बिलासपुर पुलिस की अवैध कबाड़ियों पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: चकरभाठा क्षेत्र में 5 दुकान संचालक गिरफ्तार, भेजे गए कोर्ट
बिलासपुर पुलिस की अवैध कबाड़ियों पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: च...
More Stories
बस्तर में गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 42 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर मनोज भट्ट करपावंड थाना क्षेत्र में घर के अंदर और बाड़ी में गड्ढा खोदकर छिपाकर रखा था गांजा, 21 लाख रुपये बताई गई कीमत बस्तर, 31 अगस्त 2026। बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में करपावंड थाना पुलिस ने ग्राम छतौड़ी में दबिश देकर करीब 42 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखने के आरोप में 25 वर्षीय लालू प्रसाद बघेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है। आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा एक पुराना टच स्क्रीन मोबाइल और 1,200 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं। मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह थाना करपावंड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छतौड़ी निवासी लालू प्रसाद बघेल पिता नरहरि बघेल अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से अवैध गांजा छिपाकर रखा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानपुरी प्रवीण भारती के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम छतौड़ी पहुंचकर आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को घर-आंगन की बाड़ी में गड्ढा बनाकर जमीन के अंदर प्लास्टिक ड्रम में गांजा छिपाकर रखने की जानकारी मिली। इसके अलावा घर के अंदर एक सफेद बोरी में भी गांजा रखा हुआ था। 42 किलो गांजा समेत अन्य सामान जब्त पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में करीब 42 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 21 लाख रुपये, एक टच स्क्रीन मोबाइल और 1,200 रुपये नगद विधिवत जब्त किए। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले में आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(ख), ii(e) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका कार्रवाई में निरीक्षक दिलबाग सिंह, सहायक उप निरीक्षक सुखनाथ दीवान, प्रधान आरक्षक रामनाथ भारती एवं संजीव सिंह, आरक्षक निरंजन महानंदी, कैलास भास्कर, डूमर बघेल, श्याम लाल कश्यप, पोलाद कश्यप तथा म.आरक्षक चम्यंती सामाचार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
बिलासपुर पुलिस का अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ा प्रहार: सिरगिट्टी क्षेत्र से 10 कबाड़ दुकान संचालक गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
बिलासपुर पुलिस का अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ा प्रहार: सिरगिट्टी क्षेत्र से 10 कबाड़ दुकान संचालक गिरफ्तार, न्यायालय में पेश सिरगिट्टी / बिलासपुर: औद्योगिक व रिहायशी इलाकों में अवैध गतिविधियों और चोरी के सामानों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने अवैध कबाड़ियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत थाना क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ की दुकान चलाने वाले 10 संचालकों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया गया। थाने तलब कर की गई पड़ताल, 10 संचालकों पर एक्शन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) और प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सिरगिट्टी, तिफरा, गणेश नगर और चुचुहियापारा समेत विभिन्न इलाकों में संचालित कबाड़ दुकानों की सघन जांच की। बिना अनुमति व अवैध रूप से दुकान चला रहे 10 प्रमुख संचालकों को थाने तलब कर पूछताछ की गई और उनके खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में आए कबाड़ दुकान संचालक: * शेख तौसीफ (29 वर्ष) – गणेश नगर, चुचुहियापारा, सिरगिट्टी * सैय्यद प्रिंस (35 वर्ष) – गणेश नगर, चुचुहियापारा, सिरगिट्टी * अमित कश्यप (34 वर्ष) – गणेश नगर, चुचुहियापारा, सिरगिट्टी * साहिल खान (25 वर्ष) – भारत चौक, तालापारा, सिविल लाइन * अनूप डेविड (31 वर्ष) – विद्युत नगर, तिफरा, सिरगिट्टी * राजू चौहान (42 वर्ष) – बन्नाकडीह, सिरगिट्टी * दीपेश कुमार साहू (20 वर्ष) – यदुनंदन नगर, तिफरा, सिरगिट्टी * अफजल हुसैन (44 वर्ष) – बन्नाकडीह, सिरगिट्टी * मोहम्मद फिरोज (42 वर्ष) – मसानगंज, सिटी कोतवाली * मोहम्मद इमरान खान (41 वर्ष) – तालापारा, सिविल लाइन अवैध कारोबारियों को पुलिस की दो टूक चेतावनी सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में बिना वैधानिक अनुमति के कबाड़ कारोबार चलाने और संदिग्ध सामान खरीदने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। असामाजिक गतिविधियों और चोरी की रोकथाम के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
