार्रवाई में पुलिस ने ढाबा संचालक, कर्मचारी और शराब सप्लायर को रंगे हाथों दबोचते हुए 150 लीटर कच्ची शराब (कीमत ₹30,000) और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक जब्त की है। सटीक सूचना पर बिछाया जाल एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ दिए गए कड़े निर्देशों के तहत रतनपुर पुलिस लगातार सक्रिय थी। 22 अगस्त को थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक तस्कर अपनी बाइक (क्रमांक CG-12 AG-2845) पर भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लादकर ग्राम रैनपुर कर्रा स्थित अनमोल ढाबे में सप्लाई करने जा रहा है। सूचना मिलते ही अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ढाबे के आसपास घेराबंदी की। जैसे ही खेप ढाबे पर पहुंची, टीम ने मौके पर रेड मारकर डिलीवरी ले रहे ढाबा संचालक, कर्मचारी और सप्लायर तीनों को धर दबोचा। सलाखों के पीछे पहुंचे ये आरोपी * अतुल सोनी (30 वर्ष, निवासी बूढ़ामहादेव, रतनपुर) – ढाबा संचालक * कुनाल साहू (25 वर्ष, निवासी कसेरपारा, रतनपुर) – ढाबा कर्मचारी * शिवशंकर गोंड (39 वर्ष, निवासी भेलवाटिकरी, कटघोरा, जिला कोरबा) – शराब सप्लायर/कोचिया जब्ती व कानूनी कार्रवाई पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹30,000 मूल्य की 150 लीटर कच्ची महुआ शराब और तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश कुमार पाण्डेय सहित प्रधान आरक्षक कौशलराम खूंटे, आरक्षक धीरज कश्यप, पवन ठाकुर और आकाश डोंगरे की भूमिका अहम रही। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ Hamar pradesh CG
इश्क, फरेब और डीएनए का सच: मांग में सिंदूर भरकर मुकरा दुकानदार, हाई कोर्ट ने कसा शिकंजा— 'खून तुम्हारा है तो बच्चे का खर्च भी तुम्हीं भरो
अभिषेक कुमार पाण्डेय ,स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ इश्क, फरेब और डीएनए का सच: मांग में सिंदूर भरकर मुकरा दुकानदार, हाई कोर्ट ने कसा शिकंजा— 'खून तुम्हारा है तो बच्चे का खर्च भी तुम्हीं भरोगे' बिलासपुर (विशेष रिपोर्ट): झूठे वादों, बंद कमरों की हकीकत और अदालत के गलियारों से होकर गुजरी यह कहानी किसी फिल्मी ड्रामे से कम नहीं है। प्यार का झांसा देकर एक मासूम को दुनिया में लाने के बाद अपनी जिम्मेदारी से मुकरने वाले पिता को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने आईना दिखा दिया है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की सिंगल बेंच ने दो-टूक फैसला सुनाते हुए कहा कि जब डीएनए रिपोर्ट में पितृत्व साबित हो चुका है, तो कोई भी शख्स अपने बायोलॉजिकल बच्चे के भरण-पोषण से भाग नहीं सकता। अदालत ने सीपत निवासी पिता को आदेश दिया है कि वह 3 साल के मासूम को हर महीने 5,000 रुपये गुजारा भत्ता दे। प्यार का जाल, सिंदूर की कसमें और फिर धोखा मामले की शुरुआत बिलासपुर के तिफरा इलाके से होती है। पीड़िता एक दुकान में सेल्सगर्ल के रूप में काम करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान सीपत चौक के पास दुकान चलाने वाले एक युवक से हुई। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और प्यार का ऐसा खेल शुरू हुआ जिसका अंत अदालत में होना तय था। * मांग भरकर पत्नी माना: महिला का गंभीर आरोप है कि युवक ने उसकी मांग भरकर उसे पत्नी का दर्जा दिया, भरोसे में लिया और शारीरिक संबंध बनाए। * बच्चा पैदा होते ही पल्ला झाड़ा: 16 जून 2022 को जब एक मासूम बेटे की किलकारी गूंजी, तो युवक के तेवर अचानक बदल गए। उसने बच्चे को अपना मानने से साफ इनकार कर दिया। * खुला शादीशुदा होने का राज: महिला को बाद में पता चला कि जिसे वह अपना हमसफर समझ बैठी थी, वह पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता बनकर खुशहाल पारिवारिक जीवन जी रहा है। थाने के चक्कर और फैमिली कोर्ट का