जन्माष्टमी से पहले सिरगिट्टी पुलिस का एक्शन: मस्जिद के पास चाकू लहराकर राहगीरों को धमका रहा था 'जस्टिन', पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल
जन्माष्टमी से पहले सिरगिट्टी पुलिस का एक्शन: मस्जिद के पास चà¤...
More Stories
त्यौहारों से पहले सीपत पुलिस का तगड़ा एक्शन: धारदार तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले 3 गुंडा बदमाश दबोचे, 4 फरार वारंटी भी पहुंचे जेल
त्यौहारों से पहले सीपत पुलिस का तगड़ा एक्शन: धारदार तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले 3 गुंडा बदमाश दबोचे, 4 फरार वारंटी भी पहुंचे जेल बिलासपुर (सीपत)। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीपत पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस ने इलाके में खुलेआम धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले 3 निगरानी बदमाशों को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही लंबे समय से चकमा दे रहे 4 स्थाई वारंटियों को भी घेराबंदी कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया। तलवार लहराकर दहशत फैला रहे थे बदमाश बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों को आदतन अपराधियों व वारंटियों पर नकेल कसने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में सीपत पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के कुछ आदतन गुंडा तत्व सार्वजनिक जगहों पर धारदार तलवार लहराते हुए ग्रामीणों को डरा-धमका रहे हैं। पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार आरोपी: * सोहन वर्मा (33 वर्ष), निवासी बाजारपारा, सीपत * अमलेश उर्फ छोटू साहू (29 वर्ष), निवासी मडई * राजकुमार केंवट (29 वर्ष), निवासी कौड़िया लंबे समय से फरार 4 स्थाई वारंटी भी धरे गए इसके अलावा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए न्यायालय से जारी स्थाई वारंटों की तामीली के लिए विशेष टीम रवाना की और विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे चार वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया: * जेठूराम वागले (72 वर्ष), निवासी जांजी * मुन्ना लाल (65 वर्ष), निवासी पंधी * महेंद्र केंवट (28 वर्ष), निवासी सेलर * नील कमल सूर्यवंशी (46 वर्ष), निवासी सेलर गिरफ्तार किए गए सभी सातों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असामाजिक और उपद्रवी तत्वों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि त्यौहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोई हिम्मत न कर सके। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
बिलासपुर में ACCU और सरकंडा पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में सुलझी चोरी की गुत्थी, नाबालिग निकला शातिर चोर; दो गाड़ियां और मोबाइल बरामद
बिलासपुर में ACCU और सरकंडा पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में सुलझी चोरी की गुत्थी, नाबालिग निकला शातिर चोर; दो गाड़ियां और मोबाइल बरामद बिलासपुर। शहर में दोपहिया वाहनों और मोबाइल चोरी की वारदातों पर लगाम कसते हुए सरकंडा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को अपने संरक्षण में लिया है। पकड़े गए अपचारी बालक की निशानदेही पर चोरी की एक पल्सर बाइक, एक प्लेजर स्कूटी और एक सैमसंग मोबाइल बरामद किया गया है। रात में घर के बाहर से पार हुई थी पल्सर बाइक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को प्रार्थी सलीम मिरी (30 वर्ष) ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 31 अगस्त की रात उनके कमरे के बाहर खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल (CG 10 BM 1677) अज्ञात चोर ले उड़े थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1242/2026, धारा 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। तार डायरेक्ट कर चुराता था गाड़ियां एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश, एएसपी (शहर) पंकज पटेल और सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस व ACCU ने जांच का दायरा बढ़ाया। मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक बालक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। घेराबंदी कर जब उसे संरक्षण में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने वाइजर का तार डायरेक्ट कर बाइक चुराने का जुर्म कबूल कर लिया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी बालक ने अन्य इलाकों में की गई चोरियों का भी पर्दाफाश किया: * खपरगंज (कोतवाली क्षेत्र): जवाली नाला रोड से चोरी की गई प्लेजर स्कूटी (CG 04 MX 7653)। * साइंस कॉलेज के पास: एक मकान से पार किया गया काले रंग का सैमसंग मोबाइल। छिपाकर रखी थी गाड़ियां, किशोर न्याय बोर्ड में पेश नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने सीपत रोड स्थित ज्योति होटल के पीछे पानी टंकी के पास छिपाकर रखी गई दोनों गाड़ियां और उसकी जेब से सैमसंग मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपी के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
