Wednesday, November 25 2026
ताज़ा ख़बरें

अपराध

Latest अपराध news, analysis, and in-depth coverage

🔥 Top Story

नंबर प्लेट पर टेप, पन्नी और मैग्नेट लगाकर चालान से बचने वालों पर बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 724 वाहनों पर कार्रवाई, ₹7.24 लाख का जुर्माना; कई पर दर्ज हुआ क्रिमिनल केस

बिलासपुर: शहर की सड़कों पर ई-चालान और सीसीटीवी कैमरों से बचनà¥...

State Head • Sep 21, 2026

More Stories

धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: SBI कियोस्क संचालक पर 1 करोड़ से ज्यादा के गबन का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार   धमतरी। धमतरी पुलिस ने बैंकिंग लेन-देन से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए SBI ग्राहक सेवा केंद्र के कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक न्यासभंग के जरिए 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये के गबन का आरोप है। क्या है पूरा मामला? पुलिस के मुताबिक NICT Technologies Pvt. Ltd. के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर ने भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। संस्था SBI के अनुबंध के तहत कियोस्क संचालन का कार्य करती है। ग्राम कोरा में कियोस्क संचालन के लिए केशव राम साहू को नियुक्त किया गया था। शिकायत के अनुसार आरोपी ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच खाताधारकों के बैंकिंग लेन-देन से संबंधित कथित धोखाधड़ी, कूटरचना एवं आपराधिक न्यासभंग करते हुए कुल ₹1,00,75,717 का गबन किया। शिकायत के आधार पर भखारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 338 एवं 336(3) BNS के तहत जांच शुरू की। कियोस्क से लैपटॉप और FD बॉन्ड जब्त पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क से: - 01 Lenovo लैपटॉप - 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड पेपर जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी केशव राम साहू (40 वर्ष), पिता हेमलाल साहू, मूल निवासी देवकोट, थाना गुरूर, जिला बालोद तथा वर्तमान निवासी बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, रायपुर को 21 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय कुरूद में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने खाताधारकों से की अपील धमतरी पुलिस ने बैंक ग्राहकों से अपील की है कि वे अपने बैंक लेन-देन, पासबुक, FD और अन्य बैंकिंग दस्तावेजों की नियमित जांच करते रहें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अनधिकृत लेन-देन सामने आने पर तत्काल संबंधित बैंक और पुलिस को सूचना दें। नोट: गबन और धोखाधड़ी से जुड़े आरोप पुलिस के अनुसार हैं; मामले में अंतिम दोषसिद्धि न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगी।

Sep 21, 2026 Read

त्योहारी सीजन में जगदलपुर में सनसनी, नया बस स्टैंड के पास युवक की हत्या

मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़  हमर प्रदेश सीजी   त्योहारी सीजन में जगदलपुर में सनसनी, नया बस स्टैंड के पास युवक की हत्या जगदलपुर।शहर में त्योहार की चहल-पहल के बीच नया बस स्टैंड क्षेत्र में हुई एक वारदात से हड़कंप मच गया है। शांतिनगर में रहने वाले कैलाश गुप्ता उर्फ मोनू की मौत हो गई है। परिजनों के मुताबिक वह पेशे से बाइक मैकेनिक था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद के बाद कुछ लोगों ने पहले उसके साथ हाथापाई की और फिर उसे घसीटते हुए शराब भट्ठी के पास ले गए, जहाँ धारदार हथियार से हमला हुआ। त्योहार के चलते नया बस स्टैंड में दिनभर भीड़ रहती है, ऐसे में बीच बाजार ऐसी घटना से लोगों में दहशत है। लोग सवाल कर रहे हैं कि जब व्यस्ततम इलाके में ही सुरक्षा नहीं है तो पुलिस की पेट्रोलिंग कहाँ है? फिलहाल बोधघाट पुलिस ने मार्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर हर एंगल से जांच की जा रही है। ⭕नोट: मृतक की फोटो सोशल मीडिया से ली गई है   

Sep 21, 2026 Read

नौकरी-सरकारी मकान का सपना दिखाकर 9.08 लाख ऐंठे! धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को दबोचा..