झटका जब धोखे का पर्दाफाश हुआ तो मामला सरकंडा और सिरगिट्टी थाने पहुंचा। महिला ने दुष्कर्म और अन्य धाराओं में केस दर्ज करवाए। इसके बाद महिला ने बच्चे के हक के लिए फैमिली कोर्ट में सीआरपीसी की धारा 125 के तहत भरण-पोषण की अर्जी लगाई। * युवक का पलटवार: युवक ने खुद को निर्दोष बताते हुए दलील दी कि महिला पढ़ी-लिखी और बालिग है, उसे उसके विवाहित होने की पूरी जानकारी थी। शादी से इनकार करने पर उस पर दबाव बनाने के लिए झूठी शिकायतें दर्ज कराई गईं। * निचली अदालत की ना: 29 दिसंबर 2025 को फैमिली कोर्ट ने महिला और बच्चे दोनों की भरण-पोषण की याचिका को सिरे से खारिज कर दिया। इसके खिलाफ महिला ने हार न मानते हुए हाई कोर्ट में क्रिमिनल रिवीजन दाखिल किया। साइंस ने उगला सच, हाई कोर्ट ने तय की जिम्मेदारी हाई कोर्ट में जब मामला पहुंचा तो पुलिस जांच में कराई गई डीएनए (DNA) रिपोर्ट सबसे बड़ा कानूनी अस्त्र साबित हुई। डीएनए टेस्ट ने वैज्ञानिक रूप से साफ कर दिया कि बच्चे का बायोलॉजिकल पिता वही युवक है। इसके अलावा सिरगिट्टी थाने में हुए पुराने समझौते में भी युवक ने बच्चे को अपने पास रखने की बात कबूल की थी। हाई कोर्ट ने फैमिली कोर्ट के फैसले में आंशिक संशोधन करते हुए एक बेहद अहम कानूनी नजीर पेश की: * मां और बच्चे का दावा अलग: कोर्ट ने माना कि महिला को गुजारा भत्ता न देने का फैमिली कोर्ट का फैसला तथ्यों के आधार पर सही था, लेकिन एक मासूम बच्चे के अधिकार को मां के विवाद से नहीं जोड़ा जा सकता। * 1 सितंबर 2026 से भुगतान: अदालत ने साफ शब्दों में कहा कि पिता होने का वैज्ञानिक प्रमाण मिलने के बाद भरण-पोषण से इनकार नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने आदेश दिया कि पिता को 1 सितंबर 2026 से हर महीने अनिवार्य रूप से 5,000 रुपये बच्चे के लालन-पालन के लिए देने होंगे। Hamar pradesh CG
रायपुर में ‘D-कंपनी’ का नाम लेकर करोड़ों की ठगी, पुणे से 7 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। ‘डी ग्रुप कंपनी’ यानी ‘दाऊद ग्रुप’ से जुड़े होने का दावा, नेताओं और फिल्मी कलाकारों के साथ तस्वीरें दिखाकर रौब जमाना और फिर केमिकल के जरिए काले कागज को असली नोट में बदलने का झांसा—इसी तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य खुद को बेहद प्रभावशाली बताते थे और अपनी पहुंच का हवाला देकर पीड़ितों में विश्वास पैदा करते थे। इसके बाद उन्हें काले नोटों को केमिकल से असली बनाने का लालच देकर बड़ी रकम ऐंठी जाती थी। 1.13 करोड़ की ठगी के मामले में 7 गिरफ्तार रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज 1.13 करोड़ रुपये की ठगी के मामले की जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को पुणे के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित के रूप में हुई है। 4 करोड़ से ज्यादा नकदी और कई सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार करोड़ रुपये से अधिक नकदी, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेटें और ठगी में इस्तेमाल की जाने वाली अन्य सामग्री बरामद की है। 2005 से सक्रिय होने का दावा पुलिस जांच में गिरोह के लंबे समय से सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों द्वारा वर्ष 2005 से ‘वॉश-वॉश’ गिरोह के नाम से इसी तरह की ठगी किए जाने की बात सामने आई है। गिरोह कथित तौर पर लोगों को काले कागज या नकली नोटों को विशेष केमिकल से असली नोट में बदलने का झांसा देता था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी की रकम और देश के अलग-अलग हिस्सों में की गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है। ✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के शेखवा पंचायत में बड़ा फर्जीवाड़ा: सरपंच और पंच पर शासकीय डबरी हड़पने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