बिलासपुर पुलिस का आधी रात ‘ऑपरेशन क्लीन’: सिरगिट्टी में ताबड़तोड़ छापेमारी, 6 हथियारबंद बदमाश और 1 फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर पुलिस का आधी रात ‘ऑपरेशन क्लीन’: सिरगिट्टी में ताबड़तोड़ छापेमारी, 6 हथियारबंद बदमाश और 1 फरार आरोपी गिरफ्तार सिरगिट्टी / बिलासपुर: अपराधियों और चाकूबाजी की घटनाओं पर नकेल कसने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने आधी रात को संवेदनशील इलाकों में अचानक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 6 बदमाशों को धारदार हथियारों के साथ दबोचा, वहीं गंभीर चोट पहुंचाने के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार कर सभी को जेल भेज दिया। संवेदनशील इलाकों की घेराबंदी, 50 संदिग्धों की हुई तलाशी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) और प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी आकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस बल ने गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा जैसे संवेदनशील व नशाखोरी वाले इलाकों को चारों तरफ से घेर लिया। अभियान के दौरान सड़क पर घूम रहे 40 से 50 संदिग्धों और निगरानीशुदा बदमाशों की बारीकी से तलाशी ली गई। तलवार व 5 चाकू बरामद, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई तलाशी के दौरान 6 युवकों के पास से 1 धारदार तलवार और 5 खतरनाक चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल सभी को हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपी: * विकास सिंह (32 वर्ष), निवासी कंचन विहार, सिरगिट्टी * प्रमोद कुर्मी (26 वर्ष), निवासी नयापारा, बिजली ऑफिस के पास * अनिकेत नेताम (24 वर्ष), निवासी गोंडवाना चौक, नयापारा * लक्की नेताम (22 वर्ष), निवासी गोंडवाना चौक, नयापारा * राम नायक (18 वर्ष), निवासी दामाद मोहल्ला, सिलपहरी * रोहित तांडी (34 वर्ष), निवासी महिमानगर, सिरगिट्टी फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे सर्चिंग के दौरान पुलिस ने मारपीट व गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रोहित धुरी (36 वर्ष, निवासी बन्नाकडीह) को भी घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों और खुलेआम हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
मकान में चल रहा था जुए का फड़, पुलिस ने मारी दबिश; 12 जुआरी गिरफ्तार, ₹3.16 लाख नकद और 12 मोबाइल जब्त
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में एक मकान में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 12 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 16 हजार रुपये नकद, करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन और ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। सूचना पर पुलिस और ACCU ने की संयुक्त कार्रवाई पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 34, कैंप स्थित एक मकान में अवैध रूप से जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम और ACCU की टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही मकान में हड़कंप मच गया। मौके पर 12 लोग जुआ खेलते हुए मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। लाखों की नकदी और मोबाइल जब्त तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹3,16,000 नकद, जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही ताश की पत्तियां और करीब ₹2 लाख कीमत के 12 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने जुए से संबंधित सामग्री को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत छावनी थाना में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ये 12 आरोपी गिरफ्तार पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी. शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेम प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह शामिल हैं। अवैध गतिविधियों पर पुलिस की नजर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अवैध जुआ गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नेहरू नगर चौक हत्याकांड का मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया गिरफ्तार, सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार दुर्ग भिलाई। नेहरू नगर चौक पर युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालिका के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इलाज के दौरान हुई थी घायल युवक की मौत पुलिस के अनुसार, थाना सुपेला क्षेत्र के नेहरू नगर चौक पर आपसी विवाद के दौरान शिवकुमार सिंह (29 वर्ष), निवासी कैंप-01, सुभाष चौक, वैशाली नगर पर हमला किया गया था। हमले में शिवकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया फरार चल रहा था। फरार मुख्य आरोपी भी गिरफ्तार लगातार तलाश के बाद पुलिस ने विशाल निषाद उर्फ छाया (21 वर्ष), निवासी रुआबांधा चाचा चौक, भिलाई को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पूरी हो गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालिका के संबंध में भी नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है। दुर्ग पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