✍️जयकिशन साहू.. हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज  धमतरी। सरकारी नौकरी और शासकीय आवास दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रार्थी से अलग-अलग माध्यमों से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये लिए थे। मामले में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा है।   खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताकर बनाया भरोसा पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के भानपुरी निवासी मनीष साहू (27 वर्ष) की फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से मुलाकात हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताया और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन में आवास दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने प्रार्थी को विश्वास में लेने के लिए उसे मंत्रालय यानी महानदी भवन भी ले गए। इसके बाद पारिजात भवन की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताते हुए आवंटन कराने के नाम पर रकम की मांग की गई।   अलग-अलग माध्यमों से लिए 9 लाख 8 हजार रुपये शिकायत के मुताबिक, प्रार्थी ने आरोपियों को बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के माध्यम से किश्तों में कुल 9 लाख 8 हजार रुपये दिए। इसके अलावा आरोपियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए। बाद में जब प्रार्थी को कथित ठगी का पता चला और उसने रकम वापस मांगी, तो उसे 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए गए। शेष रकम वापस नहीं किए जाने पर प्रार्थी ने पुलिस से शिकायत की।   शिकायत मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच मामले में थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 185/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई। धमतरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद दोनों को 20 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।   गिरफ्तार आरोपी शशि प्रभा साहू (50 वर्ष) — निवासी नगरी, जिला धमतरी, वर्तमान पता रायपुर। अमित कुमार देवांगन (38 वर्ष) — निवासी पारागांव, गोबरा नवापारा, जिला रायपुर। पुलिस की आम नागरिकों से अपील धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी, मकान अथवा शासकीय योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अनाधिकृत व्यक्ति को पैसे न दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और लेन-देन से पहले संबंधित विभाग से सत्यापन जरूर करें।

Sep 21, 2026 Read

दुर्ग के जामुल में शराब पार्टी के दौरान हत्या, मामा-भांजा हिरासत में

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार कहासुनी के बाद 40 वर्षीय पुरन भारती के सिर पर ईंट-पत्थर से किया हमला, मौके पर मौत दुर्ग/भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-22 स्थित कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। कहासुनी के बाद 40 वर्षीय पुरन भारती के सिर पर ईंट-पत्थर से कथित तौर पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद पुलिस के अनुसार घटना के समय कमरे में मामा मनीष बघेल और उसका भांजा राज जोशी शराब पी रहे थे। इसी दौरान उतई खोपली निवासी पुरन भारती भी वहां पहुंचा और तीनों साथ बैठकर शराब पीने लगे। शराब पीने के दौरान पुरन भारती और राज जोशी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान राज जोशी ने पुरन भारती के सिर पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पुरन भारती खून से लथपथ होकर कमरे में गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। मामा ने दी पुलिस को सूचना घटना की सूचना आरोपी के मामा मनीष बघेल ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जामुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर मौजूद मामा-भांजे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के अनुसार, "शराब पीने के लिए तीन लोग बैठे थे। दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। किन परिस्थितियों में यह घटना हुई है, इसकी जांच की जा रही है।" पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कचांदूर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस हत्या की वास्तविक वजह, घटना के क्रम और दोनों हिरासत में लिए गए संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Sep 21, 2026 Read

🔴 नाबालिग बालिकाओं से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रिपोर्टर अमित कुमार दोहरे हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ रायपुर  ⏱️ घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार ⚖️ आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया जेल 📜 धारा 65(2), 137(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज 🔹 मामले का संक्षिप्त विवरण दिनांक 17.09.2026 को प्रार्थिया द्वारा थाना गुण्डरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नातिन एवं उसकी सहेली, दोनों नाबालिग बालिकाओं को आरोपी ललित ठाकुर द्वारा बहला-फुसलाकर ₹50/- देने तथा किसी को घटना के संबंध में नहीं बताने की बात कहकर अपने साथ ले जाया गया। आरोपी दोनों बालिकाओं को साइकिल के कैरियर पर बैठाकर गमछे से बांधते हुए सुनसान स्थान की ओर ले गया तथा उनके साथ दुष्कर्म किया।   प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना गुण्डरदेही में आरोपी के विरुद्ध धारा 65(2), 137(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। 👮‍♂️ 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुण्डरदेही श्रीमती श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण तथा निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, थाना प्रभारी गुण्डरदेही के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की पतासाजी शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ललित ठाकुर पिता स्व. लक्ष्मण सिंह ठाकुर, उम्र 36 वर्ष को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। 👮‍♀️ इनकी रही विशेष भूमिका उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, उनि. मनीष शेण्डे, PSI सृष्टि ध्रुव, धनेश्वर कंवर, आरक्षक यशवंत देशमुख, आरक्षक पंकज तारम एवं महिला आरक्षक कमलेश्वरी साहू की विशेष भूमिका रही।

Sep 21, 2026 Read

भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर वायर चोरी: फरार 2 आरोपी गिरफ्तार, पहले 2 आरोपियों से 160 किलो वायर बरामद

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार   भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र में कॉपर वायर चोरी के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर और एक स्मार्टफोन सहित कुल करीब 47 हजार रुपये की सामग्री बरामद की थी। पुलिस के मुताबिक, 12 अगस्त की रात भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12, कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी से कॉपर वायर चोरी किए जाने की घटना सामने आई थी। शिकायत के बाद भिलाई भट्ठी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की सामग्री बरामद की। आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान निखिल कुमार साहू और किशन ठाकुर के रूप में हुई। फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने 20 सितंबर को ग्राम जोरातराई क्षेत्र में दबिश देकर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान घटना में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। दीवार फांदकर प्लांट परिसर में घुसने का आरोप पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर दीवार फांदकर भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश किया और कॉपर वायर सहित अन्य सामग्री चोरी करने का प्रयास किया था। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है।