बिलासपुर में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, आरपीएफ कॉलोनी में सिर पर भारी वस्तु से किया हमला
बिलासपुर में चौकीदार की बेरहमी से हत्या, आरपीएफ कॉलोनी में सिर पर भारी वस्तु से किया हमला बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित आरपीएफ कॉलोनी में चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात आरोपी ने गोदाम की सुरक्षा में तैनात चौकीदार के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। चौकीदार का शव मिलने की सूचना के बाद आरपीएफ कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और तोरवा थाना पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। रेलवे निर्माण सामग्री के गोदाम में करता था चौकीदारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरपीएफ कॉलोनी में रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से जुड़ी सामग्री रखने के लिए एक गोदाम बनाया गया है। मृतक इसी गोदाम की सुरक्षा और वहां रखे सामान की निगरानी करता था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने चौकीदार पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावर ने किसी भारी वस्तु का इस्तेमाल किया होगा। हालांकि हत्या में प्रयुक्त वस्तु को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर गोदाम और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस हत्या के आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने आरपीएफ कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय गोदाम के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे। फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपी तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम और डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से संभावित साक्ष्य और आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। वहीं डॉग स्क्वायड की सहायता से आरोपी के भागने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान भी चलाया। हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस पुलिस अब मृतक की दिनचर्या और उससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि चौकीदार का किसी व्यक्ति से कोई विवाद था या फिर हत्या के पीछे चोरी अथवा कोई अन्य आपराधिक उद्देश्य था। गोदाम में रखी सामग्री का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के दौरान वहां से कोई सामान गायब तो नहीं हुआ है। फिलहाल हत्या का कारण और आरोपी की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा हो सकेगा। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
दुर्ग में अजीब मामला: किराये पर ली अर्टिगा, फर्जी आधार-पैन और DL के सहारे बेचने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार दुर्ग। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के सहारे सेल्फ ड्राइव के लिए अर्टिगा कार किराये पर ली और बाद में उसे बेचने की कोशिश करने लगा। मामले का खुलासा होने के बाद खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने वाहन किराये पर लेते समय अपनी पहचान राजकुमार सुरेश विश्वकर्मा के रूप में बताई थी। दस्तावेजों की जांच और पूछताछ के दौरान उसकी असली पहचान शुभम अनिल रामटेके, निवासी जरीपटका, नागपुर के रूप में सामने आई। सेल्फ ड्राइव के लिए ली थी अर्टिगा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक करमसेन नयापारा, नांदघाट निवासी हिमांशु वैष्णव दुर्ग के सिंधी कॉलोनी रोड पर मां भवानी सेल्फ ड्राइव एंड ट्रैवल्स का संचालन करते हैं। यहां ग्राहकों को किराये पर सेल्फ ड्राइव वाहन उपलब्ध कराया जाता है। आरोपी ने इसी ट्रैवल्स से अर्टिगा वाहन किराये पर लिया था। वाहन लेने के लिए उसने फर्जी पहचान संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर किराये पर लिए गए वाहन को ही बेचने की कोशिश शुरू कर दी। फर्जी दस्तावेजों से खुला मामला वाहन मालिक को जब अर्टिगा को बेचने की कोशिश किए जाने की जानकारी मिली, तो मामले की शिकायत खुर्सीपार थाने में की गई। पुलिस ने दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की, जिसमें आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर वाहन हासिल किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना एवं फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की। खुर्सीपार पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इस तरह की वारदात पहले भी की है या नहीं तथा उसके साथ इस अपराध में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
घर में छाप रहे थे 500-200 के नकली नोट, Zomato डिलीवरी बॉय और Rapido ड्राइवर समेत 3 गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार YouTube-Instagram वीडियो देखकर सीखा नकली नोट बनाने का तरीका, 1,124 नकली नोट और प्रिंटर-स्कैनर बरामद हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पुलिस ने नकली नोट छापने के एक कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में Zomato डिलीवरी बॉय, Rapido ड्राइवर और ऑटो चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों घर में ही 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट तैयार कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नकली नोट बनाने का तरीका किसी बड़े गिरोह से नहीं, बल्कि YouTube और Instagram पर वीडियो देखकर सीखा था। इसके बाद प्रिंटर, स्कैनर, कागज और अन्य सामग्री जुटाकर घर में नकली नोट तैयार किए जाने लगे। 1,124 नकली नोट बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1,124 नकली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल अंकित कीमत करीब 2 लाख 91 हजार 100 रुपये बताई गई है। बरामद नोटों में 500, 200 और 100 रुपये के नोट शामिल हैं। पुलिस ने नकली नोटों के अलावा कलर प्रिंटर, स्कैनर, लैमिनेटर, पेपर कटर, रंगीन तरल पदार्थ, कागज के बंडल, गांधीजी की तस्वीरें, वॉटरमार्क पेपर और पैकिंग सामग्री भी जब्त की है। आरोपियों के मोबाइल फोन और बाइक भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। Zomato डिलीवरी बॉय, Rapido ड्राइवर और ऑटो चालक गिरफ्तार पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामावत रामू उर्फ मोहम्मद (36), रामावत मोतीलाल (35) और रामावत गांधी (19) के रूप में हुई है। तीनों तेलंगाना के चिंतल थांडा, वड्डीपटला के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक रामू Zomato डिलीवरी वर्कर, मोतीलाल Rapido ड्राइवर और गांधी ऑटो रिक्शा चालक है। मामले में सुधीर जॉन चेला उर्फ वामशी को कथित सहयोगी बताया गया है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। प्रिंटर-स्कैनर से तैयार करते थे नकली नोट जांच में पुलिस ने दावा किया कि आरोपी असली नोटों की कुछ विशेषताओं की नकल करने का प्रयास कर रहे थे। इसके लिए प्रिंटर और स्कैनर के साथ अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार नकली नोट तैयार करने के बाद उन्हें काटने, लैमिनेट करने और पैक करने के लिए भी अलग-अलग उपकरण इस्तेमाल किए जाते थे। छापेमारी में मिला सामान इस कथित सेटअप की ओर इशारा करता है। रात में बाजार में चलाने की कोशिश पुलिस का दावा है कि आरोपी नकली नोट तैयार करने के बाद उन्हें छोटी-छोटी मात्रा में बाजार में चलाने की कोशिश करते थे। इसके लिए शराब दुकानों और सब्जी बाजारों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार खासतौर पर रात के समय नकली नोट चलाने का प्रयास किया जाता था। आर्थिक परेशानी के बाद चुना गलत रास्ता पुलिस के मुताबिक रामू पारिवारिक परेशानियों के चलते आर्थिक मुश्किलों से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात रिश्तेदार मोतीलाल से हुई। जांचकर्ताओं का दावा है कि दोनों ने पैसे कमाने के लिए नकली नोट बनाने का रास्ता अपनाया। पुलिस के अनुसार मोतीलाल ने इंटरनेट पर नकली नोट तैयार करने से जुड़े वीडियो खंगाले। इसी दौरान Instagram और YouTube पर मिली जानकारी के आधार पर नकली नोट बनाने की तैयारी शुरू की गई। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि ऑनलाइन मिले संपर्क के पीछे कौन व्यक्ति था और क्या इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क भी शामिल है। पूरा सेटअप देखकर पुलिस भी हैरान कार्रवाई के दौरान पुलिस को नकली नोट तैयार करने से जुड़ा पूरा सामान मिला। फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार कथित सहयोगी की तलाश के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपाए गए और इस मामले में इनके साथ और कौन लोग जुड़े हुए हैं।