शेखवा पंचायत में बड़ा फर्जीवाड़ा: सरपंच और पंच पर शासकीय डबरी हड़पने का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ग्राम पंचायत शेखवा में पद के दुरुपयोग और शासकीय रिकॉर्ड में हेरफेर का गंभीर मामला सामने आया है। सरपंच और वार्ड क्रमांक 5 के पंच आकाश सिंह मरावी पर मिलीभगत कर दूसरे के नाम पर दर्ज डबरी को अपने निजी पट्टे में शामिल कराने का आरोप लगा है। मुख्य आरोप व घटनाक्रम * पट्टे में हेरफेर: आरोप के अनुसार, पंच आकाश सिंह मरावी ने अपने पद के प्रभाव का इस्तेमाल कर पहले से दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज शासकीय डबरी को अपने निजी पट्टे में दर्ज करवा लिया। * अवैध कब्जा: पट्टा बनते ही डबरी पर कब्जा कर वहां धान का थरहा (पौध) लगवा दिया गया। * मिलीभगत का संदेह: ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच के सहयोग के बिना राजस्व और पंचायत रिकॉर्ड में ऐसा फर्जीवाड़ा संभव नहीं है। उठते प्रशासनिक सवाल * दूसरे के नाम दर्ज शासकीय डबरी का निजी पट्टा कैसे जारी हुआ? * इस हेरफेर में पंचायत और राजस्व विभाग के किन अधिकारियों की संलिप्तता है? * क्या प्रशासन मामले की जांच कर अवैध पट्टा निरस्त करेगा? ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अब सबकी नजर प्रशासन के एक्शन पर टिकी है। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ Hamar pradesh CG
बिलासपुर-पेंड्रा रोड सेक्शन में रेलवे की कड़ी टिकट चेकिंग, 130 मामलों में 79.51 हजार का जुर्माना वसूला
बिलासपुर-पेंड्रा रोड सेक्शन में रेलवे की कड़ी टिकट चेकिंग, 130 मामलों में 79.51 हजार का जुर्माना वसूला बिलासपुर। रेलवे में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ एक बार फिर सख्ती दिखाई गई। यात्रियों की सुविधा और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर मंडल के बिलासपुर-पेंड्रा रोड-बिलासपुर सेक्शन में किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे की टीम ने 13 ट्रेनों में जांच कर 130 मामलों में कुल 79,510 रुपये का जुर्माना वसूल किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में 21 अगस्त को चलाए गए इस विशेष अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक, टीटीई और आरपीएफ स्टाफ की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने सेक्शन से गुजरने वाली 13 ट्रेनों को खंगाला और यात्रियों के टिकटों की जांच की। अभियान में सामने आए मामलों में सबसे अधिक बिना टिकट यात्रा के 114 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे 75,845 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं अनियमित टिकट के 4 मामलों में 2,465 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 12 मामलों में 1,200 रुपये की राशि वसूल की गई। 13 ट्रेनों में जांच, यात्रियों में मचा हड़कंप अचानक और किलाबंदी तरीके से हुई टिकट जांच के चलते बिना उचित टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों में हड़कंप की स्थिति रही। रेलवे की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर नियमानुसार कार्रवाई की। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर करने से पहले उचित यात्रा टिकट जरूर लें। रेलवे परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट खरीदना भी अनिवार्य है। साथ ही एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने के बजाय फुटओवर ब्रिज का ही इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रेलवे का स्पष्ट संदेश है कि यात्रियों की सुरक्षा और राजस्व व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अनियमितताओं पर आगे भी ऐसे विशेष टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ Hamar pradesh CG