Sep 20, 2026 Read

मोहन नगर में नंबर प्लेट घोटाला: बिना नंबर की गाड़ी बेचकर दूसरे वाहन का नंबर लगाया, 2 आरोपी गिरफ्तार

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार दुर्ग। मोहन नगर पुलिस ने बिना पंजीयन नंबर वाली गाड़ी की खरीद-बिक्री और दूसरे वाहन के नंबर का दुरुपयोग करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने पहले गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई। थाना मोहन नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 600/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी विजय सेन को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपियों द्वारा बिना पंजीयन नंबर वाली गाड़ी की बिक्री की गई और उसे सड़क पर चलाने के लिए किसी अन्य वाहन का नंबर प्लेट लगा दिया गया। इसके चलते जिस वाहन के नंबर का इस्तेमाल किया गया, उसके वास्तविक मालिक को लगातार ट्रैफिक चालान और टोल संबंधी मैसेज प्राप्त हो रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस की पतासाजी के बाद रोहित कुमार कंकरिया (51), निवासी सिंधिया नगर, दुर्ग और अनूप रावलानी (55), निवासी नेहरू नगर, भिलाई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 336(3), 340(2), 345(3), 347(1) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की अपील पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन खरीदते या बेचते समय रजिस्ट्रेशन नंबर, आरसी और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन जरूर करें। बिना दस्तावेज या संदिग्ध नंबर वाले वाहन की खरीद-बिक्री से कानूनी परेशानी हो सकती है।

Sep 20, 2026 Read

ओडिशा से MP जा रहा था लाखों का गांजा, CG में पुलिस को देख तस्करों ने कार में लगाई आग; 2 गिरफ्तार, एक फरार

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार   महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के शहडोल जा रहे थे। पुलिस की नाकेबंदी देखकर आरोपियों ने कार मोड़कर भागने की कोशिश की और पकड़े जाने के डर से कार में रखे गांजे की बोरियों में आग लगा दी। नाकेबंदी देखकर कार मोड़कर भागे अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की सूचना पर बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में नाकेबंदी की थी। इसी दौरान काले रंग की वैगनआर कार को पुलिस ने देखा। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़ दिया और विपरीत दिशा में तेज गति से भागने लगा। पुलिस और एएनटीएफ टीम ने कार का पीछा किया। ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर चालक ने कार रोक दी। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने और कथित तौर पर सबूत मिटाने के लिए कार में रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और जंगल की ओर भागने लगे। दो आरोपी गिरफ्तार, एक जंगल में फरार पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कार का सामने का शीशा तोड़कर अंदर लगी आग बुझाई। कार की डिक्की की तलाशी लेने पर तीन अधजली प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं। इनमें कुल 28.465 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 23 हजार 250 रुपये बताई गई है। शहडोल ले जा रहे थे गांजा पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदा था और अपने साथी शिवा सिंह के साथ इसे मध्यप्रदेश के शहडोल ले जा रहे थे। रास्ते में पुलिस की नाकेबंदी देखकर उन्होंने कार वापस मोड़ी और पकड़े जाने के डर से गांजे समेत कार में आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट एवं BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी 1. सुलभ सिंह परिहार, पिता भारत सिंह परिहार, उम्र 29 वर्ष, निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना (म.प्र.) 2. सागर कुशवाहा, पिता मोतीलाल कुशवाहा, उम्र 25 वर्ष, निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना (म.प्र.) फरार आरोपी शिवा सिंह, निवासी शहडोल, मध्यप्रदेश। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब फरार आरोपी की तलाश के साथ गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क और ओडिशा से मध्यप्रदेश तक इसके कनेक्शन की जांच की जा रही है।

Sep 20, 2026 Read

खुर्सीपार में हेरोइन रैकेट का भंडाफोड़, 70 ग्राम हेरोइन के साथ महिला समेत 3 गिरफ्तार, 29 लाख का माल जब्त

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार   भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खुर्सीपार क्षेत्र में हेरोइन बिक्री के कथित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने जोन-3 जीरो स्ट्रीट स्थित एक मकान में दबिश देकर 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद की। मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोन-3 क्षेत्र में अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक महिला आरोपी भागने का प्रयास करने लगी, जिसे टीम ने पकड़ लिया। 29.22 लाख रुपये का सामान जब्त पुलिस द्वारा मकान की तलाशी लेने पर 70.460 ग्राम हेरोइन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14.09 लाख रुपये बताई गई है, बरामद हुई। इसके अलावा हेरोइन बिक्री से प्राप्त 2.35 लाख रुपये नकद, करीब 71.35 ग्राम सोने के 19 आभूषण, चांदी के आभूषण एवं बर्तन, 8 मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 29.22 लाख रुपये है। तीन आरोपी गिरफ्तार मामले में पुलिस ने जसबीर कौर उर्फ सोनू (25 वर्ष), नितेश सोनी (32 वर्ष) और तिरकेश निषाद (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(ख) एवं 27A के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले में हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।