स्कूटी से आकर ट्रेनों में हाथ साफ करने वाला शातिर दबोचा गया, RPF-GRP ने बरामद किए 3 चोरी के मोबाइल
चक्रधरपुर: स्कूटी से आकर ट्रेनों में हाथ साफ करने वाला शातिर दबोचा गया, RPF-GRP ने बरामद किए 3 चोरी के मोबाइल ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत हुई संयुक्त कार्रवाई; टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के जनरल डिब्बों में यात्रियों को बनाता था निशाना। चक्रधरपुर: ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ करने वाले गिरोह के खिलाफ रेलवे पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत आरपीएफ (टाटा व चक्रधरपुर) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे शातिर मोबाइल चोर को चक्रधरपुर स्टेशन के पास से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी के 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। चाईबासा से स्कूटी पर आकर करता था रेकी गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद निसार (42 वर्ष), निवासी चाईबासा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। वह विशेष रूप से चोरी करने के लिए चाईबासा से स्कूटी पर सवार होकर चक्रधरपुर पहुंचता था और ट्रेन संख्या 18189 (टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस) के जनरल कोच में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों की जेब से मोबाइल पार कर देता था। लंबे समय से थी पुलिस को तलाश चक्रधरपुर क्षेत्र में लगातार मोबाइल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। मामले को गंभीरता से लेते हुए चक्रधरपुर मंडल सुरक्षा आयुक्त और रेल एसपी (जमशेदपुर) के निर्देश पर आरपीएफ एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को स्टेशन परिसर के पास दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ ने विधिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी चक्रधरपुर के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य कड़ियों की पड़ताल कर रही है। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
छत्तीसगढ़ के विधायक* *धर्मजीत सिंह की फर्जी फेसबुक आइडी बनाकर पैसों की मांग*
🇮🇳 *हमर प्रदेश छत्तीसगढ न्यूज* 🇮🇳🎤 *ब्लॉक रिपोर्टर🎤 *संजय कुमार शुक्ला घुटकू* *बिलासपुर छत्तीसगढ* *छत्तीसगढ़ के विधायक* *धर्मजीत सिंह की फर्जी फेसबुक आइडी बनाकर पैसों की मांग* तखतपुर : साइबर अपराध और आनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। साइबर ठग अब आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों और वीआइपी के नाम का भी दुरुपयोग कर ठगी का प्रयास कर रहे हैं। ताजा मामला तखतपुर क्षेत्र का है, जहां विधायक धर्मजीत सिंह के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाई गई है। इस फर्जी आइडी के माध्यम से लोगों को मैसेंजर पर मैसेज भेजकर पैसों की मांग किए जाने की जानकारी सामने आई है। *विधायक के नाम से भेजी जा रही फ्रेंड रिक्वेस्ट* साइबर ठगों ने विधायक धर्मजीत सिंह की तस्वीर और नाम का इस्तेमाल कर हूबहू असली जैसी फेसबुक आइडी तैयार की है। इस आइडी से विधायक के समर्थकों, परिचितों और आम नागरिकों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद मैसेंजर के जरिए किसी आपात स्थिति या जरूरत का हवाला देकर बैंक खाते या यूपीआई के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा जा रहा है। *बिलासपुर एसएसपी से की शिकायत* फर्जी फेसबुक आइडी की जानकारी मिलने के बाद विधायक धर्मजीत सिंह और उनके समर्थकों ने मामले को गंभीरता से लिया। विधायक ने पूरे घटनाक्रम से संबंधित जानकारी और साक्ष्य बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह को उपलब्ध कराए हैं। मामले में साइबर सेल की मदद से फर्जी आइडी को ब्लाक कराने के साथ इसके पीछे शामिल लोगों और गिरोह का पता लगाने की कार्रवाई शुरू की गई है। *विधायक ने कहा- पैसे मांगने वाला संदेश फर्जी* विधायक धर्मजीत सिंह ने आम जनता, क्षेत्रवासियों और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इंटरनेट मीडिया के माध्यम से किसी से पैसे की मांग नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके नाम या फोटो वाली