राहगीर को रोककर चाकू-डंडे से पीटा, मोबाइल और नकदी लूटी
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार गोबरा नवापारा पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 4 अपचारी बालक भी वारदात में शामिल रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा के पास शनिवार देर रात राहगीर को रोककर मारपीट और लूट की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने युवक का रास्ता रोककर गाली-गलौज की और चाकू, डंडे तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसके तूफान वाहन में तोड़फोड़ की और मोबाइल फोन व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। धमतरी जाते समय रोका रास्ता पुलिस के मुताबिक ग्राम चिल्हाती, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर निवासी रोहित कुमार यादव (40) 29 अगस्त की रात अपने तूफान वाहन क्रमांक CG 04 QR 4710 से धमतरी जा रहे थे। रात करीब 1 बजे ग्राम कुर्रा, गोबरा नवापारा के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वाहन में तोड़फोड़ की गई, जिससे करीब 16 हजार रुपये का नुकसान बताया गया है। आरोपियों ने रोहित का मोबाइल फोन और नकदी रकम भी लूट ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने 30 अगस्त को गोबरा नवापारा थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में बीएनएस की धारा 126(2), 296, 115(2), 118(1), 351(2), 310(2), 324(4) और 111 के तहत कार्रवाई की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में: - सागर साहू (22) — वार्ड नंबर 1, गोबरा बस्ती - चंदन यादव (19) — वार्ड नंबर 21, शीतलापारा नवापारा - टीकम साहू (19) — वार्ड नंबर 14, तर्री - मुकेश नगराची (19) — शीतलापारा नवापारा - घनश्याम निषाद (19) — खेलीपारा नवापारा शामिल हैं। 4 अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड में किया जा रहा पेश पुलिस के अनुसार वारदात में चार विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं। सभी को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड, माना के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू और डंडे तथा लूटे गए मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पतासाजी की जा रही है।
ट्रेन के AC कोच के यात्री भी रहें सावधान! रायपुर आ रही छात्रा की सोने की चेन चोरी, 29 दिनों में दर्ज हुईं चोरी की 14 वारदातें
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार रायपुर। राजधानी रायपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। चोर अब केवल जनरल और स्लीपर कोच ही नहीं, बल्कि AC कोचों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला दुर्ग सुपरफास्ट एक्सप्रेस का है, जिसमें AC-2 कोच में सफर कर रही एक छात्रा का बैग चोरी हो गया। बैग में करीब 15 ग्राम सोने की चेन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य सामान रखा था। जानकारी के मुताबिक, नई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करने वाली प्रीति चौहान शुक्रवार को दुर्ग सुपरफास्ट एक्सप्रेस के A-1 कोच की सीट नंबर-1 से रायपुर आ रही थीं। सफर के दौरान उन्होंने अपनी सोने की चेन बैग में रख दी थी। रात में जब वह गहरी नींद में थीं, तभी अज्ञात चोर उनका बैग लेकर फरार हो गया। भाटापारा स्टेशन के पास आंख खुलने पर छात्रा को बैग चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत की। पीड़िता की शिकायत पर रायपुर जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 29 दिनों में ट्रेनों में चोरी के 14 मामले रायपुर जीआरपी के मुताबिक, ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल, सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। पिछले 29 दिनों में ट्रेनों के भीतर चोरी की 14 वारदातें सामने आई हैं। इन मामलों में जीआरपी ने जीरो एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के लिए भेजा है। वहीं, मोबाइल चोरी या गुम होने की 41 शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों पर शिकंजा कसने की तैयारी मामले को लेकर आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट रमन कुमार ने बताया कि ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को रोकने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही रेल एसपी के साथ संयुक्त टीम गठित कर ट्रेनों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने की दिशा में काम किया जाएगा। ट्रेनों में चोरी की प्रमुख घटनाएं केस-1: भीड़ का फायदा उठाकर मंगलसूत्र चोरी राजधानी निवासी ममता सिन्हा 26 अगस्त को समता एक्सप्रेस के जनरल कोच से डोंगरगढ़ जा रही थीं। ट्रेन में चढ़ते समय काफी भीड़ और धक्का-मुक्की थी। कोच में बैठने के कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि उनका मंगलसूत्र गायब है। आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी चोर ने मंगलसूत्र पार कर दिया। केस-2: गहरी नींद का फायदा उठाकर चांदी का ब्रेसलेट चोरी जितेंद्र कुमार 14 अगस्त को शिवनाथ एक्सप्रेस के S-1 कोच से रायपुर आ रहे थे। नागपुर तक उनके हाथ में चांदी का ब्रेसलेट था। रात में सोने के बाद जब रायपुर पहुंचकर उनकी नींद खुली, तो ब्रेसलेट गायब मिला। आसपास तलाश करने के बावजूद जब उसका पता नहीं चला, तो उन्होंने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। यात्रियों के लिए जरूरी सावधानी रेल यात्रा के दौरान यात्रियों को अपने मोबाइल, पर्स, आभूषण और जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रखना चाहिए। रात में सोते समय कीमती सामान को बैग में रखकर सीट से बांधकर या अपने पास सुरक्षित रखना बेहतर है। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति पर सामान की जिम्मेदारी छोड़ने से बचना चाहिए।
धरे गए शातिर चोर: कुकदूर पुलिस ने चोरी के दो मामलों का किया खुलासा, ₹2.50 लाख का माल बरामद
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक कथित शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। सूने मकानों को बनाता था निशाना पुलिस के मुताबिक, कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम ढपरापानी और छींदीडीह में बैगा परिवारों के सूने मकानों से चांदी के जेवरात चोरी होने की शिकायत मिली थी। दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे चोरी किए गए चांदी के जेवरात बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। मोटरसाइकिल से करता था रेकी पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी होंडा साइन मोटरसाइकिल से वनांचल क्षेत्रों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करता था। ग्रामीणों के खेती-किसानी के काम से घर से बाहर जाने के बाद वह उनके सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करता था। चांदी के जेवरात और मोटरसाइकिल बरामद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चांदी का लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी के रुपये सहित अन्य चांदी के जेवरात बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये है। दोनों मामलों में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए आरोपी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित पटेल और एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के मार्गदर्शन में की गई। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा सहित कुकदूर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घर की सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील कबीरधाम पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह बंद कर मजबूत ताला लगाएं। घर में रखे कीमती जेवरात और अन्य सामान को सुरक्षित स्थान पर रखें। पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि घर लंबे समय तक बंद रखना हो तो आसपास के भरोसेमंद लोगों और पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, 10 धारदार हथियारों के साथ 5 पकड़े गए
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार दुर्ग। अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों की लगातार जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत मोहननगर थाना पुलिस ने 29 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान धारदार हथियार लेकर घूम रहे पांच लोगों को पकड़ा। इनमें तीन बालिग आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 10 धारदार हथियार बरामद किए हैं। संदिग्ध अवस्था में घूमते मिले पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से धारदार हथियार बरामद हुए। तीन बालिग और दो नाबालिग पकड़े गए पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान जितेंद्र मरकाम (24), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा; शैलेश देशमुख (22), निवासी गया नगर दुर्ग और जय देशमुख (21), निवासी बजरंग नगर कंदरा पारा के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक हैं। नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई पुलिस ने धारदार हथियार रखने के मामले में सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। बरामद किए गए सभी 10 धारदार हथियार जब्त कर लिए गए हैं। दुर्ग पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई का उद्देश्य अपराध होने से पहले ही ऐसे तत्वों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर रोक लगाना है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, संदिग्ध गतिविधि या किसी व्यक्ति के हथियार लेकर घूमने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