Sep 20, 2026 Read

मवेशियों की अवैध तस्करी पर गौरेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 भैंस-भैंसा बरामद, 5 आरोपी हिरासत में

✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ गौरेला पेंड्रा मरवाही रिपोर्टर अवास कैवर्त मो. नं. :- 6268614646   गौरेला पुलिस ने मवेशियों को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से आठ भैंस-भैंसा बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से दो पिकअप वाहन और चार मोबाइल फोन समेत करीब 12 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। यह पूरी कार्रवाई पकरिया के फार्मटोला मेनरोड पर की गई। पुलिस के अनुसार प्रशिक्षु उपनिरीक्षक आकाश बघेल देहात पेट्रोलिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खोंगसरा लमनी डबरी की ओर से दो सफेद पिकअप वाहनों में मवेशियों को भरकर अमरकंटक-करंजिया होते हुए जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पकरिया फार्म हाउस के पास घेराबंदी कर वाहनों का इंतजार शुरू किया। कुछ देर बाद खोंगसरा की ओर से आ रहे दोनों पिकअप वाहनों को पुलिस ने रोककर जांच की। एक वाहन में राजकुमार कौशिक और प्रदीप चौधरी, जबकि दूसरे वाहन में मुकेश यादव, जगदीश चौधरी और शंकरलाल सवार मिले। दोनों वाहनों में चार-चार भैंस-भैंसा रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे। पुलिस के मुताबिक मवेशी अत्यधिक तकलीफ की स्थिति में छटपटा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन उनके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को ग्राम खोंगसरा लमनी डबरी क्षेत्र से लाना और मेढ़ाखार करंजिया में एक व्यक्ति के पास ले जाना बताया। पुलिस ने आठ मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये, दोनों पिकअप वाहनों की कीमत करीब 10 लाख रुपये और चार मोबाइल फोन की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई है। इस तरह कुल 12 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।     

Sep 20, 2026 Read

धमतरी में हेरोइन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 21.51 ग्राम चिट्टा के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

✍️जयकिशन साहू... हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज  धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद पुलिस ने 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त हेरोइन समेत कुल 3.65 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुरूद के मेघा रोड स्थित इन्वेन्चर स्कूल तिराहा के पास कुछ युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में 21.51 ग्राम हेरोइन बरामद पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली, जिसमें 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके अलावा 8 हजार रुपये नगद, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में— घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा, उम्र 24 वर्ष, निवासी कलार पारा, कुरूद। ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ, उम्र 24 वर्ष, निवासी नयापारा, धमतरी। सूरज रजक, उम्र 29 वर्ष, निवासी नयापारा, धमतरी। NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई कुरूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज करते हुए धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

Sep 20, 2026 Read

🚨 बड़ी खबर | धौराभाठा में खूनी विवाद से सनसनी

✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज ब्लॉक रिपोर्टर राहुल सारथी  सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। ग्राम पंचायत धौराभाठा में बीती रात चाचा-भतीजे के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। इस घटना में चैवन लाल चौहान की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।   मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 10 से 11 बजे के बीच चैवन लाल चौहान और उनके भतीजे सुबे लाल चौहान उर्फ हुर्रा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद और लड़ाई हो चुकी थी।   लेकिन इस बार विवाद ने बेहद गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान सुबे लाल चौहान उर्फ हुर्रा ने अपने चाचा चैवन लाल चौहान पर हमला कर दिया, जिसमें चैवन लाल चौहान की जान चली गई।   घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जैसे ही वारदात की सूचना पुलिस को मिली, सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।   वहीं घटना के बाद से आरोपी सुबे लाल चौहान उर्फ हुर्रा फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ विवाद की असली वजह और वारदात की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।   सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि चाचा-भतीजे के बीच का विवाद जानलेवा हमला बन गया? क्या पहले से चले आ रहे विवाद ने इस वारदात की नींव रखी थी? घटना के समय वास्तव में क्या हुआ? और हमला किन परिस्थितियों में किया गया?   इन तमाम सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।   फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।   धौराभाठा में हुई इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि मामूली विवाद भी कब गंभीर रूप ले ले, कहा नहीं जा सकता। बीती रात का विवाद एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसकी गूंज अब पूरे इलाके में सुनाई दे रही है।   फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।  

Sep 20, 2026 Read