किसी आइडी से यदि पैसों की मांग या कोई संदिग्ध मैसेज प्राप्त होता है तो वह पूरी तरह फर्जी है। ऐसी किसी भी मांग पर ध्यान न दें और न ही कोई वित्तीय लेन-देन करें। उन्होंने लोगों से आनलाइन ठगी के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। *साइबर ठगी से बचने इन बातों का रखें ध्यान* इंटरनेट मीडिया पर किसी जनप्रतिनिधि या परिचित द्वारा अचानक पैसे मांगे जाने पर पहले फोन कर इसकी पुष्टि करें। अनजान या संदिग्ध प्रोफाइल से भेजी गई फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें। किसी भी व्यक्ति को ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या यूपीआई पिन साझा न करें। आनलाइन ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करें या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
बिलासपुर: तोरवा पुलिस का बड़ा एक्शन; सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराते 5 बदमाश गिरफ्तार, 1 फरार चाकूबाज भी चढ़ा हत्थे
बिलासपुर: तोरवा पुलिस का बड़ा एक्शन; सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराते 5 बदमाश गिरफ्तार, 1 फरार चाकूबाज भी चढ़ा हत्थे बिलासपुर। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस ने गुंडे-बदमाशों के खिलाफ धरपकड़ अभियान तेज कर दिया है। सघन संध्या पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 5 आदतन बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं एक पुराने मामले में फरार चल रहे मुख्य चाकूबाज को भी धर दबोचा गया। पुलिस ने कुल 6 आरोपियों के कब्जे से 6 नग धारदार हथियार बरामद किए हैं। आम जगहों पर हथियार लहराते पकड़े गए 5 आरोपी त्योहारों से पहले असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने निकली तोरवा पुलिस टीम ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर हथियार लेकर घूम रहे 5 बदमाशों को दबोचा। इनके खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक अपराध दर्ज किए गए हैं: * निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री (24 वर्ष), निवासी अटल आवास, देवरीखुर्द * घनश्याम मिश्रा (40 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द * रविशंकर पाल (22 वर्ष), निवासी लालखदान ओवरब्रिज के पास * सरोज यादव (37 वर्ष), निवासी लालखदान * दीपक बघेल उर्फ शिब्बू (23 वर्ष), निवासी गणेश नगर, सिरगिट्टी फरार चाकूबाज सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू भी गिरफ्तार इसके अलावा तोरवा थाना क्षेत्र में पूर्व में घटित चाकूबाजी की एक गंभीर घटना में वांछित फरार आरोपी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू साहू (निवासी नयापारा, सिरगिट्टी) को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 469/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं (296, 351(3), 115(2), 181/1, 3(5)) सहित 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा और यह धरपकड़ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
बिलासपुर: बिल्हा में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तलवार और फरसा लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आदतन बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजा
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ बिलासपुर: बिल्हा में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत तलवार और फरसा लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आदतन बदमाश गिरफ्तार, जेल भेजा बिलासपुर। बिलासपुर जिले में अवैध हथियार लेकर आम जनता में खौफ पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बिल्हा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर तलवार और फरसा लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले दो आदतन बदमाशों को रंगे हाथों धर दबोचा। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।सार्वजनिक जगहों पर फैला रहे थे दहशतपुलिस को 2 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि शनिचरी बाजार बिल्हा में एक युवक हाथ में तलवार लेकर लोगों को धमका रहा है, वहीं वार्ड क्रमांक 03 के पास दूसरा युवक फरसा लेकर राहगीरों में खौफ पैदा कर रहा है। सूचना मिलते ही सिविल टीम ने दोनों स्थानों पर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। जब्त हथियार और गिरफ्तार आरोपीआयुष मिश्रा (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 बिल्हा — इसके कब्जे से लोहे की तलवार जब्त की गई (अपराध क्रमांक: 453/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट)।