मारपीट में युवक का हाथ फ्रैक्चर, तीन आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई; जेल भेजे गए आरोपी
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार पंडरिया। शराब दुकान के पास स्थित एक दुकान में सामान खरीदने को लेकर हुए विवाद में युवक से गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में पंडरिया पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। मारपीट में युवक के हाथ में फ्रैक्चर होने की बात चिकित्सकीय जांच में सामने आई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया है। सामान खरीदने को लेकर हुआ विवाद पुलिस के अनुसार, थाना पंडरिया क्षेत्र में शराब दुकान के पास स्थित दुकान में सामान खरीदने को लेकर साजन सतनामी, लोकेश जांगड़े और पप्पू दाहिरे उर्फ ओंकार का प्रार्थी संतोष पारधी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान तीनों ने संतोष के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 174/2026 दर्ज किया गया। मेडिकल जांच में हाथ में फ्रैक्चर पुलिस ने मामले में धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान कराई गई चिकित्सकीय जांच में मारपीट के कारण प्रार्थी के हाथ में फ्रैक्चर होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीनों आरोपियों के विरुद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल दाखिल कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा के नेतृत्व में थाना पंडरिया पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एक हजार के ऑनलाइन लोन के जाल में फंसी युवती, एडिटेड अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल
*🔳 जगदलपुर ब्रेकिंग -* *जगदलपुर:* बस्तर जिले में ऑनलाइन लोन ऐप के जाल में फंसकर एक युवती ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जो हर स्मार्टफोन यूजर के लिए चेतावनी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय पीड़िता ने कुछ समय पहले एक ऑनलाइन मोबाइल ऐप के जरिए महज *1,000 रुपये* का लोन लिया था। समय पर रकम वापस नहीं होने पर साइबर ठगों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि अज्ञात आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से युवती को कॉल और मैसेज कर उसकी *एडिटेड अश्लील तस्वीरें* भेज रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि अगर तुरंत पैसा नहीं चुकाया तो ये तस्वीरें उसके रिश्तेदारों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल कर दी जाएंगी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ *भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और IT एक्ट की धारा 66 व 67* के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर टीम संदिग्ध नंबरों को ट्रेस करने में जुट गई है। *पुलिस की अपील:* बस्तर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्ले स्टोर या अनधिकृत स्रोतों से बिना जांच-परख के फर्जी लोन ऐप्स डाउनलोड न करें। ये ऐप्स आपके मोबाइल का डेटा और फोटो चुराकर ब्लैकमेलिंग का जरिया बनते हैं। हमर प्रदेश स्टेट रिपोर्टर मनोज भट्ट
दुर्ग ब्रेकिंग: चंडी मंदिर रोड पर विवाद के बाद युवक की धारदार हथियार से हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार गाली-गलौज को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, सीने-पेट और जांघों पर किए गए वार; घटना के चंद घंटों में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा दुर्ग। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सारथी मोहल्ला, चंडी मंदिर रोड में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दो आरोपियों ने युवक देव चौधरी उर्फ धन्ना पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीने, पेट और जांघों पर गंभीर चोट पुलिस के अनुसार, हमले में देव चौधरी के सीने, पेट और दोनों पैरों की जांघों पर धारदार हथियार से गंभीर चोटें आई थीं। परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के चंद घंटों में मुख्य आरोपी गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर मुख्य आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया। विधि से संघर्षरत बालक की भी सामने आई संलिप्तता पुलिस पूछताछ के दौरान घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो धारदार हथियार भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है तथा विवाद के कारणों और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की जांच जारी है।