संजू यादव (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 बिल्हा — इसके कब्जे से लोहे का फरसा बरामद किया गया (अपराध क्रमांक: 454/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट)।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों आरोपी आदतन बदमाश हैं और पूर्व में भी कई गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाईएसएसपी रजनेश सिंह (भापुसे) के कड़े निर्देश, एएसपी मधुलिका सिंह और सीएसपी (चकरभाठा) राजेश जोशी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रोशनी ध्रुव, प्रधान आरक्षक अनिल बंजारे, आरक्षक संतोष मरकाम एवं अर्जुन जांगड़े ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
बिलासपुर: त्योहारों से पहले तारबाहर पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू लहराते पुराना बदमाश 'विशु' गिरफ्तार; 7 उपद्रवियों पर भी नकेल
बिलासपुर: त्योहारों से पहले तारबाहर पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू लहराते पुराना बदमाश 'विशु' गिरफ्तार; 7 उपद्रवियों पर भी नकेल बिलासपुर। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है। इसी कड़ी में तारबाहर थाना पुलिस ने गिरजा चौक पर घेराबंदी कर एक युवक को अवैध धारदार चाकू के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश और एएसपी (शहर) पंकज कुमार पटेल व सीएसपी गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन में शहर भर में सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि गिरजा चौक के पास एक युवक स्टील का धारदार चाकू कमर में खोंसकर संदिग्ध रूप से घूम रहा है। सूचना पर तत्काल हरकत में आई तारबाहर पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी में युवक की पहचान नयापारा सिरगिट्टी निवासी विशाल देवांगन उर्फ विशु (27 वर्ष) के रूप में हुई। उसकी कमर से 01 नग स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 315/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। 7 असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में खलल डालने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र के 7 अन्य संदिग्ध व असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया है। कार्रवाई में शामिल टीम इस त्वरित कार्रवाई में सउनि उदयभान सिंह, पीएसआई गौतम शुक्ला, आरक्षक महेंद्र सोनकर, राजेश श्रीवास, नूरुल कादिर, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेंदले एवं राहुल राजपूत की सक्रिय भूमिका रही। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
🚨 शिक्षक से एरियर्स राशि दिलाने के नाम पर 10 हजार की कथित रिश्वत, कोंटा BEO चंद्र कुमार यारदा गिरफ्तार
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कोंटा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में दबिश देकर एसीबी की टीम ने बीईओ चंद्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। 💰 एरियर्स राशि तैयार करने के एवज में पैसे मांगने का आरोप प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोंटा बीईओ कार्यालय में पदस्थ अधिकारी पर शिक्षकों की एरियर्स राशि तैयार करने के एवज में कथित रूप से रिश्वत मांगने का आरोप था। इस संबंध में एक शिकायत एसीबी तक पहुंची थी। शिकायत की जांच और प्रारंभिक सत्यापन के बाद ब्यूरो ने कार्रवाई की योजना बनाई। 📍 कार्यालय में पहुंची ACB की टीम बुधवार को एसीबी की टीम कोंटा स्थित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंची। कार्रवाई के दौरान बीईओ को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद टीम ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों से भी पूछताछ कर मामले से संबंधित जानकारी जुटाई। 📑 दस्तावेज और रिकॉर्ड की जांच जारी कार्रवाई के बाद एसीबी टीम ने बीईओ कार्यालय में मौजूद दस्तावेज, रिकॉर्ड और एरियर्स राशि से संबंधित कागजात खंगालने शुरू कर दिए हैं। टीम लेनदेन और एरियर्स राशि तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। एसीबी की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को लेकर शिक्षा विभाग में चर्चा का माहौल है।
बिलासपुर में पुश्तैनी जमीन के रिकॉर्ड पर उठे गंभीर सवाल! एक पिता के तीन बेटे… राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज सिर्फ दो, तीसरे वारिस का नाम आखिर गया कहां?
बिलासपुर में पुश्तैनी जमीन के रिकॉर्ड पर उठे गंभीर सवाल! एक पिता के तीन बेटे… राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज सिर्फ दो, तीसरे वारिस का नाम आखिर गया कहां? बिलासपुर/रतनपुर | 01 सितंबर 2026 बिलासपुर जिले के रतनपुर राजस्व मंडल से पुश्तैनी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे रिकॉर्ड की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला पटवारी हल्का नंबर-12, खसरा नंबर 770/2 से जुड़ा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक जमीन के मूल वारिसों को लेकर रिकॉर्ड में ऐसी स्थिति सामने आई है, जिसमें एक ही पिता के तीन पुत्र होने के बावजूद राजस्व दस्तावेजों में सिर्फ दो पुत्रों के नाम दर्ज दिखाई दे रहे हैं। तीसरे पुत्र का नाम रिकॉर्ड से गायब है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है— आखिर तीसरे वारिस का नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज क्यों नहीं हुआ? न्यायालय की कार्रवाई से मामला गरमाया मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है। इसी मामले में न्यायालय की ओर से संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है। नोटिस जिन लोगों को जारी किए जाने की जानकारी है, उनमें— 1. मोहम्मद खान के छोटे पुत्र अशरफ खां 2. अहमद खान के पुत्र शेर खान 3. अहमद खान के पुत्र पीर खान 4. अहमद खान की पत्नी सुभान बी सभी के निवासी वार्ड क्रमांक 3, महामाया पारा बताए गए हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित पक्ष न्यायालय के समक्ष रिकॉर्ड में तीसरे वारिस का नाम नहीं होने को लेकर क्या जवाब देते हैं। तीन वारिस, लेकिन कागजों में दो ही नाम! मामले का सबसे अहम पहलू यही है कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार संबंधित भूमि पुश्तैनी बताई जा रही है। यदि वास्तव में एक पिता के तीन पुत्र थे, तो फिर राजस्व रिकॉर्ड में दो पुत्रों के नाम ही क्यों दर्ज हुए? क्या नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में कोई चूक हुई? क्या पूरी जानकारी राजस्व विभाग के समक्ष नहीं रखी गई? या फिर रिकॉर्ड तैयार करते समय किसी वारिस का नाम छूट गया? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। पटवारी रिपोर्ट में कब्जे को लेकर भी बड़ा सवाल मामले को और गंभीर बनाने वाली बात पटवारी की जांच रिपोर्ट से जुड़ी है। जांच प्रतिवेदन में वर्तमान में उक्त भूमि पर फिरत राम पटेल, निवासी कोरबा भंवर, वार्ड नंबर 1 का कब्जा होने का उल्लेख बताया गया है। यानी मामले में एक तरफ राजस्व रिकॉर्ड में दो वारिसों के नाम, दूसरी तरफ तीसरे वारिस का नाम गायब, और जांच रिपोर्ट में किसी अन्य व्यक्ति के कब्जे का उल्लेख—इन तमाम परिस्थितियों ने पूरे मामले को सवालों के घेरे में ला दिया है। अब कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग मामले में जल्द ही बिलासपुर कलेक्टर के समक्ष शिकायत कर खसरा नंबर 770/2 से जुड़े पुराने और वर्तमान राजस्व रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग किए जाने की बात सामने आ रही है। शिकायत में यह भी मांग उठ सकती है कि भूमि के पुराने रिकॉर्ड, नामांतरण, वारिसान, पटवारी प्रतिवेदन और वर्तमान कब्जे से जुड़े दस्तावेजों की क्रमवार जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए। सबसे बड़ा सवाल—रिकॉर्ड में गायब वारिस का सच क्या है? यह पूरा मामला अब सिर्फ एक जमीन के रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रह गया है। तीन पुत्रों में से एक का नाम राजस्व रिकॉर्ड में क्यों नहीं है? रिकॉर्ड किस आधार पर तैयार हुआ? जमीन पर वर्तमान कब्जा किस आधार पर है? और क्या राजस्व रिकॉर्ड में हुई कथित विसंगति के पीछे कोई लापरवाही या अनियमितता हुई? इन सवालों के जवाब न्यायालयीन प्रक्रिया और निष्पक्ष राजस्व जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल खसरा नंबर 770/2 का यह मामला रतनपुर के राजस्व रिकॉर्ड की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी